टाटा स्टील की मेगा डील पर सेबी की नजर, आखिर क्यों चिंता में हैं छोटे शेयरधारक?

टाटा स्टील और एपीएल अपोलो ट्यूब्स के बीच 28,000 करोड़ रुपये की प्रस्तावित डील अब सेबी की नजर में है। छोटे शेयरधारकों की चिंताओं के बीच सेबी चेयरमैन ने भी इस मामले पर अहम बयान दिया है। आखिर इस बड़ी कारोबारी डील में कहां फंसा है पेंच और क्यों उठ रहे हैं सवाल?

Advertisement

In Short

  • टाटा स्टील और एपीएल अपोलो की 28,000 करोड़ रुपये की डील पर सेबी की नजर।
  • एपीएल अपोलो में 26 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के ओपन ऑफर की डेडलाइन बढ़कर 8 दिसंबर हुई।
  • छोटे शेयरधारकों ने डील की पारदर्शिता और कर्ज के संभावित बोझ को लेकर जताई चिंता।

By Shraddha Shukla:

टाटा स्टील और एपीएल अपोलो ट्यूब्स के बीच प्रस्तावित डील को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। इस डील के स्ट्रक्चर, पारदर्शिता और छोटे शेयरधारकों के हितों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। अब भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड  भी इस मामले पर नजर बनाए हुए है। सेबी चेयरमैन के बयान के बाद डील की जांच और निवेशकों के हितों की सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

सेबी चेयरमैन ने क्या कहा?

CNBC आवाज के मार्केट महाकुंभ समिट में सेबी चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने कहा कि यह पता लगाना जरूरी है कि दोनों कंपनियों के बीच प्रस्तावित डील रिलेटेड पार्टी ट्रांजैक्शन (RPT) के नियमों के दायरे में आती है या नहीं। उन्होंने कहा कि कॉरपोरेट गवर्नेंस से जुड़े नियमों में किसी भी तरह की गड़बड़ी की जांच की जाएगी। छोटे शेयरधारकों के हितों की सुरक्षा करना भी जरूरी है।

APL Apollo के अधिकारियों को बुलाया

मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, सेबी ने 27 नवंबर को एपीएल अपोलो ट्यूब्स के वरिष्ठ अधिकारियों को डील का स्ट्रक्चर समझाने के लिए बुलाया था। रेगुलेटर यह जांच कर रहा है कि कहीं इस डील में रिलेटेड पार्टी ट्रांजैक्शन के नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ है। मामले में टाटा स्टील के अधिकारियों को भी बुलाया जा सकता है।

ओपन ऑफर की डेडलाइन बढ़ी

एपीएल अपोलो ने शुक्रवार को स्टॉक एक्सचेंजों को बताया कि सेबी ने कंपनी में 26 फीसदी तक हिस्सेदारी खरीदने के लिए टाटा स्टील के ओपन ऑफर की डेडलाइन 1 दिसंबर से बढ़ाकर 8 दिसंबर कर दी है। टाटा स्टील के अनुरोध पर ओपन ऑफर की मैनेजर कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी को 27 नवंबर को इसकी मंजूरी मिली। ओपन ऑफर के तहत 7.28 करोड़ तक इक्विटी शेयर खरीदे जाएंगे, जिनकी फेस वैल्यू 2 रुपये प्रति शेयर है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

क्या है 28,000 करोड़ रुपये की डील?

22 नवंबर को टाटा स्टील ने अपने ट्यूब्स बिजनेस और टाटा स्टील कलर्स में अपनी पूरी हिस्सेदारी एपीएल अपोलो ट्यूब्स को 28,000 करोड़ रुपये तक में बेचने की मंजूरी दी थी। इस डील का मकसद अपने डाउनस्ट्रीम बिजनेस की वैल्यू बढ़ाना और कारोबारी ऑपरेशंस को बेहतर बनाना है।

डील पर क्यों उठ रहे सवाल?

प्रॉक्सी एडवाइजरी फर्म इनगवर्न रिसर्च सर्विसेज ने डील की विस्तृत जांच की मांग की है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, फर्म ने स्वतंत्र डायरेक्टर्स से डील के स्ट्रक्चर के साथ इसके पीछे जुड़े आर्थिक हितों की भी जांच करने को कहा है। इसके अलावा डील की वैल्यू का स्वतंत्र आकलन, पूरी जानकारी सार्वजनिक करने, संबंधित ट्रांजैक्शंस पर शेयरधारकों की मंजूरी और फंडिंग के तरीके को स्पष्ट करने की सिफारिश की है।

टाटा स्टील के CEO ने क्या कहा?

टाटा स्टील के एमडी और सीईओ टीवी नरेंद्रन ने CNBC-TV18 से बातचीत में कहा कि कंपनी एपीएल अपोलो के छोटे शेयरधारकों की चिंताओं, खासकर कर्ज के संभावित बोझ को दूर करने के विकल्प तलाश रही है। एपीएल अपोलो ने डील टालने या रद्द करने का कोई संकेत नहीं दिया है। दोनों कंपनियों का मैनेजमेंट ऐसा समाधान तलाश रहा है, जिससे निवेशकों के हित सुरक्षित रहें और एपीएल अपोलो की कारोबारी स्वतंत्रता और अलग लिस्टेड कंपनी का दर्जा भी बरकरार रहे।

Read more!
Advertisement