लग्जरी घड़ियों के बाद अब करोड़ों के घर! Jacob & Co की पंजाब में एंट्री, Salman Khan के नाम से बनेंगे टावर
लग्जरी घड़ियों और ज्वेलरी के लिए मशहूर अंतरराष्ट्रीय ब्रांड Jacob & Co अब पंजाब के रियल एस्टेट बाजार में उतर गया है। कंपनी मोहाली में करीब ₹2,500 करोड़ का लग्जरी हाउसिंग प्रोजेक्ट तैयार करेगी, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान का नाम भी जुड़ा है। आखिर कहां बनेंगे ये आलीशान घर, कितने टावर होंगे और इस प्रोजेक्ट की क्या खासियत है? जानिए पूरी डिटेल।

In Short
- मोहाली में ₹2,500 करोड़ की लागत से लग्जरी हाउसिंग प्रोजेक्ट बनेगा।
- पांच टावरों में से दो Salman Khan Residences के नाम से होंगे।
- Jacob & Co और GB Realty मिलकर 9 एकड़ जमीन पर प्रोजेक्ट बनाएंगे।
पंजाब के मोहाली में करीब ₹2,500 करोड़ की लागत से एक लग्जरी हाउसिंग प्रोजेक्ट तैयार होने जा रहा है। दुनिया की मशहूर लग्जरी घड़ी और ज्वेलरी कंपनी Jacob & Co ने भारतीय रियल एस्टेट बाजार में कदम रखा है। इस प्रोजेक्ट की खास बात यह है कि इसमें बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के नाम से भी लग्जरी रेजिडेंस बनाए जाएंगे।
पंजाब के मोहाली में अब अंतरराष्ट्रीय ब्रांड वाले लग्जरी घर देखने को मिलेंगे। Jacob & Co ने स्थानीय रियल एस्टेट डेवलपर GB Realty के साथ मिलकर एयरपोर्ट रोड पर एक हाई-एंड रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट की घोषणा की है। इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पंजाब का पहला ब्रांडेड रेजिडेंस प्रोजेक्ट होगा।
सलमान खान के नाम से बनेंगे दो टावर
इस प्रोजेक्ट में कुल पांच रेजिडेंशियल टावर बनाने की योजना है। इनमें से दो टावर Salman Khan Residences के नाम से होंगे, जबकि बाकी तीन Jacob & Co ब्रांड के तहत तैयार किए जाएंगे।
पूरे प्रोजेक्ट की डिजाइनिंग Jacob & Co करेगी। सलमान खान लॉन्च कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए, लेकिन उन्होंने वीडियो मैसेज भेजा। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सलमान खान ने इस प्रोजेक्ट में खुद निवेश किया है या उनकी हिस्सेदारी है।
₹2,500 करोड़ का प्रोजेक्ट, कहां बनेंगे घर?
यह प्रोजेक्ट मोहाली के एयरपोर्ट रोड पर करीब 9 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, यह जमीन स्थानीय अथॉरिटी की नीलामी में लगभग ₹550 करोड़ में खरीदी गई थी।
GB Realty इस प्रोजेक्ट पर करीब ₹2,400 से ₹2,500 करोड़ खर्च करने की योजना बना रही है। इसमें जमीन, निर्माण और अन्य विकास कार्यों की लागत शामिल होगी।
कंपनी का लक्ष्य चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के उन खरीदारों को आकर्षित करना है, जो प्रीमियम सुविधाओं वाले लग्जरी घर खरीदना चाहते हैं।
₹10,000 करोड़ के निवेश की तैयारी
GB Realty अगले तीन वर्षों में उत्तर भारत के लग्जरी हाउसिंग सेक्टर में ₹5,000 करोड़ से ज्यादा निवेश करने की योजना बना रही है।
वहीं, अगले पांच वर्षों में कंपनी का कुल निवेश करीब ₹10,000 करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इसमें लगभग ₹3,500 करोड़ लग्जरी और अल्ट्रा-लग्जरी घरों पर खर्च किए जा सकते हैं।
कब शुरू होगी बुकिंग और कितनी होगी कीमत?
फिलहाल कंपनियों ने फ्लैट की कीमत, साइज, बुकिंग शुरू होने की तारीख और कब्जा मिलने की समयसीमा का खुलासा नहीं किया है।
इस प्रोजेक्ट के जरिए मुंबई, दिल्ली-NCR और बेंगलुरु जैसे महानगरों के बाद अब मोहाली में भी अंतरराष्ट्रीय ब्रांड से जुड़े लग्जरी घरों का नया विकल्प सामने आने वाला है।