सरकार ने ₹12 लाख तक की कमाई टैक्स-फ्री की, कंपनियों ने कर्मचारियों को क्या दिया?’ पीएम ने कॉरपोरेट जगत से पूछा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने FICCI की सालाना बैठक में कॉरपोरेट जगत से तीखे सवाल पूछे। उन्होंने 12 लाख रुपये तक की आय पर इनकम टैक्स राहत का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या कंपनियों ने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई या नई नौकरियां दीं?

Advertisement

By Gaurav Kumar:

PM Modi FICCI AGM 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली के भारत मंडपम में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) की सालाना आम बैठक को संबोधित करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में उद्योगपतियों की चुटकी ली।

पीएम ने 12 लाख रुपये तक की सालाना आय पर इनकम टैक्स राहत का जिक्र करते हुए कंपनियों से पूछा कि क्या उन्होंने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई या नए लोगों को नौकरी दी? 

क्या आपने एम्प्लॉयी की तनख्वाह बढ़ाई?

पीएम मोदी ने कहा, "आज भारत में 12 लाख रुपये तक की कमाई पर कोई टैक्स नहीं है। मुझे मालूम है, ताली नहीं बजाओगे। अच्छी तरह जानता हूं। क्योंकि आपकी भूख इतनी है, कितना ही खिलाओ, पेट भरता नहीं है।"

पीएम ने आगे कहा, "मैंने तो 12 लाख इनकम टैक्स माफ कर दिया। क्या आपने अपने यहां एम्प्लॉयी की तनख्वाह बढ़ाई क्या? क्या आपने अपने यहां एम्प्लॉयी की संख्या बढ़ाई क्या? नहीं।"

उनकी इस टिप्पणी का केंद्र कर्मचारियों की सैलरी और रोजगार के अवसर थे। प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत के सामने यह सवाल रखा कि टैक्स राहत और आर्थिक नीतियों से मिलने वाले फायदों के बीच कंपनियों की ओर से वेतन बढ़ाने और नई नौकरियां देने के लिए क्या प्रयास किए जा रहे हैं।

टैक्स में राहत के बाद सैलरी बढ़ाने पर सवाल

प्रधानमंत्री की टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब कर्मचारियों की आय और उनकी खरीदने की क्षमता को लेकर भी चर्चा हो रही है। सरकार की ओर से इनकम टैक्स में राहत मिलने से पात्र टैक्सपेयर्स की बचत बढ़ सकती है। वहीं, कंपनियों की तरफ से वेतन बढ़ाने पर कर्मचारियों की खर्च करने की क्षमता को अतिरिक्त सहारा मिल सकता है।

हालांकि, इनकम टैक्स में राहत मिलने का मतलब यह नहीं है कि कंपनियों के लिए कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाना अनिवार्य हो जाता है। वेतन बढ़ोतरी का फैसला आमतौर पर कंपनी की आर्थिक स्थिति, कर्मचारियों के प्रदर्शन और कारोबारी जरूरतों पर निर्भर करता है।

Read more!
Advertisement