भारत में 2.5 लाख के पार पहुंचे स्टार्टअप! पीएम मोदी ने बताया कैसे छोटे शहरों से निकल रहे नए आइडिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के स्टार्टअप और डिजिटल सेक्टर की तरक्की को लेकर अहम आंकड़े साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि देश में स्टार्टअप की संख्या 2.5 लाख के पार पहुंच चुकी है और इनमें महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ रही है। जानिए पीएम मोदी ने इनोवेशन और डिजिटल ताकत को लेकर क्या कहा।

Advertisement

In Short

  • पीएम मोदी के मुताबिक, भारत में स्टार्टअप की संख्या 2.5 लाख के पार पहुंची।
  • देश के 45% स्टार्टअप में महिला डायरेक्टर या पार्टनर की भागीदारी।
  • भारत में YouTube और Instagram दोनों के 50 करोड़ से ज्यादा यूजर्स।

By Sonam:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत में स्टार्टअप और डिजिटल टेक्नोलॉजी के तेजी से बढ़ते दायरे पर बात की। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में कुछ सौ स्टार्टअप ही हुआ करते थे, लेकिन अब इनकी संख्या 2.5 लाख से ज्यादा हो चुकी है। खास बात यह है कि करीब आधे स्टार्टअप छोटे शहरों और कस्बों से आ रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि इससे साफ है कि इनोवेशन के मौके अब ज्यादा लोगों तक पहुंच रहे हैं।

स्टार्टअप में महिलाओं की बढ़ रही भागीदारी

पीएम मोदी ने कहा कि भारत में 45% स्टार्टअप ऐसे हैं, जिनमें कम से कम एक महिला डायरेक्टर या पार्टनर है। उनके मुताबिक, यह दिखाता है कि देश में नई प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिल रहा है और इनोवेशन का दायरा लगातार बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी एक आइडिया को प्रोडक्ट और किसी समस्या को समाधान में बदलना अपने आप में एक अहम काबिलियत है। लेकिन जब समाज के ज्यादा लोगों को ऐसा करने का अवसर मिलता है, तो इसका असर कई गुना बढ़ जाता है।

दूसरे देशों के साथ डिजिटल अनुभव साझा कर रहा भारत

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े अपने अनुभव दूसरे देशों के साथ साझा कर रहा है। इसका मकसद है कि दूसरे देश अपनी जरूरतों के हिसाब से डिजिटल सिस्टम विकसित कर सकें।

उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान बनाए गए CoWIN प्लेटफॉर्म का भी उदाहरण दिया। पीएम मोदी ने कहा कि यह ओपन सोर्स प्लेटफॉर्म था। भारत की लगातार कोशिश है कि उसकी तकनीकी क्षमता दूसरे देशों के लिए भी नए अवसर पैदा करे।

टेक्नोलॉजी का फायदा हर किसी तक पहुंचे

पीएम मोदी ने कहा कि आज टेक्नोलॉजी, डेटा, नॉलेज और इनोवेशन सबसे अहम ताकत बन चुके हैं। लेकिन असली सवाल यह है कि इनका फायदा किसे मिल रहा है। क्या टेक्नोलॉजी सिर्फ कुछ लोगों को आगे बढ़ाती है या लाखों लोगों के लिए नए अवसर पैदा करती है?

उन्होंने कहा कि नॉलेज केवल कुछ लोगों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इससे हर व्यक्ति की क्षमता बढ़नी चाहिए। इसी सोच को उन्होंने 'पावर टू एम्पावर' बताया।

भारत में 50 करोड़ से ज्यादा YouTube और Instagram यूजर्स

प्रधानमंत्री ने भारत को लोकतंत्र की जननी बताते हुए कहा कि देश में 100 से ज्यादा भाषाएं, करीब 80,000 रजिस्टर्ड अखबार और पब्लिकेशन्स तथा 1,000 से ज्यादा सैटेलाइट टीवी चैनल हैं।

उन्होंने बताया कि भारत में YouTube और Instagram दोनों के 50 करोड़ से ज्यादा यूजर्स हैं। यहां अलग-अलग मुद्दों पर खुलकर बहस और चर्चा होती है। पीएम मोदी के मुताबिक, इसमें डिजिटल टेक्नोलॉजी की अहम भूमिका है। उन्होंने याद दिलाया कि 12-13 साल पहले मोबाइल और इंटरनेट तक पहुंच होना भी अपने आप में एक ताकत माना जाता था।

Read more!
Advertisement