पीएम मोदी ने कहा था 'एक साल सोना न खरीदें', तब से अब तक कितना सस्ता हुआ गोल्ड?
कभी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा सोना अब लगातार सस्ता हो रहा है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक पुरानी अपील फिर चर्चा में है। उस समय उन्होंने लोगों को सोना खरीदने से बचने की सलाह दी थी। जानिए तब से अब तक कीमतों में कितना बड़ा बदलाव आया है।

In Short
- पीएम मोदी ने लोगों से एक साल तक सोने की खरीदारी टालने की अपील की थी
- घरेलू सर्राफा बाजार में सोना ₹26,469 प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ
- MCX पर सोने की कीमत में ₹40,886 प्रति 10 ग्राम की बड़ी गिरावट आई
सोने की कीमतों में लगातार बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। कभी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा सोना अब तेजी से सस्ता हो रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज से लेकर घरेलू सर्राफा बाजार तक सोने के भाव में भारी गिरावट आई है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक पुरानी अपील फिर चर्चा में आ गई है। उन्होंने लोगों से कहा था कि अगर बहुत जरूरी न हो तो एक साल तक सोना खरीदने से बचें। अब उनकी इस अपील के बाद सोने की कीमतों में आए बदलाव ने सभी का ध्यान खींचा है।
पीएम मोदी ने क्यों की थी सोना न खरीदने की अपील?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मई और सितंबर में लोगों से सोने की खरीदारी टालने की अपील की थी। उस समय सोने और चांदी की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई थीं। सोना करीब 2 लाख रुपये तक पहुंच गया था, जबकि चांदी का भाव 4 लाख रुपये के पार निकल गया था।
पीएम मोदी ने वैश्विक तनाव के बीच देश की विदेशी मुद्रा बचाने पर जोर देते हुए कहा था कि अगर बहुत जरूरी न हो तो लोग एक साल तक सोना न खरीदें।
पीएम मोदी ने फिर याद दिलाई अपनी पुरानी सलाह
शनिवार को लखनऊ में कौशल दीक्षांत समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पुरानी अपील का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि करीब एक साल पहले उन्होंने देशवासियों से सोना न खरीदने की अपील की थी। उस समय कई लोगों ने उनकी बात का मजाक उड़ाया था, लेकिन अब लोग बता रहे हैं कि उनकी सलाह मानने से उनके पैसे बच गए।
घरेलू बाजार में ₹26,469 सस्ता हुआ सोना
इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, 11 मई को 24 कैरेट सोने की कीमत 1,50,362 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
वहीं, बीते शुक्रवार को सोने का भाव घटकर 1,23,893 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। यानी इस दौरान घरेलू बाजार में सोना 26,469 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है।
इसका मतलब है कि जिन लोगों ने उस समय सोना नहीं खरीदा था, उन्हें अब उतनी ही मात्रा में सोना खरीदने के लिए पहले के मुकाबले कम पैसे खर्च करने पड़ेंगे।
MCX पर ₹40,886 की बड़ी गिरावट
वायदा बाजार में सोने की कीमतों में और भी बड़ी गिरावट आई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर 11 मई को सोने का भाव 1,62,835 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
बीते शुक्रवार को एक ही दिन में करीब 5,500 रुपये की गिरावट के बाद सोना 1,21,949 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इस तरह मई से अब तक MCX पर सोने की कीमत 40,886 रुपये प्रति 10 ग्राम घट चुकी है।
व्यापारियों ने पीएम मोदी को कहा धन्यवाद
सोने की कीमतों में आई इस गिरावट के बाद व्यापारियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद कहा है।
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल के मुताबिक, अगर व्यापारियों ने उस समय प्रधानमंत्री की सलाह को नजरअंदाज करके महंगे भाव पर सोना खरीदा होता, तो उन्हें बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता था।
अब सोने की कीमतों में आई भारी गिरावट के बाद प्रधानमंत्री मोदी की पुरानी अपील एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है।