बंपर डिस्काउंट के बावजूद फीकी पड़ी दिवाली! ऑनलाइन सेल्स की ग्रोथ 5 साल में सबसे कम- इस वजह से बिगाड़ा खेल
दिवाली और त्योहारों के दौरान ऑनलाइन शॉपिंग की ग्रोथ पिछले पांच साल में सबसे कम रही। इस बार फेस्टिव सेल्स में सिर्फ 13 से 15 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। स्मार्टफोन और महंगे इलेक्ट्रॉनिक्स की कमजोर मांग ने कंपनियों की उम्मीदों को झटका दिया। जानिए किन कैटेगरी में बढ़ी खरीदारी और क्यों आई सुस्ती।

दिवाली और त्योहारों के दौरान ऑनलाइन शॉपिंग में हर साल जबरदस्त खरीदारी देखने को मिलती है। लेकिन इस बार ई-कॉमर्स कंपनियों की उम्मीदों को झटका लगा है। स्मार्टफोन, लैपटॉप और महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामानों की कमजोर बिक्री से फेस्टिव सेल्स की ग्रोथ पिछले पांच साल में सबसे कम रही। हालांकि, छोटे शहरों, फैशन और क्विक कॉमर्स में खरीदारी बढ़ी है।
फेस्टिव सेल्स में कितनी रही ग्रोथ?
इस बार ऑनलाइन फेस्टिव सेल्स में 13 से 15 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जबकि इंडस्ट्री को 20 से 25 फीसदी ग्रोथ की उम्मीद थी। साल 2025 में फेस्टिव सीजन की ऑनलाइन बिक्री का कुल GMV करीब 1.2 लाख करोड़ रुपये था, जिसमें 25 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी हुई थी।
इस बार बढ़ती लागत और महंगे प्रोडक्ट्स के कारण ग्राहकों ने खर्च करने में सावधानी बरती। कंपनियां भी पहले जैसे बड़े डिस्काउंट नहीं दे सकीं।
स्मार्टफोन और इलेक्ट्रॉनिक्स ने बिगाड़ा गणित
फेस्टिव सेल्स में स्मार्टफोन की हिस्सेदारी पिछले साल के 35.2 फीसदी से घटकर 24 से 25 फीसदी रह गई। स्मार्टफोन, लैपटॉप और बड़े इलेक्ट्रॉनिक सामानों पर डिस्काउंट भी 35 से 40 फीसदी कम रहा। मेमोरी चिप की कमी से फोन की कीमतों पर दबाव बढ़ा। बैंक ऑफर्स और EMI स्कीम भी ग्राहकों को ज्यादा आकर्षित नहीं कर सकीं।
फैशन और ग्रोसरी की बिक्री बढ़ी
महंगे सामानों की सुस्ती के बीच ऑनलाइन ऑर्डर्स 10 से 15 फीसदी बढ़े। ग्रोसरी की बिक्री में करीब 40 फीसदी की तेजी आई। फैशन प्रोडक्ट्स पर औसत डिस्काउंट 34 फीसदी से बढ़कर 46 फीसदी पहुंच गया। हालांकि, इस कैटेगरी में औसत ऑर्डर वैल्यू करीब 1,643 रुपये रही।
छोटे शहरों और क्विक कॉमर्स का जलवा
अमेजन की फेस्टिव सेल में 3.93 अरब विजिट दर्ज हुए। इनमें 70 फीसदी से ज्यादा ग्राहक मेट्रो शहरों के बाहर से आए। छोटे शहरों में मोबाइल, टीवी और अप्लायंसेज की खरीदारी में EMI की हिस्सेदारी करीब 50 फीसदी रही।
वहीं धनतेरस पर Zepto और Swiggy Instamart जैसे प्लेटफॉर्म्स पर हर घंटे 14 हजार से ज्यादा सोने-चांदी के सिक्के बिकने के आंकड़े सामने आए।
क्या आगे महंगे होंगे सामान?
ज्यादा ऑर्डर्स के बावजूद कम कीमत वाले प्रोडक्ट्स की बिक्री से कंपनियों की औसत ऑर्डर वैल्यू पर दबाव पड़ा है। डिलीवरी खर्च, ईंधन की कीमतों और फैशन प्रोडक्ट्स के रिटर्न बढ़ने से लागत भी बढ़ी है। ऐसे में दिसंबर या जनवरी में FMCG और दूसरे कंज्यूमर प्रोडक्ट्स महंगे हो सकते हैं।