Nvidia ने Poolside के साथ की 6 अरब डॉलर की डील अब AI मॉडल्स पर भी बढ़ाया बड़ा दांव
Nvidia चिप्स से आगे बढ़कर अपने AI लक्ष्यों का विस्तार कर रही है. इसके लिए उसने Poolside के साथ 6 अरब डॉलर की डील की है, जिससे उसके 'ओपन-वेट AI' प्रयासों में इंजीनियर और टेक्नोलॉजी शामिल होंगे. इससे कंपनी DeepSeek, OpenAI और Anthropic के साथ मुकाबले में आ जाएगी. यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब मेमोरी की बढ़ती लागत के कारण Nvidia-पावर्ड AI सर्वर की कीमतें भी बढ़ रही हैं.

In Short
- Nvidia ने AI स्टार्टअप Poolside के साथ 6 अरब डॉलर की डील की है
- Poolside के 100 से ज्यादा कर्मचारी Nvidia की Nemotron टीम में शामिल होंगे
- Nvidia Poolside में 12 अरब डॉलर के प्री-मनी वैल्यूएशन पर 1 अरब डॉलर का और निवेश करेगी
Nvidia अब सिर्फ AI चिप बनाने वाली कंपनी तक सीमित नहीं रहना चाहती। कंपनी ने AI स्टार्टअप Poolside के साथ 6 अरब डॉलर की डील की है। इस समझौते से Nvidia को Poolside की टेक्नोलॉजी का एक्सेस मिलेगा और स्टार्टअप के 100 से ज्यादा कर्मचारी भी Nvidia में शामिल होंगे। इनमें ज्यादातर इंजीनियर हैं।
द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक Nvidia Poolside में 12 अरब डॉलर के प्री-मनी वैल्यूएशन पर 1 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश भी करेगी।
Nvidia की Nemotron टीम में जाएंगे इंजीनियर
Poolside के इंजीनियर Nvidia की Nemotron टीम का हिस्सा बनेंगे। यह टीम ओपन-वेट AI मॉडल्स पर काम करती है। ऐसे मॉडल्स को डाउनलोड और मॉडिफाई किया जा सकता है। इससे कंपनियों को OpenAI और Anthropic जैसे क्लोज्ड सिस्टम के मुकाबले ज्यादा फ्लेक्सिबिलिटी मिल सकती है और AI चलाने की लागत भी कम हो सकती है।
DeepSeek के बाद बढ़ी ओपन AI मॉडल्स की रेस
इस डील का समय भी अहम है। 2025 की शुरुआत में DeepSeek ने कम लागत वाला मॉडल लॉन्च किया था। इसके बाद चीनी कंपनियों ने ओपन AI मॉडल्स में तेजी से बढ़त बनाई। Moonshot और Z.AI जैसी कंपनियां भी अमेरिकी कंपनियों को मजबूत टक्कर दे रही हैं।
Nvidia अमेरिका की स्थिति मजबूत करने के लिए पहले ही Mistral Thinking Machines Lab और Perplexity के साथ Nemotron Coalition लॉन्च कर चुकी है। अब Poolside से उसे ज्यादा इंजीनियरिंग टैलेंट और टेक्नोलॉजी मिलेगी।
2023 में शुरू हुआ था Poolside
Poolside की शुरुआत 2023 में Eiso Kant और GitHub के पूर्व CTO Jason Warner ने की थी। कंपनी ने हाल में Laguna S मॉडल लॉन्च किया है। पिछले साल Nvidia-पावर्ड बड़े कंप्यूटिंग क्लस्टर के लिए पर्याप्त फंड नहीं जुटा पाने से उसे झटका लगा था।
Poolside के फाउंडर्स का कहना है कि Nvidia के साथ डील से लंबे समय के काम के लिए जरूरी कंप्यूटिंग रिसोर्स मिल सकेंगे। कंपनी की टॉप लीडरशिप Poolside में ही रहेगी जबकि ज्यादातर इंजीनियर Nvidia में चले जाएंगे।
Nvidia के अपने ग्राहक भी बनेंगे प्रतिद्वंद्वी
इस डील से Nvidia के सामने दिलचस्प स्थिति बन गई है। OpenAI और Anthropic उसके बड़े ग्राहक हैं लेकिन अब Nvidia ऐसे ओपन AI मॉडल्स बनाएगी जो इन कंपनियों की टेक्नोलॉजी को टक्कर दे सकते हैं।
AI हार्डवेयर भी हो रहा महंगा
Bloomberg के मुताबिक Nvidia के कुछ बड़े ग्राहकों को बताया गया है कि अगले साल की शुरुआत में आने वाले AI सर्वर सिस्टम की कीमतें 15% से ज्यादा बढ़ सकती हैं। इनमें Vera Rubin और Grace Blackwell प्लेटफॉर्म वाले सिस्टम शामिल हैं।
इसकी बड़ी वजह मेमोरी चिप की बढ़ती कीमतें हैं। DRAM मार्केट में Samsung SK Hynix और Micron का दबदबा है और AI डेटा सेंटर की मांग ने सप्लाई पर दबाव बढ़ा दिया है। Nvidia 26 अगस्त को तिमाही नतीजे जारी करने वाली है और निवेशकों की नजर बढ़ती इंफ्रास्ट्रक्चर लागत पर भी रहेगी।