₹80 लाख के छोटे फ्लैट पर क्यों छिड़ी बहस? वायरल वीडियो ने उठाए सवाल
नोएडा में करीब ₹80 लाख के छोटे फ्लैट पर बने एक वायरल वीडियो ने प्रॉपर्टी की बढ़ती कीमतों को लेकर नई बहस छेड़ दी है। लोग छोटे होते घरों, महंगी EMI और मिडिल क्लास की पहुंच से बाहर जाती कीमतों पर खुलकर अपनी नाराजगी जता रहे हैं।

In Short
- करीब ₹80 लाख के छोटे फ्लैट पर शख्स ने उठाए सवाल।
- वीडियो वायरल होने के बाद नोएडा की प्रॉपर्टी कीमतों पर बहस तेज।
- लोगों ने महंगी EMI और छोटे फ्लैट्स को लेकर जताई नाराजगी।
Noida Property Prices: नोएडा में रहने वाले ऋषि शांडिल्य का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह एक छोटे फ्लैट की कीमत करीब ₹80 लाख बताए जाने पर हैरानी जताते नजर आते हैं। वह मजाकिया अंदाज में इस फ्लैट को “माचिस की डिब्बी” और “कबूतरखाना” बताते हैं।
उनका वीडियो लोगों के बीच इसलिए चर्चा में आ गया, क्योंकि नोएडा और दिल्ली-NCR में घर खरीदने की बढ़ती कीमतों को लेकर पहले से ही कई लोग परेशान हैं। खासकर युवा नौकरीपेशा लोगों और पहली बार घर खरीदने वालों का कहना है कि छोटे फ्लैट भी अब उनकी पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं।
छोटे फ्लैट की कीमत पर उठाया सवाल
वीडियो में ऋषि छोटे आकार के फ्लैट के लिए मांगी जा रही भारी रकम पर सवाल उठाते हैं। उनका कहना है कि खरीदार सीमित जगह के लिए बहुत ज्यादा कीमत चुका रहे हैं।
उनका मजाकिया लेकिन तीखा अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद आया। कई लोगों ने वीडियो पर कमेंट करके बताया कि वे भी बढ़ती प्रॉपर्टी कीमतों, महंगी EMI और छोटे होते फ्लैट्स की समस्या का सामना कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर तेजी से फैला वीडियो
ऋषि शांडिल्य का यह वीडियो इंस्टाग्राम समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जा रहा है। पोस्ट पर बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी राय दी है।
कई यूजर्स ने माना कि नोएडा ही नहीं, बल्कि दिल्ली-NCR के दूसरे इलाकों में भी साधारण फ्लैट अब बहुत महंगे हो गए हैं। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि नए प्रोजेक्ट्स में जगह कम हो रही है, लेकिन कीमत लगातार बढ़ती जा रही है।
नोएडा में क्यों बढ़ रही हैं घरों की कीमतें
नोएडा के रेजिडेंशियल मार्केट में पिछले कुछ समय से घरों की कीमतों में तेज बढ़ोतरी देखी गई है। इसके पीछे मजबूत मांग, बढ़ता इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी, एक्सप्रेसवे, IT पार्क और कमर्शियल हब की बढ़ती संख्या को वजह माना जा रहा है।
घर खरीदने वालों के साथ निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई सेक्टरों में कीमतें ऊपर गई हैं। साथ ही नए प्रोजेक्ट्स में प्रीमियम हाउसिंग पर ज्यादा जोर होने से सस्ते घरों के विकल्प कम होते जा रहे हैं।
यूजर्स ने क्या कहा
कई लोगों ने वीडियो से सहमति जताई। एक यूजर ने लिखा कि कुछ साल बाद यह जगह माचिस की डिब्बी नहीं, बल्कि कूड़ाघर जैसी लग सकती है। एक दूसरे यूजर ने लिखा, “न फ्लोर अपना, न छत अपनी।” इन कमेंट्स से साफ है कि छोटे फ्लैट और ऊंची कीमतों को लेकर लोगों की नाराजगी लगातार बढ़ रही है।