Tata Group में बदलाव! 16 साल बाद चेयरमैन पद छोड़ेंगे नोएल टाटा, अब कौन संभालेगा कंपनी की जिम्मेदारी?
टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। 16 साल से ज्यादा समय तक चेयरमैन रहे नोएल टाटा अब अपना पद छोड़ रहे हैं। कंपनी ने उनके लिए एक खास भूमिका भी तय की है। आखिर किसे मिलेगी कंपनी की कमान और बोर्ड में क्या बदलाव हुए हैं?

In Short
- नोएल टाटा 11 नवंबर 2026 को टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन के चेयरमैन पद से रिटायर होंगे।
- 16 साल से ज्यादा समय तक चेयरमैन रहे नोएल टाटा को अब चेयरमैन एमेरिटस बनाया जाएगा।
- बहराम वकील 12 नवंबर से नए चेयरमैन बनेंगे, अबिजर दीवानजी की भी बोर्ड में एंट्री होगी।
टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन में लीडरशिप के स्तर पर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। कंपनी के लंबे समय से चेयरमैन रहे नोएल एन टाटा अपने पद से रिटायर हो रहे हैं। कंपनी ने बुधवार, 11 नवंबर 2026 को शेयर बाजार को दी जानकारी में इस फैसले की घोषणा की। इसके साथ ही कंपनी ने नए चेयरमैन और बोर्ड में एक नए इंडिपेंडेंट डायरेक्टर की नियुक्ति की जानकारी भी दी है।
11 नवंबर को रिटायर होंगे नोएल टाटा
टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन के मुताबिक, नोएल टाटा 11 नवंबर 2026 को कारोबारी समय खत्म होने के बाद चेयरमैन और डायरेक्टर दोनों पदों से रिटायर हो जाएंगे। यह फैसला टाटा ग्रुप की गवर्नेंस गाइडलाइंस के तहत लिया गया है।
इन गाइडलाइंस में कंपनी के बोर्ड की बनावट, बोर्ड कमेटियों और डायरेक्टर्स के रिटायरमेंट से जुड़े नियम तय किए गए हैं। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई रेगुलेटरी फाइलिंग में साफ किया है कि नोएल टाटा का रिटायरमेंट इन्हीं नियमों के मुताबिक हो रहा है।
22 साल से ज्यादा समय तक बोर्ड का रहे हिस्सा
नोएल टाटा का टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन के साथ लंबा जुड़ाव रहा है। वह 9 जून 2004 को कंपनी के बोर्ड में शामिल हुए थे। इसके बाद 24 जून 2010 को उन्हें कंपनी का चेयरमैन बनाया गया था।
इस तरह उन्होंने 16 साल से ज्यादा समय तक चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाली और 22 साल से अधिक समय तक कंपनी के बोर्ड का हिस्सा रहे।
कंपनी ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुईं और शेयरहोल्डर्स के लिए लगातार वैल्यू तैयार हुई।
नोएल टाटा को मिली नई मानद जिम्मेदारी
चेयरमैन पद से रिटायर होने के बावजूद नोएल टाटा का नाम कंपनी से जुड़ा रहेगा। बोर्ड ने उनके योगदान को देखते हुए उन्हें चेयरमैन एमेरिटस नियुक्त करने का फैसला किया है।
यह एक मानद पद है, जो उन्हें 12 नवंबर 2026 से दिया जाएगा। कंपनी के बोर्ड ने उनके नेतृत्व और रणनीतिक दिशा देने में निभाई गई भूमिका के लिए आभार भी जताया है।
अब बहराम वकील संभालेंगे कंपनी की कमान
नोएल टाटा की जगह बहराम वकील (Bahram Vakil) को टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
कंपनी के मुताबिक, बहराम वकील 12 नवंबर 2026 से चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे। बोर्ड ने बुधवार को हुई बैठक में उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी।
बोर्ड में एक और बड़ा बदलाव
कंपनी ने अबिजर शब्बीर दीवानजी को एडिशनल नॉन-एग्जीक्यूटिव इंडिपेंडेंट डायरेक्टर नियुक्त करने का फैसला भी किया है।
उनका कार्यकाल 12 नवंबर 2026 से शुरू होकर 11 नवंबर 2031 तक यानी पांच साल का होगा। हालांकि, इस नियुक्ति के लिए शेयरहोल्डर्स की मंजूरी जरूरी होगी।
दीवानजी NeoStrat Advisors LLP के फाउंडर हैं। इससे पहले वह करीब 20 साल तक KPMG और EY में फाइनेंशियल सर्विसेज प्रैक्टिस की अगुवाई कर चुके हैं। कंपनी ने इन सभी फैसलों को बुधवार को हुई बोर्ड मीटिंग में मंजूरी दी।