नवी मुंबई एयरपोर्ट को मिलेंगी और फ्लाइट्स! इंडिगो-एयर इंडिया के इन रूट्स की उड़ानें होंगी शिफ्ट
मुंबई से विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। अडानी एयरपोर्ट ने इंटरनेशनल फ्लाइट्स को लेकर अपनी रणनीति बदल दी है। इंडिगो और एयर इंडिया ने भी नई योजना पर सहमति जताई है। जानिए किन रूट्स पर असर पड़ेगा और कब से बदलाव शुरू होगा।

In Short
- इंडिगो और एयर इंडिया की कई इंटरनेशनल उड़ानें मुंबई से नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट होंगी।
- फरवरी 2027 से चरणबद्ध तरीके से बदलाव शुरू होगा, सबसे पहले मिडिल ईस्ट की उड़ानें प्रभावित होंगी।
- विदेशी एयरलाइंस की आपत्तियों के बीच अडानी एयरपोर्ट ने बदली रणनीति, 28 अक्टूबर को अहम बैठक।
अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल फ्लाइट्स शिफ्ट करने की रणनीति में बदलाव किया है। एयरलाइंस के विरोध के बाद अब इंडिगो और एयर इंडिया चरणबद्ध तरीके से अपनी कुछ इंटरनेशनल फ्लाइट्स नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने के लिए तैयार हो गई हैं। इसकी शुरुआत फरवरी 2027 से होगी। सबसे पहले मिडिल ईस्ट की उड़ानों को शिफ्ट किया जाएगा।
पहले चरण में 30 लाख यात्रियों की शिफ्टिंग
नई रणनीति के तहत पहले चरण में करीब 30 लाख यात्रियों का ट्रैफिक नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट किया जाएगा। यह शुरुआती लक्ष्य के 50 लाख यात्रियों का लगभग 60 फीसदी है। इससे मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के पुनर्विकास के लिए जगह मिलेगी।
दरअसल, अडानी एयरपोर्ट ने मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 से 770 साप्ताहिक इंटरनेशनल डिपार्चर स्लॉट में से 265 स्लॉट यानी करीब 33 फीसदी नवी मुंबई शिफ्ट करने की योजना बनाई थी। एयरलाइंस ने इसका विरोध किया था। अब इस मुद्दे पर 28 अक्टूबर को अहम बैठक होनी है।
इंडिगो की कौन-कौन सी फ्लाइट्स होंगी शिफ्ट?
इंडिगो अपनी 12 दैनिक इंटरनेशनल उड़ानों को धीरे-धीरे नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करेगी। इनमें बहरीन, रियाद, दम्माम, जेद्दा, मदीना, कुवैत, रास अल खैमाह, फुजैराह, मस्कट, ढाका और जकार्ता की उड़ानें शामिल हैं।
इसके अलावा काठमांडू के लिए नई दैनिक फ्लाइट शुरू होगी। फरवरी से जुलाई 2027 के बीच नवी मुंबई से इंडिगो का इंटरनेशनल नेटवर्क 12 डेस्टिनेशन तक पहुंच जाएगा। यात्रियों की कनेक्टिविटी बनाए रखने के लिए कुछ घरेलू उड़ानें भी शिफ्ट की जाएंगी।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें भी होंगी ट्रांसफर
एयर इंडिया ग्रुप भी अपनी पश्चिम एशिया की उड़ानों को नवी मुंबई शिफ्ट करेगा। एयर इंडिया एक्सप्रेस दिसंबर 2026 से चार दैनिक घरेलू उड़ानें शुरू करेगी। जनवरी 2027 से कुवैत और ओमान की सेवाओं की योजना है।
इसके बाद जेद्दा, रियाद, दम्माम, दोहा, मस्कट और शारजाह की उड़ानें भी शिफ्ट होंगी। यह प्रक्रिया 2027 के समर शेड्यूल तक पूरी होने की उम्मीद है।
विदेशी एयरलाइंस क्यों कर रही हैं विरोध?
इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) ने जबरन फ्लाइट्स शिफ्ट करने पर आपत्ति जताई है। संगठन ने ग्राउंड हैंडलिंग, मेंटेनेंस, कार्गो सुविधाओं और कनेक्टिविटी को लेकर चिंता जताई है।
एमिरेट्स और एयर फ्रांस-KLM ने भी विरोध किया है। वहीं, चैलेंज ग्रुप ने मुंबई में अपने कार्गो ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोकने की घोषणा की है।
अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के मुताबिक, जनवरी 2027 से टर्मिनल-1 का पुनर्विकास शुरू होगा। इसके बाद इसकी सालाना यात्री क्षमता मौजूदा 1.5 करोड़ से बढ़कर 2 करोड़ हो जाएगी।