'एक सुबह पता चला हैदराबाद अब हमारा नहीं रहा...' नारा लोकेश ने बताया आंध्र प्रदेश का दर्द

आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश ने हैदराबाद के तेलंगाना में चले जाने को लेकर अपना दर्द जाहिर किया है। उन्होंने बताया कि 2014 के बंटवारे ने राज्य को आर्थिक ही नहीं, भावनात्मक चोट भी पहुंचाई थी। साथ ही अमरावती के भविष्य को लेकर ऐसा दावा किया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया।

Advertisement

In Short

  • नारा लोकेश बोले- हैदराबाद के अलग होने से आंध्र प्रदेश को आर्थिक और भावनात्मक तौर पर बड़ा झटका लगा।
  • आंध्र प्रदेश में विकास के लिए 24 नए क्लस्टर बनाए जा रहे हैं, ताकि पूरे राज्य को फायदा मिले।
  • अमरावती को वर्ल्ड क्लास सिटी बनाने का दावा, लोकेश बोले- एक दिन दुनिया इसकी तरक्की देखकर हैरान रह जाएगी।

By Gaurav Kumar:

आंध्र प्रदेश के IT और HRD मंत्री नारा लोकेश ने राज्य के बंटवारे, हैदराबाद से जुड़ी यादों और भविष्य की योजनाओं को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने बताया कि राज्य किन मुश्किलों से गुजरा है और अब सरकार किस तरह विकास की नई राह तैयार कर रही है। बिजनेस टुडे को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में उन्होंने हैदराबाद, अमरावती और राज्य के विकास से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब दिए।

हैदराबाद के अलग होने से आंध्र प्रदेश को लगा बड़ा झटका

नारा लोकेश ने गुरुवार को कहा कि 2014 में आंध्र प्रदेश के बंटवारे के बाद हैदराबाद का तेलंगाना में चले जाना राज्य के लिए बड़ा नुकसान था। उन्होंने कहा कि इससे सिर्फ आर्थिक नुकसान नहीं हुआ, बल्कि लोगों को भावनात्मक तौर पर भी गहरी चोट पहुंची।

लोकेश ने कहा, 'हैदराबाद को खोने से हमें निश्चित तौर पर दुख हुआ है। इसमें कोई दो राय नहीं है। यह सिर्फ पैसों का मामला नहीं था, बल्कि लोगों का इस शहर से गहरा भावनात्मक जुड़ाव था।'

'एक सुबह पता चला कि हैदराबाद अब हमारा नहीं रहा'

नारा लोकेश ने हैदराबाद से अपना निजी जुड़ाव भी बताया। उन्होंने कहा कि उनका जन्म और पालन-पोषण हैदराबाद में हुआ था।उन्होंने कहा, 'आपका जन्म और बचपन जिस शहर में बीता हो, एक सुबह आपको पता चले कि वह अब आपका नहीं रहा और आपको सब कुछ दोबारा बनाना है, तो दुख होना स्वाभाविक है।'

प्रतीकात्मक तस्वीर

लोकेश ने कहा कि आंध्र प्रदेश के लोगों को पहले भी ऐसी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। उनके मुताबिक, यह चौथी बार है जब आंध्र के लोगों को इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि राज्य अब नई चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार है।

हैदराबाद से मुकाबले पर क्या बोले नारा लोकेश?

इंटरव्यू में लोकेश से पूछा गया कि मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के कार्यकाल में IT हब के रूप में विकसित हुआ हैदराबाद क्या अब आंध्र प्रदेश के लिए चुनौती बन गया है?

इस पर उन्होंने कहा कि राज्यों के बीच कॉम्पिटिशन होना अच्छी बात है। उनका मानना है कि जब राज्य एक-दूसरे से बेहतर करने की कोशिश करते हैं, तो इसका फायदा पूरे भारत को मिलता है।

आंध्र प्रदेश में बनेंगे 24 नए क्लस्टर

नारा लोकेश ने बताया कि सरकार पूरे राज्य में विकास को बढ़ावा देने के लिए 24 अलग-अलग क्लस्टर तैयार कर रही है।इन क्लस्टर्स को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में विकसित किया जाएगा, ताकि विकास सिर्फ एक शहर तक सीमित न रहे। सरकार अलग-अलग सेक्टर में काम करके राज्य की आर्थिक स्थिति और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना चाहती है।

अमरावती को लेकर किया बड़ा दावा

नारा लोकेश ने कहा कि आंध्र प्रदेश की प्रस्तावित राजधानी अमरावती का निर्माण बेहद तेज रफ्तार से हो रहा है। उनके मुताबिक, भारत में इस तरह की रफ्तार से किसी शहर को विकसित होते कम ही देखा गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार अमरावती को ऐसा शहर बनाना चाहती है, जिस पर पूरे भारत को गर्व हो।

लोकेश ने आगे कहा कि भारत में ऐसा इंफ्रास्ट्रक्चर बनना चाहिए, जो दुनिया के बेहतरीन शहरों को टक्कर दे सके। उन्होंने भरोसा जताया कि एक दिन ऐसा आएगा जब दुनिया अमरावती में हुए विकास को देखकर उसकी तारीफ करेगी और उससे ईर्ष्या भी करेगी।

Read more!
Advertisement