Mother Dairy Milk Price Hike: मदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम! 12 नवंबर से ₹4 तक महंगा होगा दूध

दिल्ली-एनसीआर में दूध खरीदने वाले लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। मदर डेयरी ने अलग-अलग तरह के दूध की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है। नई दरें 12 नवंबर से लागू होंगी। आखिर किस दूध की कीमत सबसे ज्यादा बढ़ी है और अब कितना पैसा देना होगा? जानिए पूरी डिटेल।

Advertisement

In Short

  • मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है।
  • दिल्ली-एनसीआर में दूध की नई कीमतें 12 नवंबर 2026 से लागू होंगी।
  • फुल क्रीम दूध अब 76 रुपये और पाउच वाला टोंड दूध 62 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

By Gungun Mishra:

दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोगों को अब दूध खरीदने के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये तक की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। नई कीमतें 12 नवंबर से लागू होंगी। कंपनी ने दूध की खरीद और दूसरे खर्च बढ़ने के चलते यह फैसला लिया है। इससे पहले मदर डेयरी ने 14 मई को दूध के दाम बढ़ाए थे।

किस दूध की कीमत कितनी बढ़ी?

मदर डेयरी ने दिल्ली-एनसीआर में बिकने वाले अलग-अलग तरह के दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है। सबसे ज्यादा 4 रुपये की बढ़ोतरी फुल क्रीम दूध में हुई है।

नई कीमतों के मुताबिक, खुले में मिलने वाला टोंड दूध अब 58 रुपये की जगह 60 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं, पाउच वाला फुल क्रीम दूध 72 रुपये से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

पाउच वाले टोंड दूध की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। डबल टोंड दूध अब 54 रुपये की जगह 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। इसके अलावा गाय के दूध की कीमत 62 रुपये से बढ़कर 65 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

मदर डेयरी ने क्यों बढ़ाए दूध के दाम?

दूध की कीमतें बढ़ने के पीछे सबसे बड़ी वजह लागत में बढ़ोतरी बताई जा रही है। हालांकि, कंपनी के प्रवक्ता ने इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

सूत्रों के मुताबिक, किसानों से दूध खरीदने की कीमत बढ़ गई है। इसी वजह से कंपनी को बढ़ी हुई लागत का कुछ बोझ ग्राहकों पर डालना पड़ा है।

मदर डेयरी दूध की बिक्री से मिलने वाली रकम का करीब 75 से 80 फीसदी हिस्सा किसानों को देती है।

मदर डेयरी से पहले अमूल और नंदिनी भी दिवाली से कुछ दिन पहले दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स की कीमतों में बढ़ोतरी कर चुके हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

दिल्ली-NCR में रोजाना कितना दूध बेचती है कंपनी?

मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में हर दिन करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। कंपनी अपने आउटलेट्स, सामान्य दुकानों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहकों तक दूध पहुंचाती है।

वहीं, पूरे देश में कंपनी की रोजाना दूध बिक्री 50 लाख लीटर से ज्यादा है।

मदर डेयरी का कारोबार कितना बड़ा?

मदर डेयरी के कारोबार में भी अच्छी बढ़ोतरी हुई है। पिछले वित्त वर्ष में कंपनी का टर्नओवर 17 फीसदी बढ़कर 20,300 करोड़ रुपये पहुंच गया। इसकी वजह दूध से बने प्रोडक्ट्स और खाने के तेल की मांग में बढ़ोतरी रही।

मदर डेयरी की शुरुआत 1974 में हुई थी। यह नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) की पूरी तरह मालिकाना हक वाली कंपनी है।

कंपनी मदर डेयरी ब्रांड से दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स, धारा ब्रांड से खाने का तेल और सफल ब्रांड से फल, सब्जियां और दूसरे खाद्य उत्पाद बेचती है।

कंपनी के पास दूध प्रोसेसिंग के 9 प्लांट, फल-सब्जियों की प्रोसेसिंग के 4 प्लांट और खाद्य तेल कारोबार से जुड़े 16 सहयोगी प्लांट हैं।

Read more!
Advertisement