Most Powerful Women: ज्योत्सना सूरी का ललित ग्रुप धार्मिक पर्यटन पर लगाएगा दांव, होटल विस्तार का है बड़ा प्लान

LaLiT Suri Hospitality Group ने भारत में होटल कारोबार बढ़ाने के लिए बड़ा प्लान तैयार किया है। कंपनी धार्मिक पर्यटन से लेकर घरेलू यात्रियों की बढ़ती मांग तक कई नए अवसरों पर नजर रख रही है। आखिर किन शहरों में खुलेंगे नए होटल और AI को लेकर कंपनी की क्या राय है? जानिए पूरी योजना।

Advertisement

In Short

  • LaLiT Group अगले पांच साल में 1,000 नए कमरे जोड़ने और कम से कम 20 मैनेजमेंट कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने की तैयारी में है।
  • कंपनी चित्रकूट और वृंदावन जैसे धार्मिक स्थलों पर होटल कारोबार बढ़ाने की संभावनाएं तलाश रही है।
  • ज्योत्सना और दीक्षा सूरी का मानना है कि AI के बढ़ते इस्तेमाल के बावजूद होटल इंडस्ट्री में इंसानों की भूमिका अहम बनी रहेगी।

By Gungun Mishra:

LaLiT Suri Hospitality Group Expansion: देश में बढ़ते पर्यटन और होटल कमरों की मांग को देखते हुए LaLiT Suri Hospitality Group ने अपने विस्तार की बड़ी योजना तैयार की है। कंपनी अगले पांच साल में 600 करोड़ रुपये निवेश करेगी। इस रकम से 1,000 नए कमरे जोड़े जाएंगे, मौजूदा होटलों को अपग्रेड किया जाएगा और कम से कम 20 होटल मैनेजमेंट कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।

धार्मिक पर्यटन पर कंपनी का बड़ा दांव

बिजनेस टुडे के Most Powerful Women Conclave 2026 में LaLiT Suri Hospitality Group की चेयरपर्सन और मैनेजिंग डायरेक्टर ज्योत्सना सूरी ने कंपनी की विस्तार योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कंपनी अब धार्मिक पर्यटन यानी स्पिरिचुअल टूरिज्म पर खास ध्यान दे रही है। इस सेगमेंट में पांच सितारा होटलों के बजाय मिड-सेगमेंट होटल विकसित करने की योजना है।

ज्योत्सना सूरी ने कहा कि धार्मिक यात्रा करने वाले लोगों को सुरक्षित, आरामदायक और साफ-सुथरे कमरे उपलब्ध कराना कंपनी की प्राथमिकता होगी।

कहां बनेंगे नए होटल और कितने कमरे जुड़ेंगे?

कंपनी की योजना के मुताबिक, अहमदाबाद में साबरमती नदी के किनारे बनने वाले नए होटल में 250 कमरे होंगे। वहीं, धार्मिक पर्यटन को ध्यान में रखते हुए चित्रकूट में 100 कमरों वाला होटल तैयार किया जाएगा।

इसके अलावा उदयपुर और गोवा की प्रॉपर्टीज में 75 कमरे जोड़ने की योजना है। कंपनी लेह और वृंदावन जैसी जगहों पर होटल मैनेजमेंट कॉन्ट्रैक्ट की संभावनाएं भी तलाश रही है।

कुल 600 करोड़ रुपये के निवेश में से 500 करोड़ रुपये विस्तार से जुड़ी गतिविधियों पर खर्च होंगे, जबकि बाकी 100 करोड़ रुपये मौजूदा कमरों के रखरखाव और उन्हें बेहतर बनाने में लगाए जाएंगे।

भारत में होटल कमरों की मांग तेजी से बढ़ी

LaLiT Suri Hospitality Group की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर दीक्षा सूरी ने भारतीय होटल इंडस्ट्री को लेकर भरोसा जताया।

उन्होंने कहा कि देश में होटल कमरों की जरूरत मौजूदा सप्लाई से कहीं ज्यादा है। भारत में अभी कई लाख अतिरिक्त कमरों की गुंजाइश है।

दीक्षा सूरी के मुताबिक, कोविड के बाद घरेलू स्तर पर व्यक्तिगत यात्राओं में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। भारतीय यात्री अब खुलकर खर्च करना और नई यादें बनाना चाहते हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रभावित होने से देश के भीतर डेस्टिनेशन वेडिंग की गतिविधियां बढ़ी हैं।

क्या AI से होटल इंडस्ट्री की नौकरियों पर पड़ेगा असर?

कॉन्क्लेव में 'Two Generations, One Vision' नाम के पैनल के दौरान ज्योत्सना और दीक्षा सूरी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर भी बात की।

ज्योत्सना सूरी ने कहा कि AI मैन्युफैक्चरिंग और टेक्नोलॉजी सर्विसेज में बड़े बदलाव ला सकता है, लेकिन होटल इंडस्ट्री में इंसानों की जरूरत बनी रहेगी।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि AI का इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन मेहमानों को चाय परोसने का काम आखिरकार होटल कर्मचारी ही करेगा।

दीक्षा सूरी ने भी कहा कि AI से प्रशासनिक और बैक ऑफिस के कुछ काम कम हो रहे हैं, लेकिन होटल इंडस्ट्री की व्यक्तिगत सेवाओं की जगह पूरी तरह तकनीक नहीं ले सकती।

Read more!
Advertisement