15 दिन पहले मिल गई अक्टूबर की सैलरी...Jio IPO को सफल बनाने के लिए मुकेश अंबानी की खास रणनीति

मुकेश अंबानी जियो के ऐतिहासिक आईपीओ को सफल बनाने के लिए बड़ी तैयारी कर रहे हैं। रिलायंस ने लाखों कर्मचारियों से संपर्क किया है और अक्टूबर की सैलरी भी समय से पहले जारी कर दी है। आखिर कंपनी की इस रणनीति के पीछे क्या वजह है और कर्मचारियों को क्या फायदा मिलेगा?

Advertisement

In Short

  • जियो के मेगा आईपीओ के लिए रिलायंस ने करीब 4.2 लाख कर्मचारियों से संपर्क किया है।
  • रिलायंस ने अक्टूबर की सैलरी सामान्य समय से करीब 15 दिन पहले जारी की है।
  • जियो का 30,200 करोड़ रुपये का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा।

By BT बाज़ार डेस्क:

मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज अपने टेलीकॉम और डिजिटल सर्विस कारोबार जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को सफल बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारी कर रही है। कंपनी अपने लाखों कर्मचारियों को इस आईपीओ में निवेश के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इतना ही नहीं, रिलायंस ने अक्टूबर की सैलरी भी सामान्य समय से करीब 15 दिन पहले जारी कर दी है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने अपने करीब 4.2 लाख कर्मचारियों तक पहुंचकर उन्हें जियो के आईपीओ में निवेश करने पर विचार करने को कहा है।

कर्मचारियों को समय से पहले मिली सैलरी

रिपोर्ट के मुताबिक, रिलायंस ने अपने अलग-अलग ग्रुप की कंपनियों में काम करने वाले ज्यादातर कर्मचारियों से संपर्क किया है। कंपनी ने अक्टूबर महीने की सैलरी करीब 15 दिन पहले जारी की है। इससे कर्मचारियों के पास निवेश के लिए पैसे उपलब्ध हो गए हैं। हालांकि, कर्मचारियों को समय से पहले सैलरी देने की वजह नहीं बताई गई।

इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने नाम नहीं बताने की शर्त पर ये बातें साझा की हैं। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

कर्मचारियों के परिवारों से भी जुड़ी तैयारी

रिलायंस की कोशिश सिर्फ कर्मचारियों को आईपीओ की जानकारी देने तक सीमित नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी की टीमों ने कर्मचारियों से यह भी पूछा है कि क्या उनके या उनके परिवार के सदस्यों के पास शेयर ट्रेडिंग के लिए जरूरी डीमैट और ट्रेडिंग अकाउंट हैं।

जिन लोगों के पास ये अकाउंट नहीं हैं, उन्हें अकाउंट खुलवाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

रिलायंस में कितने कर्मचारी करते हैं काम?

ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक, रिलायंस इंडस्ट्रीज में कुल 4,19,911 कर्मचारी हैं। भारत की लिस्टेड कंपनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के बाद रिलायंस के पास दूसरा सबसे बड़ा वर्कफोर्स है।

जियो की वेबसाइट के मुताबिक, कंपनी में 74,822 कर्मचारी हैं। ये कर्मचारी आईपीओ में एम्प्लॉयी कोटे के तहत आवेदन कर सकते हैं। वहीं, रिलायंस की दूसरी कंपनियों के कर्मचारी रिटेल कैटेगरी में बोली लगा सकते हैं। जो कर्मचारी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरधारक भी हैं, वे पात्र होने पर शेयरहोल्डर कोटे में आवेदन कर सकते हैं।

कितने करोड़ रुपये का होगा Jio IPO?

जियो प्लेटफॉर्म्स इस आईपीओ के जरिए अधिकतम 30,200 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। कंपनी का लक्ष्य 10.3 लाख करोड़ रुपये तक का वैल्यूएशन हासिल करना है।

आईपीओ में अधिकतम 27 करोड़ शेयर पेश किए जाएंगे। इसका प्राइस बैंड 1,065 रुपये से 1,119 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।

कंपनी ने पात्र कर्मचारियों के लिए अधिकतम 500 करोड़ रुपये के शेयर आरक्षित किए हैं। उन्हें शेयर की कीमत पर 5 फीसदी की छूट भी मिलेगी। इसके अलावा पात्र रिलायंस शेयरधारकों के लिए अधिकतम 2,500 करोड़ रुपये के शेयर आरक्षित हैं।

कब खुलेगा जियो का आईपीओ?

जियो का आईपीओ 21 अक्टूबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए बुक 19 अक्टूबर को खुलेगी।

रिपोर्ट के मुताबिक, जियो को 20 अरब डॉलर से ज्यादा की बोलियां मिल चुकी हैं। Fidelity Management & Research, Allianz SE और Capital Group जैसे बड़े ग्लोबल निवेशकों ने भी इसमें दिलचस्पी दिखाई है।

Read more!
Advertisement