IRCTC Alert: ट्रेन में खाना ऑर्डर करना पड़ सकता है भारी! रेलवे ने इन वेबसाइट्स और ऐप्स से किया सावधान

ट्रेन में सफर के दौरान ऑनलाइन खाना मंगाने वाले यात्रियों के लिए IRCTC ने बड़ी चेतावनी जारी की है। कुछ वेबसाइट्स और मोबाइल ऐप्स से खाना ऑर्डर करना आपकी सेहत और निजी जानकारी के लिए जोखिम भरा हो सकता है। जानिए किन प्लेटफॉर्म पर कार्रवाई हो रही है और यात्रियों को क्या सलाह दी गई है।

Advertisement

In Short

  • IRCTC ने बिना अनुमति ट्रेन में खाना पहुंचाने वाली वेबसाइट्स और ऐप्स के खिलाफ कार्रवाई तेज की।
  • अनधिकृत प्लेटफॉर्म से खाना मंगाने पर सेहत, सुरक्षा और निजी जानकारी को खतरा हो सकता है।
  • IRCTC ने यात्रियों को केवल आधिकारिक या अधिकृत प्लेटफॉर्म से खाना ऑर्डर करने की सलाह दी।

By Gungun Mishra:

अगर आप ट्रेन में सफर के दौरान ऑनलाइन खाना ऑर्डर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम ने यात्रियों को अनधिकृत वेबसाइट्स और मोबाइल ऐप्स से खाना मंगाने को लेकर चेतावनी दी है। IRCTC का कहना है कि ऐसे प्लेटफॉर्म से खाना ऑर्डर करना यात्रियों की सेहत, सुरक्षा और निजी जानकारी के लिए खतरा बन सकता है।

IRCTC ने रेलवे नेटवर्क पर बिना अनुमति के ई-कैटरिंग सेवाएं चलाने वाली वेबसाइट्स और ऐप्स के खिलाफ अभियान शुरू किया है। इसके तहत नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों और IRCTC के नाम का गलत इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

इन वेबसाइट्स को लेकर IRCTC ने किया अलर्ट

IRCTC ने कुछ अनधिकृत ई-कैटरिंग प्लेटफॉर्म की पहचान की है। इनमें RAILRESTRO.COM और RAILRESTRO.IN के नाम शामिल हैं।

निगम के मुताबिक, कुछ कंपनियां बिना जरूरी अनुमति के ट्रेनों में खाना पहुंचाने का कारोबार कर रही हैं। इसके अलावा कुछ संस्थाएं IRCTC के नाम और पहचान का इस्तेमाल करके अपनी सेवाएं चला रही हैं। ऐसे प्लेटफॉर्म के खिलाफ अब सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

यात्रियों के लिए क्यों खतरनाक हैं ये प्लेटफॉर्म?

IRCTC के मुताबिक, अनधिकृत ई-कैटरिंग प्लेटफॉर्म की बढ़ती संख्या यात्रियों के लिए चिंता का विषय है। इनसे मंगाए गए खाने की गुणवत्ता, साफ-सफाई और सुरक्षा को लेकर जोखिम हो सकता है।

इसके अलावा यात्रियों की निजी जानकारी और आर्थिक हितों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसी वजह से IRCTC ने ऐसे प्लेटफॉर्म के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

निगम ने साफ किया है कि अब केवल चेतावनी देने के बजाय नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू की जा रही है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

ट्रेन में खाना कहां से ऑर्डर करें?

IRCTC ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे ट्रेन में सफर के दौरान खाना ऑर्डर करने के लिए केवल आधिकारिक और अधिकृत प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करें।

यात्री IRCTC की आधिकारिक ई-कैटरिंग वेबसाइट, Food on Track मोबाइल ऐप या IRCTC से अधिकृत ई-कैटरिंग एग्रीगेटर्स और वेंडर्स के जरिए खाना मंगा सकते हैं।

निगम ने यात्रियों से अपील की है कि वे बिना अनुमति के चलने वाली वेबसाइट्स और ऐप्स से खाना ऑर्डर करने से बचें।

शिकायत के लिए इस नंबर पर करें कॉल

अगर किसी यात्री को ट्रेन में अनधिकृत फूड वेंडर या गैरकानूनी तरीके से खाना पहुंचाने वाली सेवा के बारे में जानकारी मिलती है, तो वह इसकी शिकायत रेलवे सुरक्षा बल से कर सकता है।

इसके लिए यात्री RPF हेल्पलाइन नंबर 182 पर कॉल कर सकते हैं।

IRCTC का कहना है कि इस अभियान का मकसद अनधिकृत ई-कैटरिंग सेवाओं पर रोक लगाना और ट्रेन यात्रियों की सेहत, सुरक्षा, निजी जानकारी और आर्थिक हितों की रक्षा करना है।

Read more!
Advertisement