Infosys को मिला नया CEO! आशीष कुमार डैश संभालेंगे कमान; सलिल पारेख की लेंगे जगह

कंपनी में तीन दशक से ज्यादा समय बिता चुके डैश एक अप्रैल 2027 से Chief Executive Officer (CEO) और Managing Director की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह मौजूदा सीईओ सलिल पारेख की जगह लेंगे, जिनका नौ साल का कार्यकाल पूरा होगा।

Advertisement
Ashiss Kumar Dash

By Gaurav Kumar:

देश की दूसरी सबसे बड़ी IT सर्विसेज कंपनी Infosys ने आशीष कुमार डैश (Ashiss Kumar Dash) को CEO-designate नियुक्त किया है। कंपनी में तीन दशक से ज्यादा समय बिता चुके डैश एक अप्रैल 2027 से Chief Executive Officer (CEO) और Managing Director की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह मौजूदा सीईओ सलिल पारेख की जगह लेंगे, जिनका नौ साल का कार्यकाल पूरा होगा।

आशीष कुमार डैश फिलहाल Infosys में 12 से ज्यादा इंडस्ट्री वर्टिकल्स वाले डायवर्सिफाइड बिजनेस पोर्टफोलियो के ग्लोबल हेड हैं। कंपनी के मुताबिक, वह Fortune 500 और Global 2000 कंपनियों को सर्विस देने वाले कारोबार की जिम्मेदारी संभालते हैं।

तीन दशक से Infosys के साथ

आशीष कुमार डैश ने इंफोसिस में डिलीवरी, ऑपरेशंस और बिजनेस मैनेजमेंट से जुड़ी कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। कंपनी के मुताबिक, उन्होंने अपनी टीमों में इनोवेशन, AI आधारित ट्रांसफॉर्मेशन और भविष्य की कार्यप्रणाली को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।

डैश कई Infosys कंपनियों और टेक्नोलॉजी बिजनेस के बोर्ड में भी हैं। इनमें Health Sigma, Simplus, Blue Acorn iCi और Infosys Public Services शामिल हैं। वह Infosys Foundation USA के ट्रस्टी भी हैं।

IIT Kharagpur के पूर्व छात्र आशीष कुमार डैश ने Stanford University से Global Leadership Program भी पूरा किया है। वह फिलहाल लॉस एंजिलिस में रहते हैं।

सलिल पारेख का नौ साल का कार्यकाल होगा पूरा

सलिल पारेख जनवरी 2018 से Infosys के CEO हैं। कंपनी के मुताबिक, उनके नेतृत्व में Infosys ने डिजिटल, क्लाउड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सर्विसेज में अपनी मौजूदगी मजबूत की। Infosys ने यह भी कहा कि इस दौरान शेयरहोल्डर रिटर्न के मामले में कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा और क्लाइंट संतुष्टि तथा कर्मचारी जुड़ाव में सुधार हुआ।

सलिल पारेख वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की बड़ी IT कंपनियों में सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले CEO भी रहे। Infosys की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, उनका कुल रैम्यूनरेशन 82.6 करोड़ रुपये था।

डैश की नियुक्ति का ऐलान करीब आठ महीने पहले किया गया है। इससे कंपनी को नेतृत्व हस्तांतरण के लिए लंबा समय मिलेगा। लंबे समय से कंपनी से जुड़े अधिकारी को शीर्ष पद सौंपकर Infosys ने AI, क्लाउड और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के अगले दौर में नेतृत्व की निरंतरता का संकेत दिया है।

Read more!
Advertisement