बिहार से थाईलैंड जाना होगा आसान, जल्द गया-बैंकॉक के बीच शुरू होगी नॉन-स्टॉप फ्लाइट
बिहार से थाईलैंड जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। IndiGo 26 अक्टूबर से गया और बैंकॉक के बीच सीधी फ्लाइट शुरू करने जा रही है। हफ्ते में दो दिन चलने वाली इस सेवा से बौद्ध श्रद्धालुओं और पर्यटकों को फायदा होगा।

In Short
- IndiGo 26 अक्टूबर 2026 से गया और बैंकॉक के बीच नॉन-स्टॉप फ्लाइट शुरू करेगी।
- यह सेवा हफ्ते में दो दिन सोमवार और गुरुवार को चलेगी।
- बिहार सरकार ने इस रूट के लिए 12 महीने तक 10.40 करोड़ रुपये की VGF सहायता मंजूर की है।
बिहार के गया से थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के लिए अब सीधी फ्लाइट शुरू होने जा रही है। IndiGo 26 अक्टूबर 2026 से गया और बैंकॉक के बीच नॉन-स्टॉप उड़ान शुरू करेगी। एयरलाइन ने कहा है कि यह सेवा हफ्ते में दो दिन सोमवार और गुरुवार को चलेगी। हालांकि यह सेवा रेगुलेटरी मंजूरी के अधीन होगी।
बौद्ध यात्रियों को होगा फायदा
गया से बैंकॉक की सीधी उड़ान शुरू होने से बिहार के बोधगया और थाईलैंड के बीच हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इस रूट से खास तौर पर बौद्ध श्रद्धालुओं, पर्यटकों और घूमने जाने वाले यात्रियों को फायदा होगा।
बोधगया में महाबोधि मंदिर है, जो यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट है और दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण बौद्ध तीर्थ स्थलों में शामिल है। हर साल थाईलैंड समेत कई देशों से बड़ी संख्या में लोग यहां आते हैं।
क्या रहेगा फ्लाइट का टाइम?
IndiGo की फ्लाइट 6E 1083 गया से दोपहर 1:15 बजे रवाना होगी और शाम 5:50 बजे बैंकॉक पहुंचेगी।
वहीं वापसी की फ्लाइट 6E 1084 बैंकॉक से सुबह 10:15 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 12:15 बजे गया पहुंचेगी। सभी समय स्थानीय समय के अनुसार होंगे।
बिहार सरकार ने दी आर्थिक मदद
इस रूट को शुरू करने में बिहार सरकार की Viability Gap Funding यानी VGF योजना की भी भूमिका है। राज्य सरकार ने मई में गया-बैंकॉक रूट के लिए 12 महीने की अवधि के लिए अधिकतम 10.40 करोड़ रुपये की VGF सहायता को मंजूरी दी थी।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: भारत में जापानी निवेश बढ़ाने की तैयारी, पीयूष गोयल ने निवेश और GIFT City पर की अहम बातचीत
इस योजना का मकसद बिहार से इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू करने के लिए एयरलाइंस को बढ़ावा देना है।
स्थानीय कारोबार को भी मिल सकता है फायदा
सीधी फ्लाइट शुरू होने से सिर्फ यात्रियों को ही नहीं बल्कि बिहार के पर्यटन से जुड़े कारोबार को भी फायदा हो सकता है। इससे होटल, रेस्टोरेंट, लोकल ट्रांसपोर्ट और दूसरे पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के लिए भी मौके बढ़ सकते हैं।
थाईलैंड के लिए IndiGo की बड़ी मौजूदगी
IndiGo फिलहाल भारत और थाईलैंड के बीच हर हफ्ते 140 से ज्यादा उड़ानें चलाती है। एयरलाइन बैंकॉक को बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई और भुवनेश्वर से जोड़ती है।
इसके अलावा मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता से फुकेत के लिए भी सीधी उड़ानें हैं। दिल्ली से क्राबी के लिए भी फ्लाइट सेवा उपलब्ध है।
यात्री गया-बैंकॉक रूट की टिकट IndiGo की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और अधिकृत ट्रैवल पार्टनर्स के जरिए बुक कर सकेंगे।