Indian Navy: समुद्र में बढ़ेगी भारत की ताकत! ₹53,866 करोड़ में बनेंगे 8 नए युद्धपोत, जानें पूरी डील

भारतीय नौसेना की ताकत बढ़ाने के लिए रक्षा मंत्रालय ने ₹53,866.50 करोड़ की बड़ी डील की है। इसके तहत नौसेना को 8 नए आधुनिक युद्धपोत मिलेंगे, जो समुद्र में सुरक्षा को और मजबूत बनाएंगे। आखिर इन युद्धपोतों में क्या खास होगा और किन कंपनियों को इन्हें बनाने की जिम्मेदारी मिली है?

Advertisement

In Short

  • रक्षा मंत्रालय ने 8 नए युद्धपोतों के लिए ₹53,866.50 करोड़ के कॉन्ट्रैक्ट साइन किए।
  • GRSE बनाएगी 5 युद्धपोत और गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (GSL) तैयार करेगी बाकी 3 युद्धपोत।
  • प्रोजेक्ट से अगले 10 साल में कुल 532 लाख पर्सन-डेज रोजगार पैदा होने का अनुमान है।

By Gaurav Kumar:

भारतीय नौसेना की ताकत आने वाले समय में और बढ़ने वाली है। समुद्र में देश की सुरक्षा मजबूत करने के लिए सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। इसके तहत नौसेना को ऐसे नए युद्धपोत मिलेंगे, जो समुद्र के ऊपर, पानी के अंदर और हवा से आने वाले खतरों से निपट सकेंगे। इन युद्धपोतों को भारत में ही तैयार किया जाएगा। आइए जानते हैं कि सरकार ने किन कंपनियों को इसकी जिम्मेदारी दी है, इनकी खासियत क्या होगी और इस प्रोजेक्ट से रोजगार के कितने मौके बनेंगे।

₹53,866.50 करोड़ की डील, दो कंपनियों को मिली जिम्मेदारी

रक्षा मंत्रालय ने 2 नवंबर 2026 को भारतीय नौसेना के लिए 8 नेक्स्ट जेनरेशन कॉर्वेट्स (NGCs) खरीदने के लिए ₹53,866.50 करोड़ के कॉन्ट्रैक्ट साइन किए हैं। ये कॉन्ट्रैक्ट गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (GRSE) और गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (GSL) के साथ हुए हैं।

नई दिल्ली के कर्तव्य भवन-2 में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में इन समझौतों पर साइन किए गए।

कौन सी कंपनी कितने युद्धपोत बनाएगी?

इस प्रोजेक्ट के तहत GRSE कुल 5 युद्धपोत बनाएगी, जबकि GSL बाकी 3 युद्धपोत तैयार करेगी। खास बात यह है कि इन युद्धपोतों का डिजाइन भारतीय नौसेना खुद तैयार करेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

यह पहला ऐसा प्रोजेक्ट है, जिसमें नौसेना के डिजाइन किए गए युद्धपोतों को बनाने के लिए सरकारी डिफेंस कंपनियों का चुनाव कॉम्पिटिटिव प्रोसेस के जरिए किया गया है। इससे भारत की अपनी युद्धपोत बनाने की क्षमता को मजबूती मिलेगी।

मिसाइल और एडवांस सेंसर से लैस होंगे युद्धपोत

इन नए युद्धपोतों में एडवांस मिसाइल, आधुनिक हथियार और सेंसर सिस्टम लगाए जाएंगे। ये हवा, समुद्र की सतह और पानी के अंदर मौजूद खतरों से निपटने में सक्षम होंगे।

इनका इस्तेमाल समुद्री व्यापार के रास्तों की सुरक्षा, दुश्मन के जहाजों और पनडुब्बियों से मुकाबला करने, तटीय सुरक्षा मजबूत करने और तट के आसपास ऑपरेशन चलाने में होगा। इसके अलावा ये समुद्र में निगरानी और नौसेना की मौजूदगी बनाए रखने में भी मदद करेंगे।

रोजगार के कितने मौके बनेंगे?

इस प्रोजेक्ट से रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। अगले 10 साल में शिपयार्ड में करीब 72 लाख पर्सन-डेज और दूसरी संबंधित इंडस्ट्रीज व MSMEs में 460 लाख पर्सन-डेज का रोजगार पैदा होने का अनुमान है।

पर्सन-डेज का मतलब काम के कुल दिनों से है, न कि अलग-अलग लोगों की संख्या से।

मेक इन इंडिया को मिलेगा बढ़ावा

इस प्रोजेक्ट में मेड इन इंडिया मटेरियल, उपकरण और भारतीय टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा। सरकारी डिफेंस कंपनियों के साथ प्राइवेट शिपयार्ड, MSMEs और दूसरी भारतीय कंपनियों को भी काम करने का मौका मिलेगा।

इससे देश की शिपबिल्डिंग इंडस्ट्री को मजबूती मिलेगी और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Read more!
Advertisement