भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर जल्द लग सकती है मुहर! जयशंकर ने बताया किन मुद्दों पर अभी अटकी है बात

अमेरिका के साथ भारत की बड़ी ट्रेड डील जल्द फाइनल हो सकती है। जयशंकर और पीयूष गोयल के बयानों से समझौते की उम्मीद बढ़ गई है। दोनों देशों के बीच बातचीत सकारात्मक है, लेकिन कुछ संवेदनशील मुद्दे अभी बाकी हैं। इस समझौते में भारत को क्या मिलेगा और किन क्षेत्रों में सरकार कोई समझौता नहीं करेगी? पढ़ें पूरी खबर।

Advertisement

In Short

  • भारत-अमेरिका ट्रेड डील अंतिम चरण में, जल्द हो सकता है ऐलान।
  • जयशंकर बोले, ज्यादातर मुद्दे सुलझे, कुछ पर बातचीत बाकी।
  • कृषि और डेयरी सेक्टर पर समझौता नहीं करेगा भारत।

By Sonam:

भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही ट्रेड डील (Trade Deal) को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। विदेश मंत्री एस जयशंकर और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही इस समझौते का ऐलान हो सकता है। इस डील के तहत भारत को दूसरे व्यापारिक साझेदार देशों के मुकाबले कम अमेरिकी टैरिफ मिलने की उम्मीद है।

ट्रेड डील पर क्या बोले एस जयशंकर?

हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2026 में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर ज्यादातर मुद्दे सुलझा लिए गए हैं। अब केवल कुछ मुद्दों पर बातचीत बाकी है।

उन्होंने कहा कि भारत ऐसा व्यापार समझौता चाहता है, जिससे दोनों देशों को फायदा हो और संतुलन बना रहे। जयशंकर के मुताबिक, बाकी बचे ज्यादातर मुद्दे अमेरिकी पक्ष से जुड़े हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी बड़े समझौते के अंतिम चरण में उत्सुकता बढ़ जाती है, लेकिन बातचीत पूरी होने से पहले उसकी सभी जानकारियां सार्वजनिक नहीं की जा सकतीं।

Image Credit : Aaj Tak

पीयूष गोयल ने दिया जल्द ऐलान का संकेत

केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका के साथ बातचीत सकारात्मक माहौल में चल रही है। दोनों देशों के बीच कोई बड़ी रुकावट नहीं है और कुछ मुद्दों को सुलझाया जा रहा है।

गोयल ने कहा कि ट्रेड डील को लेकर अच्छी खबर जल्द सुनने को मिल सकती है। उन्होंने अमेरिका को व्यापार, तकनीक, रक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में भारत का अहम साझेदार बताया।

वहीं, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी कहा कि समझौता लंबे समय से अंतिम चरण में है और इसे जल्द पूरा करने की उम्मीद है।

पहले चरण में किन चीजों पर होगा समझौता?

ब्लूमबर्ग न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत-अमेरिका ट्रेड डील के पहले चरण में केवल वस्तुओं यानी गुड्स के व्यापार पर ध्यान दिया जाएगा। सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर बाद में बातचीत होगी।

दोनों देशों ने फरवरी में पहले चरण का ढांचा तैयार कर लिया था। हालांकि, टैरिफ में बदलाव, वैश्विक घटनाक्रम और अमेरिकी व्यापार जांच के कारण समझौते को अंतिम रूप देने में देरी हुई।

किसानों और डेयरी सेक्टर पर भारत का रुख साफ

पीयूष गोयल ने साफ किया कि भारत अपने किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं करेगा। डेयरी सेक्टर, कृषि और आनुवंशिक रूप से संशोधित यानी जीएम उत्पादों को लेकर भारत का रुख पहले जैसा ही रहेगा।

गोयल ने कहा कि भारत ने अब तक किसी भी देश के लिए अपना डेयरी बाजार नहीं खोला है और भविष्य में भी जीएम उत्पादों को अनुमति नहीं देगा।

वैश्विक तनाव पर भी बोले जयशंकर

विदेश मंत्री जयशंकर ने पश्चिम एशिया, यूक्रेन और अफ्रीका के कुछ हिस्सों में जारी संघर्षों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि दुनिया में बढ़ते तनाव की एक वजह अमेरिका और चीन की प्रतिद्वंद्विता है, लेकिन यही अकेली वजह नहीं है।

उन्होंने मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में मजबूत और स्थिर नेतृत्व की जरूरत पर जोर दिया।

Read more!
Advertisement