देश में बेरोजगारी घटी, फिर भी युवाओं की बढ़ी टेंशन! शहरों में नौकरी मिलना क्यों हो रहा मुश्किल?

देश में बेरोजगारी के ताजा आंकड़ों ने रोजगार बाजार की एक अलग ही तस्वीर दिखाई है। एक तरफ बेरोजगारी दर में गिरावट आई है, तो दूसरी तरफ शहरों में युवाओं के लिए नौकरी पाना मुश्किल होता जा रहा है। आखिर गांवों में हालात क्यों सुधर रहे हैं और शहरों में क्यों बढ़ रही चिंता? जानिए पूरी रिपोर्ट।

Advertisement

In Short

  • देश में बेरोजगारी दर घटकर 5.1% हुई, लेकिन शहरी युवाओं की बेरोजगारी बढ़कर 18.9% पहुंची।
  • ग्रामीण इलाकों में बेरोजगारी घटी, जबकि शहरों में नौकरी तलाशने वाले युवाओं की मुश्किलें बढ़ीं।
  • महिलाओं की श्रम बाजार में भागीदारी बढ़कर 34.7% हुई, खेती ग्रामीण रोजगार का बड़ा सहारा बनी।

By Gungun Mishra:

देश में रोजगार के मोर्चे पर अच्छी खबर आई है, लेकिन युवाओं के लिए चिंता भी बढ़ गई है। भारत में बेरोजगारी दर घटकर 5.1% पर आ गई है, जबकि शहरों में युवाओं की बेरोजगारी बढ़कर 18.9% पहुंच गई है। यानी एक तरफ देश में रोजगार की स्थिति सुधर रही है, तो दूसरी तरफ शहरों में नौकरी तलाश रहे युवाओं की मुश्किलें बढ़ रही हैं।

देश में कितनी घटी बेरोजगारी?

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) की ताजा पीरियोडिक लेबर फोर्स सर्वे (PLFS) रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही में देश की बेरोजगारी दर घटकर 5.1% रह गई। इससे पिछली अप्रैल से जून तिमाही में यह 5.4% थी।

हालांकि, शहरों में 15 से 29 साल के युवाओं की बेरोजगारी दर बढ़कर 18.9% पहुंच गई, जो पिछली तिमाही में 18.2% थी। यह पिछले छह तिमाहियों का सबसे ऊंचा स्तर है।

गांवों में सुधरे हालात, शहरों में बढ़ी परेशानी

रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रामीण इलाकों में बेरोजगारी दर 4.8% से घटकर 4.3% रह गई है। वहीं, शहरी इलाकों में यह 6.7% से बढ़कर 6.8% हो गई।

ग्रामीण युवाओं की बेरोजगारी दर भी 14.7% से घटकर 13.6% रह गई है। इन आंकड़ों से साफ है कि गांवों में रोजगार की स्थिति बेहतर हुई है, लेकिन शहरों में युवाओं को नौकरी पाने के लिए ज्यादा संघर्ष करना पड़ रहा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

महिलाओं की भागीदारी में बढ़ोतरी

रोजगार के आंकड़ों में एक अच्छी बात महिलाओं की बढ़ती भागीदारी है। देश में महिलाओं की लेबर फोर्स पार्टिसिपेशन दर 33.2% से बढ़कर 34.7% पहुंच गई है।

वहीं, काम करने वाले या काम की तलाश में लगे लोगों की हिस्सेदारी 54.6% से बढ़कर 55.5% हो गई है। कुल आबादी में रोजगार पाने वाले लोगों की हिस्सेदारी भी 51.7% से बढ़कर 52.7% पहुंच गई है।

गांवों में खेती बनी रोजगार का बड़ा सहारा

रिपोर्ट बताती है कि ग्रामीण रोजगार में खेती की हिस्सेदारी 52.9% से बढ़कर 56.7% हो गई है। वहीं, करीब 63% ग्रामीण कामगार खुद का काम कर रहे हैं।

दूसरी तरफ शहरों में नियमित वेतन वाली नौकरियों में काम करने वालों की हिस्सेदारी बढ़कर 49.6% पहुंच गई है।

आगे क्या है सबसे बड़ी चुनौती?

भारत में 15 साल और उससे ज्यादा उम्र के करीब 60 करोड़ लोग रोजगार में हैं। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या आर्थिक विकास के साथ युवाओं के लिए पर्याप्त और अच्छी सैलरी वाली नौकरियां पैदा हो पाएंगी?

खासकर मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर में रोजगार के नए अवसर बढ़ाना जरूरी है, ताकि युवाओं को नौकरी के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े। 

Read more!
Advertisement