प्याज, लहसुन और अदरक की कीमतों ने बिगाड़ा बजट! अगस्त में भारत की खुदरा महंगाई बढ़कर हुई 4.82%

महंगाई के मोर्चे पर अगस्त में फिर दबाव बढ़ता दिखा है। खुदरा महंगाई के आंकड़ों में तेजी के पीछे खाने-पीने की चीजों की कीमतों का बड़ा असर रहा। कुछ जरूरी वस्तुओं के दाम जहां तेजी से बढ़े, वहीं कुछ चीजों में राहत भी मिली। जानिए पूरी वजह।

Advertisement

In Short

  • अगस्त 2026 में भारत की खुदरा महंगाई दर बढ़कर 4.82% पर पहुंची
  • खाने-पीने की चीजों की कीमतों में तेजी से बढ़ी खाद्य महंगाई
  • प्याज, लहसुन और अदरक के दाम बढ़े, टमाटर और आलू में गिरावट दर्ज हुई

By Gungun Mishra:

भारत में खुदरा महंगाई दर अगस्त 2026 में बढ़कर 4.82% हो गई है। जुलाई में यह आंकड़ा 4.45% था। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, महंगाई बढ़ने की बड़ी वजह खाने-पीने की चीजों की कीमतों में हुई बढ़ोतरी रही।

अगस्त में ग्रामीण इलाकों में खुदरा महंगाई दर 5.23% रही, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 4.31% दर्ज की गई। जुलाई में ग्रामीण महंगाई 4.84% और शहरी महंगाई 3.96% थी।

खाद्य महंगाई में भी तेजी

अगस्त महीने में खाने-पीने की चीजों की महंगाई दर में भी बढ़ोतरी देखने को मिली। कंज्यूमर फूड प्राइस इंडेक्स (CFPI) के अनुसार, खाद्य महंगाई सालाना आधार पर 5.95% रही, जो जुलाई में 5.52% थी।

ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य महंगाई बढ़कर 6.13% पहुंच गई, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 5.64% रही। अलग-अलग खाद्य वस्तुओं की कीमतों में काफी अंतर देखने को मिला।

प्याज, लहसुन और अदरक ने बढ़ाई परेशानी

अगस्त में प्याज की कीमतों में सालाना आधार पर 48.27% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, लहसुन की महंगाई दर 43.60% और अदरक की कीमतों में 73.82% की तेजी रही।

हालांकि, कुछ सब्जियों की कीमतों में गिरावट भी दर्ज की गई। टमाटर के दाम सालाना आधार पर 31.09% घटे, जबकि आलू की कीमतों में 13.14% की कमी आई।

इन सेक्टरों में भी बढ़े दाम

मुख्य श्रेणियों में खाद्य और पेय पदार्थों की महंगाई दर 5.66% रही। ट्रांसपोर्ट सेक्टर में महंगाई 4.60% दर्ज की गई। कपड़े और फुटवियर की कीमतों में 3.56% की बढ़ोतरी हुई।

वहीं, घर, पानी, बिजली, गैस और अन्य ईंधन से जुड़ी महंगाई दर 2.61% रही। स्वास्थ्य सेवाओं में महंगाई अपेक्षाकृत कम रही और यह 1.34% दर्ज की गई।

रेस्टोरेंट और ज्वेलरी में महंगाई ज्यादा

रेस्टोरेंट और आवास से जुड़ी सेवाओं की कीमतों में अगस्त में सालाना आधार पर 8.38% की बढ़ोतरी हुई। पर्सनल केयर, सोशल प्रोटेक्शन और अन्य सेवाओं की महंगाई दर 15.17% रही।

सरकार की ओर से ट्रैक की जाने वाली अलग-अलग वस्तुओं में चांदी की ज्वेलरी की कीमतों में सबसे ज्यादा 107.11% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बाद अदरक 73.82%, प्याज 48.27%, लहसुन 43.60% और सोना, हीरा व प्लैटिनम ज्वेलरी में 35.53% की तेजी रही।

2024 बेस ईयर पर जारी हुए आंकड़े

अगस्त के ये आंकड़े CPI सीरीज के आधार वर्ष 2024 पर आधारित हैं। MoSPI ने बताया कि कीमतों का डेटा देशभर के 1,407 शहरी बाजारों, जिसमें ऑनलाइन बाजार भी शामिल हैं, और 1,465 गांवों से जुटाया गया।

सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से जुटाए गए इस डेटा के आधार पर अगस्त की महंगाई दर जारी की गई है। सितंबर महीने के CPI आंकड़े 12 अक्टूबर को जारी किए जाएंगे।

Read more!
Advertisement