चीन से सिर्फ 15 साल पीछे भारत... कैसे कम होगा ये फासला? इकोनॉमिस्ट ने बताया तरक्की का रास्ता

क्या आर्थिक विकास के मामले में भारत और चीन के बीच का फासला तेजी से कम हो रहा है? अमेरिकी अर्थशास्त्री एलेक्स टाबारोक के विश्लेषण में कई दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं। उन्होंने बताया है कि अगर भारत की विकास दर इसी तरह बनी रही तो अगले 15 साल में देश की तस्वीर कितनी बदल सकती है।

Advertisement

In Short

  • अमेरिकी अर्थशास्त्री के मुताबिक आर्थिक विकास में चीन से करीब 15 साल पीछे है भारत।
  • भारत की प्रति व्यक्ति GDP की सालाना वृद्धि दर 6.3 फीसदी, जबकि चीन की 5.3 फीसदी है।
  • भारत में अत्यधिक गरीबी 1993 के 47.5 फीसदी से घटकर 2023 में 2.6 फीसदी रह गई।

By Sonam:

भारत और चीन की अर्थव्यवस्था की तुलना अक्सर होती रहती है। औद्योगिक विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर और मैन्युफैक्चरिंग के मामले में चीन भारत से काफी आगे है। हालांकि, अमेरिका की जॉर्ज मेसन यूनिवर्सिटी में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर एलेक्स टाबारोक का मानना है कि भारत आर्थिक विकास के मामले में चीन से करीब 15 साल ही पीछे है। उनके मुताबिक, जिस तरह चीन ने आर्थिक तरक्की की है, उसी तरह अब भारत भी आगे बढ़ रहा है।

विश्व बैंक के आंकड़ों के उनके विश्लेषण के मुताबिक, साल 2025 में क्रय शक्ति समानता (PPP) के आधार पर भारत की प्रति व्यक्ति GDP 10,039 डॉलर तक पहुंच गई है। यह 1990 के मुकाबले करीब पांच गुना है। चीन इस स्तर पर साल 2009 के आखिर में पहुंचा था।

चीन को पहले आर्थिक सुधारों का मिला फायदा

टाबारोक के मुताबिक, चीन ने देंग शियाओपिंग के नेतृत्व में 1978 में आर्थिक सुधारों की शुरुआत की थी, जबकि भारत ने 1991 में उदारीकरण की नीति अपनाकर लाइसेंस राज की कई पाबंदियां खत्म की थीं।

चीन ने मैन्युफैक्चरिंग, निर्यात और इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत किया। वहीं, भारत का विकास मुख्य रूप से सर्विस सेक्टर, घरेलू खपत और टेक्नोलॉजी पर आधारित रहा है। साल 2025 में चीन की प्रति व्यक्ति GDP (PPP) 25,067 डॉलर रही, जो भारत के मुकाबले करीब ढाई गुना है।

चीन से ज्यादा है भारत की प्रति व्यक्ति GDP की ग्रोथ

विश्लेषण के मुताबिक, पिछले तीन वर्षों में भारत की प्रति व्यक्ति GDP की सालाना वृद्धि दर 6.3 फीसदी रही है, जबकि चीन की 5.3 फीसदी रही है।

टाबारोक का कहना है कि अगर प्रति व्यक्ति आर्थिक वृद्धि की दर 6 फीसदी बनी रहती है, तो हर 12 साल में जीवन स्तर दोगुना हो सकता है। अगले 15 वर्षों में भारत 20,000 डॉलर प्रति व्यक्ति GDP वाली मध्यम आय की अर्थव्यवस्था बन सकता है।

गरीबी घटी, जीवन स्तर में हुआ सुधार

विश्व बैंक के प्रतिदिन 3 डॉलर के गरीबी मानक के मुताबिक, भारत में अत्यधिक गरीबी 1993 में 47.5 फीसदी थी, जो 2011 में घटकर 27.1 फीसदी और 2023 में 2.6 फीसदी रह गई।

साल 2000 में देश की 60.3 फीसदी आबादी तक बिजली की पहुंच थी, जो 2024 में बढ़कर 99.9 फीसदी हो गई। खुले में शौच करने वाली आबादी का अनुपात भी 73.2 फीसदी से घटकर 6.7 फीसदी रह गया है। वहीं, 1990 के मुकाबले शिशु मृत्यु दर में 72 फीसदी की गिरावट आई है और औसत जीवन प्रत्याशा बढ़कर 72.2 साल हो गई है।

भारत के सामने अभी क्या हैं चुनौतियां?

टाबारोक के मुताबिक, भारत को आर्थिक विकास की रफ्तार बनाए रखने के लिए श्रम और जमीन से जुड़े सुधारों, स्वच्छ हवा, तेज न्यायिक प्रक्रिया और बेहतर प्रशासनिक क्षमता पर काम करना होगा। इसके अलावा मैन्युफैक्चरिंग, रोजगार के अवसर और उत्पादकता बढ़ाने पर भी जोर देना होगा।

भारत चीन जैसी आर्थिक सफलता हासिल कर पाएगा या नहीं, यह अभी निश्चित नहीं है। हालांकि, विकास की मौजूदा रफ्तार बताती है कि दोनों देशों के बीच आर्थिक अंतर हमेशा बना रहे, यह जरूरी नहीं है।

Read more!
Advertisement