महंगाई से आम आदमी की जेब पर मार! McDonald's से Nestle तक बड़ी कंपनियां क्यों नहीं बढ़ा रहीं कीमतें?
देश में बढ़ती महंगाई अब आम लोगों के साथ बड़ी कंपनियों की भी मुश्किलें बढ़ा रही है। McDonald's, KFC और Nestle जैसे बड़े ब्रांड लागत बढ़ने के बावजूद कीमतों में इजाफा करने से बच रहे हैं। आखिर कंपनियों को किस बात का डर सता रहा है और आगे क्या होगा?

In Short
- महंगाई बढ़ने से आम लोगों की खरीदारी करने की क्षमता पर दबाव बढ़ रहा है।
- McDonald's, KFC और Nestle जैसी कंपनियां कीमतें बढ़ाने को लेकर सतर्क हैं।
- बढ़ती लागत और कमजोर मांग के कारण कंपनियों के मुनाफे पर दबाव बढ़ने की आशंका है।
भारत में बढ़ती महंगाई अब आम लोगों के साथ-साथ बड़ी कंपनियों के लिए भी परेशानी बन रही है। खाने-पीने की चीजों से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक का खर्च बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों की खरीदारी करने की क्षमता पर असर पड़ने लगा है। यही वजह है कि McDonald's, KFC, Pizza Hut और Nestle जैसी बड़ी कंपनियां लागत बढ़ने के बावजूद अपने प्रोडक्ट्स की कीमतें बढ़ाने से बच रही हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, कम से कम 15 कंज्यूमर कंपनियां कीमतें बढ़ाने को लेकर सावधानी बरत रही हैं। कंपनियों को डर है कि अगर कीमतें और बढ़ाईं तो ग्राहक खरीदारी कम कर सकते हैं।
महंगाई ने बढ़ाई कंपनियों की चिंता
भारत में सितंबर के दौरान महंगाई दर बढ़कर 5.54 फीसदी पहुंच गई, जो करीब दो साल का उच्चतम स्तर है। वहीं खाद्य महंगाई 7.74 फीसदी रही। सब्जियों, फलों, खाने के तेल और चीनी जैसी चीजों की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है।
महंगाई का असर अब ट्रांसपोर्ट, रेस्टोरेंट और दूसरी सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। इससे परिवारों का बजट बिगड़ रहा है और लोग गैर-जरूरी खर्चों में कटौती कर रहे हैं।
McDonald's और KFC क्यों नहीं बढ़ा रहे दाम?
पश्चिम और दक्षिण भारत में McDonald's स्टोर चलाने वाली Westlife Foodworld के सीईओ अक्षय जाटिया के मुताबिक, कंपनी सामान्य सालाना बढ़ोतरी से ज्यादा कीमतें बढ़ाने को लेकर सतर्क है। कंपनी चाहती है कि ग्राहकों की संख्या प्रभावित न हो।
वहीं KFC और Pizza Hut का संचालन करने वाली Devyani International ग्राहकों के लिए कम कीमत वाले प्रोडक्ट्स पर जोर दे रही है। कंपनी के सीईओ मनीष डावर के मुताबिक, खाद्य महंगाई और बढ़ती ब्याज दरों के कारण गैर-जरूरी खर्चों पर दबाव बना रह सकता है।
Nestle और Varun Beverages पर भी दबाव
Nestle India लागत बढ़ने का बोझ ग्राहकों पर डालने के बजाय अपने कामकाज की लागत घटाने पर ध्यान दे रही है।
वहीं PepsiCo की भारतीय बॉटलिंग कंपनी Varun Beverages ने कच्चे माल की बढ़ती कीमतों से मुनाफे के मार्जिन पर दबाव की बात कही है।
United Spirits के मुताबिक, बढ़ती महंगाई का असर खासतौर पर कम आय वाले शहरी ग्राहकों पर पड़ रहा है, जिससे उसके सस्ते शराब ब्रांडों की बिक्री प्रभावित हुई है।
आगे कैसी रहेगी बाजार में मांग?
Worldpanel by Numerator के आंकड़ों के मुताबिक, मौजूदा तिमाही में भारत की खपत वृद्धि घटकर 3.5 फीसदी रह सकती है, जबकि जून तिमाही में यह 5.2 फीसदी थी।
HSBC का अनुमान है कि दिसंबर के बाद घरेलू आर्थिक गतिविधियों में नरमी आ सकती है। हालांकि टैक्स कलेक्शन और डिजिटल खर्च फिलहाल मजबूत बने हुए हैं।
त्योहारी सीजन कंपनियों को कुछ राहत दे सकता है, क्योंकि इस दौरान कई कंज्यूमर कंपनियों की सालाना बिक्री का करीब एक-तिहाई हिस्सा आता है। लेकिन बड़ा सवाल यही है कि कंपनियां बढ़ती लागत का बोझ आखिर कब तक खुद उठाती रहेंगी?