भारत की GDP ग्रोथ 6.8% तक पहुंचाने के लिए क्या करना होगा? IMF ने बताया रोजगार और निवेश का पूरा फॉर्मूला
भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर IMF ने बड़ा अनुमान जताया है। देश की संभावित ग्रोथ 6.8% तक पहुंच सकती है, लेकिन इसके लिए कुछ अहम बदलाव जरूरी होंगे। IMF ने रोजगार, निजी निवेश और आर्थिक सुधारों पर जोर दिया है। जानिए भारत की तरक्की को लेकर क्या कहा गया है।

In Short
- IMF ने भारत की मीडियम टर्म संभावित ग्रोथ का अनुमान 6.5% से बढ़ाकर 6.8% किया।
- तेज आर्थिक विकास के लिए अच्छी नौकरियां, निजी निवेश और उत्पादकता बढ़ाने पर जोर।
- IMF ने 2026 और 2027 के लिए भारत की GDP ग्रोथ 7% रहने का अनुमान जताया।
भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) ने एक अहम बात कही है। IMF के मुताबिक, भारत की मीडियम टर्म ग्रोथ यानी मध्यम अवधि में विकास की क्षमता 6.8% तक पहुंच सकती है। हालांकि, इसके लिए देश में अच्छी नौकरियों के अवसर बढ़ाने, निजी निवेश को रफ्तार देने और कामकाज की उत्पादकता सुधारने की जरूरत होगी।
IMF ने अक्टूबर में जारी अपनी वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट में भारत की संभावित ग्रोथ का अनुमान 6.5% से बढ़ाकर 6.8% कर दिया था।
भारत की ग्रोथ को लेकर IMF ने क्या कहा?
IMF की कम्युनिकेशंस डायरेक्टर जूली कोजैक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत है और मुश्किल वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद देश ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
उन्होंने बताया कि भारत की बड़ी युवा आबादी, लगातार बढ़ता घरेलू बाजार और आर्थिक सुधारों की रफ्तार को देखते हुए ग्रोथ का अनुमान बढ़ाया गया है।
कोजैक के मुताबिक, भारत दुनिया की आर्थिक तरक्की में अहम भूमिका निभा रहा है। लेकिन आगे तेज विकास बनाए रखने के लिए लगातार सुधार करना जरूरी होगा।
अच्छी नौकरियां और प्राइवेट निवेश क्यों जरूरी?
IMF का कहना है कि भारत को 6.8% की संभावित विकास दर हासिल करने के लिए सिर्फ आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने से काम नहीं चलेगा। देश में बेहतर गुणवत्ता वाली नौकरियां पैदा करनी होंगी।
इसके साथ ही निजी कंपनियों का निवेश बढ़ाना और उत्पादकता में सुधार करना भी जरूरी है। यानी उपलब्ध संसाधनों और कामकाज से ज्यादा बेहतर नतीजे हासिल करने पर जोर देना होगा।
कोजैक ने कहा कि इन मुद्दों पर भारत के साथ होने वाली आगामी आर्टिकल 4 कंसल्टेशन में भी चर्चा की जाएगी।
भारत की GDP ग्रोथ का अनुमान बढ़ाकर 7% किया
IMF ने भारत की आर्थिक विकास दर को लेकर अपने अनुमानों में भी बदलाव किया है। अक्टूबर की रिपोर्ट में 2026 के लिए भारत की ग्रोथ का अनुमान बढ़ाकर 7% कर दिया गया।
यह जुलाई 2026 के 6.4% अनुमान से 0.6 प्रतिशत अंक ज्यादा है। वहीं, 2027 के लिए भी ग्रोथ का अनुमान 7% रखा गया है।
IMF के मुताबिक, मजबूत घरेलू मांग और सर्विस सेक्टर की अच्छी गतिविधियों से भारतीय अर्थव्यवस्था को सहारा मिल रहा है।
वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत की स्थिति मजबूत
IMF की वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट Resilience Under Strain, Urgent Choices के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में संघर्ष, महंगा कच्चा तेल और वैश्विक अनिश्चितता के बावजूद भारत प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से बढ़ने वाले देशों में शामिल है।
कैलेंडर वर्ष के आधार पर IMF ने 2026 में भारत की ग्रोथ 7.4% और 2027 में 7% रहने का अनुमान जताया है।
IMF का संदेश है कि भारत के पास तेज आर्थिक विकास की मजबूत संभावनाएं हैं, लेकिन इन्हें हासिल करने के लिए रोजगार, निवेश और उत्पादकता पर लगातार ध्यान देना होगा।