भारत की पहली बुलेट ट्रेन को लेकर अपडेट! समुद्र के नीचे बनेगी सुरंग, जानें रूट और रफ्तार
भारत की पहली बुलेट ट्रेन को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसके निर्माण और शुरुआत को लेकर नया अपडेट दिया है। इस प्रोजेक्ट में जमीन के नीचे स्टेशन और समुद्र के अंदर सुरंग बनाई जा रही है। जानिए कब दौड़ेगी बुलेट ट्रेन और क्या होगा इसका रूट।

In Short
- भारत की पहली बुलेट ट्रेन की सर्विस 2027 की आखिरी तिमाही में शुरू होने की उम्मीद है।
- मुंबई के BKC में जमीन से करीब 100 फीट नीचे बनाया जा रहा है अंडरग्राउंड स्टेशन।
- मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर पर 320 KM प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से दौड़ेगी बुलेट ट्रेन।
भारत की पहली बुलेट ट्रेन का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस प्रोजेक्ट को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि बुलेट ट्रेन के लिए जमीन के नीचे स्टेशन से लेकर समुद्र के अंदर सुरंग तक बनाई जा रही है। इस प्रोजेक्ट पर काम पूरा होने के बाद देश में हाई स्पीड रेल यात्रा की शुरुआत होगी।
2027 में दौड़ सकती है पहली बुलेट ट्रेन
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन अब सिर्फ घोषणा नहीं, बल्कि हकीकत बन रही है। मुंबई से अहमदाबाद के बीच 508 किलोमीटर लंबे हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का निर्माण तेजी से जारी है।
रेल मंत्री के मुताबिक, बुलेट ट्रेन की पहली सर्विस 2027 की आखिरी तिमाही में शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए ट्रैक, पुल, सुरंग और रेलवे स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है।
मुंबई में जमीन से 100 फीट नीचे बनेगा स्टेशन
मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में बुलेट ट्रेन का अंडरग्राउंड स्टेशन बनाया जा रहा है। यह स्टेशन जमीन से करीब 32 मीटर यानी लगभग 100 फीट नीचे होगा।
यह पूरे मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर का इकलौता अंडरग्राउंड स्टेशन होगा। इसमें तीन लेवल बनाए जा रहे हैं, जिनमें प्लेटफॉर्म, कॉन्कोर्स और सर्विस एरिया शामिल हैं। स्टेशन पर कुल छह प्लेटफॉर्म होंगे और हर प्लेटफॉर्म की लंबाई 400 मीटर से ज्यादा होगी।
समुद्र के नीचे 7 किलोमीटर लंबी सुरंग
इस प्रोजेक्ट की एक और खास बात समुद्र के नीचे बनाई जा रही सुरंग है। महाराष्ट्र में बुलेट ट्रेन 21 किलोमीटर लंबी सुरंग से गुजरेगी। इसका करीब 7 किलोमीटर हिस्सा ठाणे क्रीक के नीचे होगा। यह देश की पहली अंडरसी रेल सुरंग होगी।
सुरंग बनाने के लिए जुलाई 2026 में विक्रोली और सावली से दो टनल बोरिंग मशीनें लॉन्च की गई थीं। इन मशीनों का वजन 3,000 टन से ज्यादा है। हर मशीन में 13.6 मीटर व्यास का कटरहेड लगा है और इसकी लंबाई करीब 96 मीटर है।
320 KM की रफ्तार और 12 स्टेशन
बुलेट ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 320 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जबकि औसत रफ्तार करीब 300 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की बात कही गई है।
यह कॉरिडोर महाराष्ट्र, गुजरात और दादरा एवं नगर हवेली से होकर गुजरेगा। इसके 12 स्टेशन मुंबई BKC, ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती होंगे।