भारत समेत 16 देशों पर फिर मंडराया टैरिफ का खतरा! इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने की तैयारी में डोनाल्ड ट्रंप
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर जारी बातचीत के बीच डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन एक बार फिर टैरिफ बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। अमेरिका के निशाने पर भारत समेत 16 प्रमुख अर्थव्यवस्थाएं हैं। ऐसे में सवाल है कि नए टैरिफ का भारत और व्यापार समझौते पर क्या असर पड़ेगा?

In Short
- भारत समेत 16 अर्थव्यवस्थाओं पर नया टैरिफ लगाने की तैयारी में अमेरिका।
- जापान और दक्षिण कोरिया के मुकाबले भारत पर ज्यादा टैरिफ लगने की आशंका।
- नए अमेरिकी टैरिफ ढांचे के इंतजार में अटकी है भारत-अमेरिका ट्रेड डील।
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर चल रही बातचीत के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर भारत पर टैरिफ बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन भारत समेत 16 प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं पर ज्यादा आयात शुल्क लगाने की योजना बना रहा है। इनमें चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और यूरोपीय संघ भी शामिल हैं। अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर इसी हफ्ते जांच के नतीजों का ऐलान कर सकते हैं। हालांकि, इसकी समयसीमा में बदलाव भी संभव है।
क्यों टैरिफ बढ़ाना चाहता है अमेरिका?
अमेरिका का आरोप है कि कई देश सरकारी सब्सिडी और आर्थिक मदद के जरिए अपनी घरेलू कंपनियों को कम लागत में उत्पादन करने में मदद करते हैं। इससे ये कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार में सस्ते दाम पर सामान बेच पाती हैं। अमेरिकी कंपनियों के लिए इनसे मुकाबला करना मुश्किल हो जाता है।
ट्रंप प्रशासन का मानना है कि इससे अमेरिका की घरेलू मैन्युफैक्चरिंग कमजोर होती है। प्रस्तावित टैरिफ के दायरे में ज्यादातर निर्यात उत्पाद आ सकते हैं। हालांकि, स्टील, एल्युमीनियम और ऑटोमोबाइल को इससे बाहर रखा जा सकता है, क्योंकि इन पर पहले से अलग टैरिफ लागू हैं।
भारत पर कितना लग सकता है टैरिफ?
अभी नई टैरिफ दरें तय नहीं हुई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जापान, यूरोपीय संघ और दक्षिण कोरिया पर 15 फीसदी या इससे कम टैरिफ लगाया जा सकता है। वहीं, भारत और वियतनाम पर इससे ज्यादा टैरिफ लगने की आशंका है। चीन पर विशेष रूप से ज्यादा टैरिफ लगाया जा सकता है।
क्यों अटकी है भारत-अमेरिका ट्रेड डील?
भारत और अमेरिका ने 7 फरवरी 2026 को अंतरिम व्यापार समझौते के फ्रेमवर्क का ऐलान किया था। इसके तहत अमेरिका भारतीय उत्पादों पर रेसिप्रोकल टैरिफ 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करने और रूसी तेल की खरीद पर लगाया गया अतिरिक्त 25 फीसदी टैरिफ हटाने पर सहमत हुआ था।
हालांकि, फरवरी में ही अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने पुराने रेसिप्रोकल टैरिफ को रद्द कर दिया था। इसके बाद अमेरिका नया टैरिफ ढांचा तैयार करने में जुट गया।
सेक्शन 301 की जांच भी बनी बड़ी बाधा
अमेरिका ट्रेड एक्ट 1974 के सेक्शन 301 के तहत सरकारी सब्सिडी और जरूरत से ज्यादा औद्योगिक उत्पादन की जांच कर रहा है। भारत भी इस जांच के दायरे में है।
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने 18 नवंबर को कहा था कि ट्रेड डील से जुड़े कानूनी दस्तावेज अंतिम चरण में हैं और दोनों देश जल्द समझौता करना चाहते हैं। हालांकि, नए अमेरिकी टैरिफ ढांचे और लंबित जांचों पर स्थिति साफ होने तक समझौते पर हस्ताक्षर करने में समय लग सकता है।
इसके अलावा, जुलाई में जबरन मजदूरी से बने उत्पादों के व्यापार को रोकने में नाकाम अर्थव्यवस्थाओं पर घोषित 10 से 12.5 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ भी लागू हो सकता है। हालांकि, इस फैसले को फिलहाल अदालत में चुनौती दी गई है।