HDFC Bank के दो अधिकारियों ने लीक की गोपनीय कारोबारी जानकारी, जांच में मिले सबूत

HDFC Bank में दो वरिष्ठ अधिकारियों को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। बैंक की आंतरिक जांच में गोपनीय कारोबारी जानकारी बाहरी लोगों तक पहुंचने के सबूत मिले हैं। यह खुलासा ऐसे समय हुआ है, जब बैंक में नेतृत्व बदलने की तैयारी चल रही है। अब सवाल है कि आगे क्या कार्रवाई होगी?

Advertisement

In Short

  • HDFC Bank के दो वरिष्ठ अधिकारियों पर गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप।
  • आंतरिक जांच में मिले सबूत, अधिकारियों पर कार्रवाई को लेकर स्थिति साफ नहीं।
  • नए सीईओ की नियुक्ति से पहले बैंक में सामने आया बड़ा मामला।

By Gungun Mishra:

देश के प्रमुख निजी बैंक HDFC Bank से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। बैंक की आंतरिक जांच में पता चला है कि उसके दो वरिष्ठ अधिकारियों ने कारोबार से जुड़ी गोपनीय रणनीतियां और शेयर बाजार को प्रभावित कर सकने वाली संवेदनशील जानकारी बाहरी लोगों के साथ साझा की थी। फिलहाल बैंक इस पूरे मामले की जांच कर रहा है।

आंतरिक जांच में क्या सामने आया?

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, HDFC Bank के दो वरिष्ठ अधिकारी बैंक के महत्वपूर्ण कारोबार और विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। बैंक के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने गोपनीय जानकारी बाहर जाने की आशंका जताई थी। इसके बाद आंतरिक जांच शुरू की गई।

जांच में दोनों अधिकारियों की भूमिका सामने आई है। हालांकि, अभी यह पता लगाया जा रहा है कि बाहर साझा की गई जानकारी का किसी तरह से गलत इस्तेमाल हुआ या नहीं।

बैंक ने मामले पर क्या कहा?

HDFC Bank के प्रवक्ता ने आंतरिक जांच की पुष्टि की है, लेकिन जांच के नतीजों और इसमें शामिल अधिकारियों के नाम बताने से इनकार कर दिया।

प्रवक्ता के मुताबिक, बैंक अपनी नीतियों के तहत मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच और समीक्षा कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद उसके नतीजों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

बैंक ने यह भी कहा कि वह नैतिक मूल्यों और कॉरपोरेट गवर्नेंस के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी संभावित नियम उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाता है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

दोनों अधिकारियों पर क्या होगी कार्रवाई?

रिपोर्ट के मुताबिक, जांच के शुरुआती निष्कर्ष इस साल की शुरुआत में बैंक के वरिष्ठ प्रबंधन और बोर्ड के कुछ सदस्यों तक पहुंचाए गए थे।

दोनों अधिकारियों को भी औपचारिक रूप से जांच के निष्कर्षों की जानकारी दे दी गई है। हालांकि, अभी साफ नहीं है कि उनके खिलाफ किस तरह की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

HDFC Bank के लिए मुश्किल समय

यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब HDFC Bank पहले से ही प्रबंधन स्तर पर बड़े बदलावों से गुजर रहा है।

करीब 115 अरब डॉलर की मार्केट वैल्यू वाले इस बैंक ने पिछले तीन दशकों में मजबूत आंतरिक नियंत्रण, बेहतर प्रबंधन और लगातार मुनाफे के दम पर अपनी पहचान बनाई है। हालांकि, इस साल बैंक के शेयरों में करीब 28 फीसदी की गिरावट आई है।

27 अक्टूबर को मिलेगा नया CEO

HDFC Bank में नेतृत्व के स्तर पर भी बड़ा बदलाव होने जा रहा है। ICICI Group के अनुभवी अधिकारी अनूप बागची 27 अक्टूबर को बैंक के नए सीईओ का पद संभालेंगे। वह बैंक के बाहर से आने वाले पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी होंगे।

इससे पहले मार्च में तत्कालीन चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने अचानक इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने बैंक की कुछ कार्यप्रणालियों और अपने व्यक्तिगत मूल्यों के बीच मतभेद की बात कही थी। हालांकि, बैंक की ओर से कराई गई स्वतंत्र कानूनी समीक्षा में उनकी चिंताओं की पुष्टि नहीं हुई।

मौजूदा सीईओ शशिधर जगदीशन ने भी छह साल तक जिम्मेदारी संभालने के बाद अगला कार्यकाल नहीं लेने का फैसला किया है। वहीं, डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर कैजाद भरूचा ने भी दिसंबर के अंत में बैंक छोड़ने की इच्छा जताई है।

इन बदलावों के बीच गोपनीय जानकारी लीक होने का मामला बैंक के लिए एक और चुनौती बनकर सामने आया है।

Read more!
Advertisement