भारत में दवाएं विकसित करने की तैयारी में GSK, जानिए मरीजों को कैसे होगा फायदा?

ब्रिटेन की फार्मा कंपनी GSK भारत में अपने कारोबार को नई दिशा देने की तैयारी कर रही है। कंपनी का फोकस कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों की आधुनिक दवाओं और रिसर्च पर है। जानिए कंपनी की क्या है पूरी योजना और इससे आने वाले समय में भारतीय मरीजों को क्या फायदा होगा।

Advertisement

In Short

  • भारत में वेट लैब स्थापित करने की संभावनाएं तलाश रही है GSK।
  • देश में कैंसर से जुड़े करीब 15-16 क्लिनिकल ट्रायल चला रही है कंपनी।
  • अमेरिका और भारत में नई दवाओं के लॉन्च का अंतर कम करने पर जोर।

By Shraddha Shukla:

ब्रिटेन की फार्मा कंपनी ग्लैक्सोस्मिथक्लाइन (GSK) भारत में अपने कारोबार और रिसर्च का दायरा बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी चाहती है कि नई दवाओं को विकसित करने में भारत की भूमिका और मजबूत हो। साथ ही भारतीय मरीजों तक आधुनिक दवाएं जल्द पहुंचाने पर भी कंपनी का जोर है। इसके लिए GSK रिसर्च, टेक्नोलॉजी और नई दवाओं के लॉन्च से जुड़ी कई संभावनाएं तलाश रही है।

भारत में वेट लैब खोलने की तैयारी

GSK इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर भूषण अक्षिकर ने बिजनेस टुडे को बताया कि कंपनी भारत में शुरुआती स्तर पर दवाएं विकसित करने और वेट लैब स्थापित करने की संभावनाएं तलाश रही है। वेट लैब ऐसी रिसर्च लैब होती है, जहां वैज्ञानिक केमिकल और बायोलॉजिकल सैंपल की मदद से प्रयोग करते हैं। हालांकि, इसे स्थापित करने पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

रिसर्च में बढ़ेगी भारत की भूमिका

कंपनी का बेंगलुरु में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) है, जहां ग्लोबल प्रोग्राम के लिए क्लिनिकल रिसर्च, प्रोटोकॉल डेवलपमेंट और क्लिनिकल ऑपरेशंस से जुड़े काम होते हैं। कंपनी ने हैदराबाद में भी दूसरा सेंटर खोलने का ऐलान किया है। यहां हेल्थकेयर, टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल पर जोर रहेगा।

कैंसर के इलाज पर खास फोकस

भारत में GSK के कैंसर से जुड़े करीब 15-16 क्लिनिकल ट्रायल चल रहे हैं। इनमें महिलाओं से जुड़े कैंसर, फेफड़ों और पेट के कैंसर का इलाज शामिल है। कंपनी B7-H3 और B7-H4 प्रोटीन को टारगेट करने वाली दवाएं भी विकसित कर रही है। B7-H3 आधारित दवा के 15-20 तरह की मेडिकल कंडीशंस में इस्तेमाल की संभावना है। ग्लोबोकैन के अनुमान के मुताबिक, 2024 में भारत में कैंसर के करीब 15.6 लाख नए मामले सामने आए थे।

प्रतीकात्मक तस्वीर

भारतीय मरीजों को जल्द मिलेंगी नई दवाएं

GSK अमेरिका और भारत में नई दवाओं के लॉन्च के बीच का अंतर कम करना चाहती है। ब्लड कैंसर के एक प्रकार मल्टीपल मायलोमा के इलाज की दवा Blenrep को अमेरिकी मंजूरी मिलने के एक साल के भीतर भारत में लॉन्च किया गया। Jemperli और Zejula के बाद यह भारत में कंपनी की तीसरी कैंसर की दवा है।

कीमत और मरीजों की मदद पर जोर

कंपनी के अनुमान के मुताबिक, भारत में करीब 40,000 मल्टीपल मायलोमा के मरीज हैं। इनमें लगभग 11,000 मरीज उन ट्रीटमेंट स्टेज में हैं, जिनके लिए Blenrep इस्तेमाल की जा सकती है। कंपनी भारतीय मरीजों के हिसाब से कीमत तय करने के साथ आर्थिक मदद और देखभाल से जुड़े सपोर्ट प्रोग्राम भी शुरू करना चाहती है।

हेपेटाइटिस और अस्थमा की दवाओं पर भी काम

GSK ने अक्टूबर में हेपेटाइटिस-B की दवा Bepirovirsen को भारतीय रेगुलेटर्स के पास मंजूरी के लिए भेजा है। कंपनी फैटी लिवर की बीमारी MASH की दवा Efimosfermin भी विकसित कर रही है। इसके अलावा हर छह महीने में एक बार दी जाने वाली अस्थमा की दवा और वयस्कों की वैक्सीन पर भी कंपनी का फोकस है।

कैसा है GSK का भारत में कारोबार?

वित्त वर्ष 2025-26 में GSK इंडिया का रेवेन्यू 2 फीसदी बढ़कर 3,790 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 10 फीसदी बढ़कर 1,012 करोड़ रुपये रहा। कंपनी नई दवाओं और वैक्सीन से रेवेन्यू में हिस्सेदारी करीब 6 फीसदी से बढ़ाकर 10 फीसदी करना चाहती है।

GSK के प्रोडक्ट हर साल करीब 30 करोड़ भारतीयों तक पहुंचते हैं। कंपनी के मुताबिक, भारत में हर सात सेकंड में एक बच्चे को GSK की वैक्सीन लगती है। कंपनी 1928 से भारत में मैन्युफैक्चरिंग कर रही है और नासिक में उसका करीब 45 एकड़ में फैला प्लांट है।

Read more!
Advertisement