टैक्सपेयर्स के लिए बड़ी राहत! सरकार ने बढ़ाई GSTAT में अपील दाखिल करने की आखिरी तारीख, जानिए नई डेडलाइन

GST टैक्सपेयर्स के लिए राहत की खबर है। सरकार ने GSTAT में अपील दाखिल करने की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब करदाता पहले से ज्यादा समय तक अपील कर सकेंगे। आखिर नई डेडलाइन क्या है और सरकार ने यह फैसला क्यों लिया? जानिए पूरी जानकारी।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • सरकार ने GSTAT में अपील दाखिल करने की अंतिम तारीख 30 जून से बढ़ाकर 31 जुलाई 2026 कर दी है।
  • GSTAT पोर्टल पर तकनीकी दिक्कतों और अंतिम समय में बढ़े दबाव के बाद यह फैसला लिया गया।
  • वित्त मंत्रालय ने टैक्सपेयर्स से अपील अंतिम समय का इंतजार किए बिना समय रहते दाखिल करने की सलाह दी है।

By Gaurav Kumar:

सरकार ने गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स अपीलीय अधिकरण (GSTAT) में अपील दाखिल करने की अंतिम तारीख एक महीने बढ़ा दी है। अब टैक्सपेयर्स 31 जुलाई 2026 तक अपील दाखिल कर सकेंगे। इससे पहले यह समयसीमा 30 जून 2026 तय की गई थी।

वित्त मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि जीएसटी कानून की धारा 112(1) और धारा 112(3) के तहत अपील दाखिल करने की नई अंतिम तारीख 31 जुलाई 2026 होगी। मंत्रालय ने बताया कि पहले यह समयसीमा 17 सितंबर 2025 को जारी अधिसूचना के जरिए 30 जून 2026 निर्धारित की गई थी।

तकनीकी दिक्कतों के बाद लिया गया फैसला

मंत्रालय के अनुसार, कई हितधारकों ने GSTAT पोर्टल पर अपील दाखिल करने में तकनीकी समस्याओं की जानकारी दी थी। ये दिक्कतें अंतिम समय में बड़ी संख्या में अपीलें दाखिल होने की वजह से सामने आईं। इन सुझावों और शिकायतों के बाद सरकार ने समयसीमा बढ़ाने का फैसला लिया।

मंत्रालय ने कहा कि हालांकि अंतिम तारीख की जानकारी काफी पहले दे दी गई थी, लेकिन अधिकांश अपीलें आखिरी दिनों में दाखिल की गईं। केवल अंतिम 15 दिनों में ही करीब 30,000 अपीलें पोर्टल पर दर्ज हुईं। इस दौरान एक दिन में सबसे अधिक 5,500 अपीलें दाखिल की गईं, जिससे पोर्टल पर दबाव बढ़ गया।

टैक्सपेयर्स को पहले से तैयारी की सलाह

वित्त मंत्रालय ने टैक्सपेयर्स से अपील दाखिल करने के लिए अंतिम समय तक इंतजार नहीं करने की सलाह दी है। मंत्रालय का कहना है कि समय रहते अपील दाखिल करने से तकनीकी दिक्कतों से बचा जा सकता है और इससे पोर्टल पर अधिक दबाव भी नहीं पड़ेगा।

सरकार का मानना है कि नई समयसीमा से जिन करदाताओं की अपीलें अभी लंबित हैं, उन्हें अतिरिक्त समय मिलेगा। साथ ही, अंतिम समय में बढ़ने वाले दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी।

Read more!
Advertisement