सोने और चांदी का भाव धड़ाम! शादी के सीजन से पहले खरीदारी करें या नहीं? एक्सपर्ट से जानिए अहम लेवल्स
त्योहार और शादी के सीजन से पहले सोने की कीमतों में आई गिरावट ने खरीदारों का ध्यान खींचा है। लेकिन क्या यह खरीदारी का सही मौका है? एक्सपर्ट ने लंबी अवधि के निवेशकों के लिए अहम सलाह दी है और साथ ही ऐसे प्राइस लेवल भी बताए हैं, जिन पर नजर रखना जरूरी है।

Gold Price: त्योहारों और शादी के सीजन से पहले अगर आप सोना खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की हो सकती है। बाजार में हाल के दिनों में सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है।
अगर आज की बात करें तो मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 05 अगस्त का सोना का फ्यूचर ट्रेड 0.68 प्रतिशत या 987 रुपये गिरकर 143126 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था वहीं चांदी का 04 सितंबर 2026 का फ्यूचर ट्रेड 0.13 प्रतिशत या 283 रुपये की गिरावट के साथ 223189 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रहा था।
आपके शहर में क्या है सोने और चांदी का भाव
- दिल्ली में आज 24 कैरेट सोने का भाव प्रति 10 ग्राम ₹1,43,170 है। और 22 कैरेट गोल्ड की कीमत प्रति 10 ग्राम ₹1,31,250 है। वहीं चांदी का भाव प्रति किलोग्राम ₹2,40,000 है।
- मुंबई में आज 24 कैरेट सोने का भाव प्रति 10 ग्राम ₹1,43,020 है। और 22 कैरेट गोल्ड की कीमत प्रति 10 ग्राम ₹1,31,100 है। वहीं चांदी का भाव प्रति किलोग्राम ₹2,40,000 है।
- चेन्नई में आज 24 कैरेट सोने का भाव प्रति 10 ग्राम ₹1,45,090 है। और 22 कैरेट गोल्ड की कीमत प्रति 10 ग्राम ₹1,33,000 है। वहीं चांदी का भाव प्रति किलोग्राम ₹2,45,000 है।
क्या अभी सोने और चांदी में करनी चाहिए खरीदारी?
बिजनेस टुडे के शो What's Hot में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए SS Wealth की सुगंधा सचदेवा ने कहा कि सोने का लंबी अवधि का आउटलुक अभी भी पॉजिटिव बना हुआ है। उनका मानना है कि हालिया गिरावट निवेशकों के लिए अच्छा मौका है, खासकर उनके लिए जो 2 से 3 साल का नजरिया रखते हैं।
हालांकि, अगर कोई सिर्फ शॉर्ट टर्म ट्रेडिंग करना चाहता है तो उसे उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। लेकिन लंबी अवधि के निवेशकों के लिए मौजूदा स्तर अच्छे माने जा रहे हैं।
हाल की गिरावट को समझिए
एक्सपर्ट के मुताबिक, सोना अपने हालिया ऊपरी स्तर से करीब 29% तक गिर चुका है। इसके अलावा प्रधानमंत्री की ओर से सोने की खरीदारी कम करने की अपील के बाद देश में सोने के आयात में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है। पिछले महीने सोने के आयात में करीब 39% की कमी दर्ज की गई, जिससे बाजार में मांग का असर भी दिखाई दिया।
एक साथ नहीं, किस्तों में करें खरीदारी
एक्सपर्ट की सलाह है कि निवेशकों को एक बार में पूरा पैसा लगाने के बजाय स्टैगर्ड यानी किस्तों में खरीदारी करनी चाहिए। इससे अगर कीमतों में और गिरावट आती है तो औसत खरीद कीमत कम की जा सकती है।
उनका कहना है कि शॉर्ट टर्म में बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है।
इन लेवल्स पर रखें नजर
एक्सपर्ट ने निवेशकों के लिए गोल्ड के लिए कुछ अहम स्तर भी बताए हैं।
₹1,35,000 पहला मजबूत सपोर्ट लेवल माना जा रहा है और ₹1,27,000 दूसरा अहम सपोर्ट लेवल है। अगर कीमतें इन स्तरों के आसपास आती हैं तो निवेशक चरणबद्ध तरीके से खरीदारी पर विचार कर सकते हैं।
कब आएगी बड़ी तेजी?
एक्सपर्ट का कहना है कि अगर सोने का भाव ₹1,56,000 के ऊपर मजबूती से निकल जाता है, तो तेजी और मजबूत हो सकती है। लेकिन अगर कीमतें इस स्तर के नीचे बनी रहती हैं, तो कुछ समय तक बाजार में कंसोलिडेशन और हल्का करेक्शन देखने को मिल सकता है।
साल के आखिर तक क्या है अनुमान?
त्योहार और शादी के सीजन को देखते हुए एक्सपर्ट साल के आखिर तक भी सोने को लेकर पॉजिटिव हैं। उनका अनुमान है कि अगर बाजार का माहौल अनुकूल रहा तो सोने का भाव ₹1.80 लाख से ₹1.85 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है।