Gold-Silver Price: भारी गिरावट के बाद सोने-चांदी में रिकवरी, क्या अब आएगी तेजी या फिर टूटेंगे भाव?

पिछले हफ्ते भारी गिरावट के बाद सोने और चांदी की कीमतों में रिकवरी देखने को मिल रही है। इस हफ्ते अमेरिकी मिडटर्म चुनाव, फेडरल रिजर्व के फैसले, कच्चे तेल की कीमतों और रोजगार के आंकड़ों से बाजार की दिशा तय हो सकती है। जानिए एक्सपर्ट की राय और अहम लेवल।

Advertisement

By Shakshi:

Gold-Silver Price Outlook: पिछले हफ्ते सोने और चांदी में भारी गिरावट के बाद अब कीमतों में कुछ सुधार देखने को मिल रहा है। लेकिन क्या यह तेजी आगे भी जारी रहेगी या फिर दोनों कीमती धातुओं पर दोबारा दबाव बढ़ेगा? कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, महंगाई की चिंता और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता के बीच इस हफ्ते बाजार की नजर US के मिडटर्म चुनाव और रोजगार से जुड़े आंकड़ों पर रहेगी।

2 नवंबर को MCX पर दिसंबर का गोल्ड फ्यूचर्स 0.15% बढ़कर ₹1,38,691 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, चांदी 1.04% की बढ़त के साथ ₹1,80,990 प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का वायदा भाव 0.30% बढ़कर $3,910 प्रति औंस और चांदी 1.61% चढ़कर $50 प्रति औंस पर पहुंच गई।

हालांकि, यह मामूली रिकवरी पिछले हफ्ते आई बड़ी गिरावट के बाद हुई है। इस दौरान सोना करीब 2.49% और चांदी लगभग 8.47% टूट गई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना $4,000 और चांदी $50 के अहम स्तर से नीचे फिसल गई थी।

SS WealthStreet की फाउंडर सुगंधा सचदेवा के मुताबिक, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, महंगाई की चिंता और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका ने सोने-चांदी पर दबाव बनाया है। क्रिप्टोकरेंसी और AI से जुड़ी टेक कंपनियों के शेयरों में बिकवाली ने भी बाजार की चिंता बढ़ाई है।

दुनिया के बड़े क्रिप्टो एक्सचेंजों में शामिल Binance से जुड़े बड़े साइबर हमले की खबरों ने भी अनिश्चितता बढ़ाई। इसके अलावा, उधार लेकर किए गए सौदों को बंद करने और मार्जिन की जरूरत पूरी करने के लिए निवेशकों की बिकवाली ने कीमतों पर दबाव बढ़ाया हो सकता है।

US चुनाव, ईरान तनाव और Fed के फैसले पर नजर

3 नवंबर को होने वाले यूएस मिडटर्म चुनाव बाजार के लिए अहम रहेंगे। अमेरिकी संसद में सत्ता का संतुलन बदलने से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों, अमेरिका-ईरान संबंधों, कच्चे तेल और वैश्विक बाजारों पर असर पड़ सकता है। हालांकि, चुनाव का नतीजा अकेले ईरान के साथ संघर्ष की दिशा तय नहीं करेगा।

ट्रंप की ओर से ईरान के साथ समझौते की संभावना जताए जाने से बातचीत के जरिए तनाव कम होने की उम्मीद बढ़ी है। अगर समझौते की दिशा में ठोस प्रगति होती है और कच्चे तेल की कीमतें गिरती हैं, तो महंगाई की चिंता कम हो सकती है। इससे सोने और चांदी में तेज रिकवरी देखने को मिल सकती है।

इसके अलावा, अमेरिकी नॉन-फार्म पेरोल्स यानी रोजगार के आंकड़ों पर भी नजर रहेगी। कमजोर रोजगार आंकड़े ब्याज दरों को लेकर सख्त रुख की उम्मीद कम कर सकते हैं, जबकि मजबूत आंकड़े ऊंची ब्याज दरें लंबे समय तक बने रहने की आशंका बढ़ा सकते हैं।

सोने-चांदी के अहम स्तर

एक्सपर्ट सुगंधा सचदेवा के मुताबिक, MCX पर सोने के लिए ₹1,37,000 का स्तर अहम सपोर्ट है। इसके नीचे ₹1,27,000 पर अगला बड़ा सपोर्ट है। वहीं, चांदी के लिए ₹1,72,000–₹1,73,000 का स्तर अहम है, जबकि इसके बाद ₹1,60,000 पर मजबूत सपोर्ट देखा जा रहा है।

फिलहाल, सोने-चांदी का शॉर्ट-टर्म आउटलुक सतर्क रहने का संकेत दे रहा है और कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और भू-राजनीतिक तनाव कम होने से रिकवरी आ सकती है, लेकिन अभी बाजार का तकनीकी रुख कमजोर है। 

Read more!
Advertisement