अडानी ग्रुप की नजर अब नीदरलैंड्स की इस कंपनी पर, 3.4 अरब डॉलर की विदेशी डील पर बातचीत शुरू
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, अडानी ग्रुप नीदरलैंड की एनर्जी स्टोरेज कंपनी VTTI को खरीदने पर विचार कर रहा है। इस संभावित डील में कंपनी की वैल्यू करीब 3 अरब यूरो यानी 3.4 अरब डॉलर आंकी जा सकती है।

अरबपति कारोबारी गौतम अडानी अब विदेश में एक और बड़ी डील की संभावना तलाश रहे हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, अडानी ग्रुप नीदरलैंड की एनर्जी स्टोरेज कंपनी VTTI को खरीदने पर विचार कर रहा है। इस संभावित डील में कंपनी की वैल्यू करीब 3 अरब यूरो यानी 3.4 अरब डॉलर आंकी जा सकती है। दुनियाभर में एनर्जी सप्लाई में आ रही रुकावटों के बीच ईंधन स्टोर करने वाली सुविधाओं की अहमियत बढ़ रही है।
VTTI को खरीदने की रेस में अडानी ग्रुप
ब्लूमबर्ग ने मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से बताया कि अडानी ग्रुप उन संभावित खरीदारों में शामिल है, जो रॉटरडैम स्थित VTTI को खरीदने की संभावनाएं तलाश रहे हैं। हालांकि, इस डील पर अभी बातचीत चल रही है और यह जरूरी नहीं कि सौदा पूरा हो।
VTTI में ऑस्ट्रेलिया की इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट कंपनी IFM Investors और एनर्जी ट्रेडिंग कंपनी Vitol SA की करीब 45-45 फीसदी हिस्सेदारी है। बाकी 10 फीसदी हिस्सा अबू धाबी की सरकारी तेल कंपनी ADNOC के पास है।
कौन बेच सकता है अपनी हिस्सेदारी?
रिपोर्ट के मुताबिक, ADNOC अपनी पूरी 10 फीसदी हिस्सेदारी बेचने पर विचार कर रही है। वहीं, IFM Investors और Vitol भी संभावित सौदे में अपनी हिस्सेदारी घटा सकती हैं।
VTTI में हिस्सेदारी खरीदने के लिए दूसरे खरीदार भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। अडानी ग्रुप ने इस मामले में पूछे गए सवालों का तत्काल जवाब नहीं दिया। वहीं, IFM, ADNOC और VTTI ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
क्या काम करती है VTTI?
VTTI दुनियाभर में ऐसे टर्मिनल चलाती है, जहां अलग-अलग तरह के ईंधन और केमिकल्स स्टोर किए जाते हैं। इनमें फॉसिल फ्यूल, बायोफ्यूल और सॉल्वेंट शामिल हैं।
एनर्जी सप्लाई में रुकावटों के कारण ऐसी स्टोरेज सुविधाएं एनर्जी ट्रेडिंग के लिहाज से ज्यादा महत्वपूर्ण हो गई हैं। यही वजह है कि इन सुविधाओं में निवेश को लेकर दिलचस्पी बढ़ रही है।
विदेशों में कारोबार बढ़ाने पर जोर
अडानी ग्रुप के कारोबार में एयरपोर्ट, सड़कें, डेटा सेंटर, माइनिंग और डिफेंस जैसे सेक्टर शामिल हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, गौतम अडानी की कुल संपत्ति करीब 105.7 अरब डॉलर है।
ग्रुप की प्रमुख लिस्टेड कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज ने जुलाई में संस्थागत निवेशकों से 15,000 करोड़ रुपये जुटाए थे। इस रकम का इस्तेमाल पूंजीगत खर्च और संभावित कर्ज चुकाने में किया जाना था।
अडानी ग्रुप विदेशों में अधिग्रहण के जरिए कारोबार बढ़ाने की संभावनाएं भी तलाश रहा है। हाल में उसने ब्रिटेन की सबसे बड़ी पोर्ट ऑपरेटर कंपनी Associated British Ports में हिस्सेदारी खरीदने पर विचार किया था। हालांकि, करीब 10 अरब पाउंड की वैल्यू वाली उस डील में IFM Investors ने बाजी मार ली।