FSSAI का डाबर पर बड़ा एक्शन, कई फूड प्रोडक्ट की बिक्री रोकी, 100% दावों को लेकर मचा विवाद

FSSAI की कार्रवाई के बाद डाबर के कई प्रोडक्ट चर्चा में आ गए हैं। “100 प्रतिशत” जैसे दावों को लेकर रेगुलेटर ने कंपनी पर सवाल उठाए हैं। आखिर किन प्रोडक्ट पर हुई कार्रवाई और डाबर ने इस मामले में क्या जवाब दिया? पूरी जानकारी के लिए पढ़ें पूरी खबर।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • FSSAI ने डाबर के कई फूड प्रोडक्ट पर “100 प्रतिशत” जैसे दावों को लेकर आपत्ति जताई और बिक्री रोकने का निर्देश दिया।
  • रेगुलेटर ने डाबर हनी, ऑर्गेनिक हनी, एप्पल साइडर विनेगर, कोकोनट मिल्क समेत कई प्रोडक्ट के लेबलिंग दावों पर सवाल उठाए।
  • डाबर को 15 दिनों के अंदर Action Taken Report जमा करने को कहा गया, जबकि कंपनी ने नोटिस की जांच करने की बात कही है।

By Gaurav Kumar:

खाने-पीने के प्रोडक्ट पर किए जाने वाले दावों को लेकर फूड रेगुलेटर FSSAI ने बड़ी कार्रवाई की है। डाबर इंडिया (Dabur India) के कई प्रोडक्ट पर “100 प्रतिशत” जैसे दावों को लेकर सवाल उठाए गए हैं। FSSAI ने इन दावों को ग्राहकों के लिए भ्रम पैदा करने वाला बताया है और नियमों का पालन नहीं करने पर बिक्री रोकने का निर्देश दिया है। अब जानते हैं कि आखिर FSSAI ने किन दावों पर आपत्ति जताई और डाबर को क्या निर्देश दिए गए हैं।

100% Natural और Pure जैसे दावों पर FSSAI की आपत्ति

FSSAI ने डाबर के कई फूड प्रोडक्ट पर इस्तेमाल किए गए “100 प्रतिशत” दावों को नियमों के खिलाफ बताया है। इनमें डाबर हनी, एप्पल साइडर विनेगर, वर्जिन कोकोनट ऑयल, तिल का तेल, काउ घी, कोकोनट वॉटर और कोकोनट मिल्क शामिल हैं।

इन प्रोडक्ट पर “100 प्रतिशत नेचुरल”, “100 प्रतिशत प्योर”, “100 प्रतिशत प्योरिटी गारंटीड”, “100 प्रतिशत ऑर्गेनिक” और “100 प्रतिशत टेंडर कोकोनट वॉटर” जैसे दावे किए गए थे। FSSAI के मुताबिक ऐसे दावे ग्राहकों के बीच भ्रम पैदा कर सकते हैं और फूड एडवर्टाइजमेंट व प्रोडक्ट क्लेम से जुड़े नियमों का उल्लंघन कर सकते हैं।

वेबसाइट पर दिख रहे दावों को लेकर उठे सवाल

FSSAI ने कहा कि डाबर की वेबसाइट पर मौजूद कुछ प्रोडक्ट की जानकारी फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (एडवर्टाइजिंग एंड क्लेम्स) रेगुलेशंस 2018 के अनुसार सही नहीं पाई गई।

रेगुलेटर ने खास तौर पर डाबर हिमालयन ऑर्गेनिक एप्पल साइडर विनेगर और डाबर ऑर्गेनिक हनी पर आपत्ति जताई। इन प्रोडक्ट पर वैलिड FSSAI ऑर्गेनिक एंडोर्समेंट के बिना जैविक भारत लोगो दिखाया गया था।

इसके अलावा डाबर होममेड कोकोनट मिल्क पर “100 प्रतिशत प्योरिटी” के दावे को लेकर भी सवाल उठाए गए। FSSAI ने कहा कि मौजूदा नियमों के अनुसार कंपाउंड फूड प्रोडक्ट में इस तरह का दावा करने की अनुमति नहीं है।

FSSAI ने डाबर को बिक्री रोकने का दिया निर्देश

FSSAI ने बताया कि उसने पहले भी डाबर को नोटिस जारी कर “100 प्रतिशत” जैसे दावों को हटाने के लिए कहा था, लेकिन कंपनी की तरफ से संतोषजनक सुधार नहीं किया गया।

इसके बाद रेगुलेटर ने डाबर को निर्देश दिया है कि वह ऐसे सभी प्रोडक्ट की बिक्री तुरंत रोक दे, जिन पर गलत या भ्रामक “100%” दावे किए गए हैं। साथ ही कंपनी को 15 दिनों के अंदर एक्शन टेकन रिपोर्ट जमा करने को कहा गया है।

डाबर ने कहा जांच कर रही है कंपनी

FSSAI की कार्रवाई के बाद डाबर इंडिया ने कहा कि उसे रेगुलेटर का नोटिस मिल गया है और कंपनी इसमें उठाई गई बातों की जांच कर रही है।

कंपनी ने अपने बयान में कहा कि वह अपनी वेबसाइट पर मौजूद कंटेंट को चेक कर रही है और FSSAI की ओर से बताए गए मुद्दों को देख रही है।

FSSAI की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब फूड रेगुलेटर लगातार फूड कंपनियों और ऑनलाइन सेलर्स पर नियमों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ा रहा है। हाल के महीनों में रेगुलेटर ने कई अन्य कंपनियों के प्रोडक्ट और दावों पर भी कार्रवाई की है।

Read more!
Advertisement