बिसलेरी के बाद अब दूसरी कंपनियों के बोतलबंद पानी की भी जांच, जल्द आएगी रिपोर्ट
बोतलबंद पानी की गुणवत्ता को लेकर FSSAI ने देशभर में जांच का दायरा बढ़ा दिया है। अलग-अलग कंपनियों के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के सैंपल लिए जा रहे हैं। खाद्य नियामक के सीईओ ने जांच की रिपोर्ट आने की समयसीमा बताने के साथ ही एक अन्य जांच अभियान की जानकारी दी है।

In Short
- देशभर में बोतलबंद पानी के सैंपल इकट्ठा कर रहा FSSAI
- लैब टेस्ट पूरा होने में लग सकता है एक से दो महीने का समय
- जल्द ही खाद्य पदार्थों के पैकेजिंग मटेरियल की भी होगी जांच
बोतलबंद पानी की गुणवत्ता को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने देशभर में जांच अभियान शुरू किया है। इसके तहत अलग-अलग कंपनियों के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के सैंपल इकट्ठा किए जा रहे हैं। FSSAI के सीईओ रजित पुनहानी ने बुधवार को बताया कि सैंपल की लैब में जांच पूरी होने में एक से दो महीने का समय लग सकता है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, FSSAI ने बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का एक सैंपल लैब टेस्ट में फेल होने के बाद जांच का दायरा बढ़ाया है। नियामक ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मंजूरी भी दी है।
देशभर में चल रहा जांच अभियान
भारतीय उद्योग परिसंघ के एक कार्यक्रम के दौरान रजित पुनहानी ने कहा कि देशभर में बोतलबंद पानी की जांच की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। देश का आकार काफी बड़ा है, इसलिए जांच पूरी होने में कम से कम एक से दो महीने का समय लगेगा।
उन्होंने कहा कि यह अभियान किसी खास वजह से नहीं चलाया जा रहा है। पिछले एक साल में FSSAI ने दूध से बने उत्पादों, मांस, अंडे, अनाज, एनर्जी ड्रिंक्स और शुगर वाले पेय पदार्थों की जांच की है। बोतलबंद पानी की जांच भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है।
खाने की पैकेजिंग की भी होगी जांच
FSSAI के सीईओ रजित पुनहानी ने बताया कि जल्द ही खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले मटेरियल की भी जांच शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि पैकेजिंग मटेरियल फूड ग्रेड होना चाहिए। इसके अलावा नियामक खाद्य उत्पादों के भ्रामक विज्ञापनों और लेबल पर किए जाने वाले दावों के खिलाफ भी कार्रवाई कर चुका है।
बिसलेरी का सैंपल क्यों हुआ फेल?
FSSAI ने रविवार को सोशल मीडिया के जरिए बताया था कि बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का एक सैंपल लिया गया था। जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं पाई गई। इसके बाद सैंपल को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया।
कंपनी की अपील के बाद सैंपल को दूसरी लैब में जांच के लिए भेजा गया। वहां पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) पाए जाने के कारण इसे असुरक्षित घोषित किया गया।
नियम तोड़ने वाली कंपनियों पर होगी कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, FSSAI के अधिकारियों ने बोतलबंद पानी के कारोबार से जुड़ी सभी प्रमुख कंपनियों के परिसरों का निरीक्षण कर सैंपल लिए हैं। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, बिसलेरी इंटरनेशनल ने सोमवार को कहा कि उसका पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर पीने के लिए सुरक्षित है और कंपनी इस मामले के समाधान के लिए खाद्य नियामक का सहयोग करेगी।