शादियों के सीजन में बिगड़ सकता है घर का बजट! महंगाई को लेकर वित्त मंत्रालय ने किया सतर्क
आने वाले महीनों में आम आदमी की जेब पर महंगाई का बोझ और बढ़ सकता है। वित्त मंत्रालय ने अपनी नवंबर की रिपोर्ट में कई ऐसे कारणों का जिक्र किया है, जो रोजमर्रा की चीजों की कीमतों को प्रभावित कर सकते हैं। हालांकि, राहत मिलने की भी कुछ उम्मीदें हैं।

In Short
- अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 फीसदी पर पहुंची।
- अल नीनो और शादियों के सीजन से बढ़ सकती है महंगाई।
- कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और मजबूत रुपये से राहत की उम्मीद।
आने वाले महीनों में आम आदमी के घर का बजट बिगड़ सकता है। वित्त मंत्रालय ने नवंबर की मंथली इकोनॉमिक रिव्यू रिपोर्ट में महंगाई बढ़ने की आशंका जताई है। सरकार का मानना है कि आने वाले समय में कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कारणों का असर रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी चीजों की कीमतों पर देखने को मिल सकता है। हालांकि, कुछ ऐसे संकेत भी हैं, जिनसे महंगाई के मोर्चे पर राहत मिलने की उम्मीद है। ऐसे में समझते हैं कि किन वजहों से महंगाई बढ़ सकती है और कौन से फैक्टर राहत दे सकते हैं।
अक्टूबर में बढ़ी खुदरा महंगाई
अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 फीसदी पर पहुंच गई, जो सितंबर में 5.54 फीसदी थी। वहीं, खाने-पीने की चीजों की महंगाई दर 8.94 फीसदी पर पहुंच गई। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, खाद्य पदार्थों की ऊंची कीमतें, प्रतिकूल बेस इफेक्ट और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का आंशिक असर महंगाई बढ़ने की प्रमुख वजहें रही हैं।
नवंबर में भी दिख सकता है बेस इफेक्ट का असर
रिपोर्ट के मुताबिक, महंगाई दर पर प्रतिकूल बेस इफेक्ट का असर नवंबर 2026 में भी कुछ हद तक बना रह सकता है। आसान भाषा में समझें तो पिछले साल की कीमतों का स्तर मौजूदा महंगाई दर की गणना को प्रभावित करता है।
अल नीनो बढ़ा सकता है परेशानी
विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने चेतावनी दी है कि इस साल के आखिर तक बेहद शक्तिशाली अल नीनो अपने चरम पर पहुंच सकता है। इससे खाने-पीने की चीजों की कीमतों को लेकर अनिश्चितता बढ़ सकती है। हालांकि, इंडियन ओशन डाइपोल (IOD) फिलहाल 0.8 डिग्री सेल्सियस के साथ पॉजिटिव स्तर पर है। अगर यह लंबे समय तक बना रहता है तो अल नीनो का असर कुछ हद तक कम हो सकता है।
शादियों के सीजन में बढ़ेगी डिमांड
नवंबर तक त्योहारों का सीजन जारी रहने और शादियों का सीजन शुरू होने से बाजार में डिमांड बढ़ सकती है। इसका असर खाने-पीने के सामान के साथ अन्य वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
सस्ता कच्चा तेल दे सकता है राहत
कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने और रुपये में मजबूती से राहत मिलने की उम्मीद है। अगर यह स्थिति बनी रहती है तो विदेशों से आयात होने वाले सामान के कारण बढ़ने वाली महंगाई को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।
दुनियाभर में बनी हुई हैं चुनौतियां
मध्य पूर्व में जारी संघर्ष, होर्मुज जलडमरूमध्य से समुद्री व्यापार को लेकर जोखिम और वैश्विक व्यापार नीतियों में अनिश्चितता अर्थव्यवस्था के लिए चुनौती बनी हुई है।
वित्त मंत्रालय ने महंगाई दर को लेकर कोई नया आंकड़ा जारी नहीं किया है। हालांकि, मंत्रालय का मानना है कि मजबूत घरेलू आर्थिक स्थिति और पर्याप्त वित्तीय सुरक्षा के चलते भारतीय अर्थव्यवस्था इन चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार है।