50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर! वित्त मंत्री ने बताया नल के पानी से लेकर बैंक खाते तक का असर

भारत में 2011 से 2023 के बीच करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि पक्के घर, नल का पानी, शौचालय, मुफ्त इलाज, जनधन खाते और मुद्रा लोन जैसी योजनाओं ने इसमें कैसे मदद की।

Advertisement
सीतारमण के मुताबिक, स्वच्छ भारत अभियान से साफ-सफाई में सुधार हुआ, जिससे हर साल अनुमानित 60 से 70 हजार शिशुओं की जान बचाने में मदद मिली। (फाइल फोटो)
सीतारमण के मुताबिक, स्वच्छ भारत अभियान से साफ-सफाई में सुधार हुआ, जिससे हर साल अनुमानित 60 से 70 हजार शिशुओं की जान बचाने में मदद मिली। (फाइल फोटो)

In Short

  • विश्व बैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले।
  • जनधन खातों की संख्या 59 करोड़ से ज्यादा पहुंची।
  • 3.7 करोड़ से ज्यादा महिलाएं लखपति दीदी बनीं।

By Shakshi:

भारत में पिछले कुछ वर्षों के दौरान गरीबी कम होने को लेकर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बड़ा दावा किया है। विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि 2011 से 2023 के बीच करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं। वित्त मंत्री के मुताबिक, इसके पीछे सिर्फ लोगों की कमाई बढ़ना नहीं, बल्कि घर, पानी, शौचालय, इलाज और बैंकिंग सुविधाओं तक बेहतर पहुंच भी एक बड़ी वजह रही है।

LinkedIn पर लिखे एक लेख में सीतारमण ने बताया कि सरकार ने गरीब परिवारों को सिर्फ आर्थिक मदद देने के बजाय उनकी रोजमर्रा की परेशानियां कम करने पर जोर दिया।

सिर्फ कमाई बढ़ना गरीबी से बाहर निकलना नहीं

वित्त मंत्री के मुताबिक, गरीबी का मतलब सिर्फ कम आमदनी होना नहीं है।

अगर किसी परिवार के पास पक्का घर, साफ पानी, शौचालय या इलाज की सुविधा नहीं है, तो कमाई बढ़ने के बावजूद वह आर्थिक मुश्किलों में फंस सकता है।

उन्होंने कहा कि परिवार में किसी एक व्यक्ति की गंभीर बीमारी भी पूरी बचत खत्म कर सकती है।

इसीलिए सरकार ने बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर ध्यान दिया।

शौचालय और नल के पानी से क्या बदला?

सीतारमण ने स्वच्छ भारत मिशन का जिक्र करते हुए कहा कि साफ-सफाई में सुधार से हर साल अनुमानित 60 से 70 हजार शिशुओं की मौत रोकने में मदद मिली है।

उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण इलाकों में नल के पानी वाले घरों की संख्या 2019 के करीब 3 करोड़ से बढ़कर लगभग 16 करोड़ हो गई।

इसके अलावा उज्ज्वला योजना से स्वच्छ रसोई ईंधन, प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्के घर और आयुष्मान भारत से कैशलेस इलाज जैसी सुविधाएं मिली हैं।

उनके मुताबिक, इन योजनाओं से परिवारों के खर्च और आर्थिक जोखिम कम करने में मदद मिली।

59 करोड़ से ज्यादा जनधन खाते

वित्त मंत्री ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी DBT को भी गरीबी कम करने की कोशिशों का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि 59 करोड़ से ज्यादा जनधन खातों के जरिए सरकारी मदद सीधे लोगों तक पहुंचाई जा रही है।

इससे बिचौलियों की भूमिका कम हुई है और लाभार्थियों तक पैसा पहुंचाना आसान हुआ है।

सीतारमण ने उस पुराने दौर का भी जिक्र किया, जब सरकारी खजाने से भेजे गए एक रुपये में से सिर्फ 15 पैसे जरूरतमंद तक पहुंचने की बात कही जाती थी।

बिना गारंटी के लोन से शुरू हुआ कारोबार

सीतारमण ने पश्चिम बंगाल की सुष्मिता घराई का उदाहरण दिया।

महामारी के दौरान पिता की मौत के बाद उनके परिवार का प्रिंटिंग कारोबार बंद हो गया था। जमीन या सोना गिरवी रखने के लिए नहीं होने के बावजूद उन्हें मुद्रा लोन मिला।

इसकी मदद से उन्होंने कारोबार दोबारा शुरू किया और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर आठ कर दी। वित्त मंत्री के मुताबिक, मुद्रा योजना के तहत अब तक 60 करोड़ लोन खाते मंजूर किए गए हैं। इनमें करीब दो-तिहाई महिलाओं के हैं।

3.7 करोड़ से ज्यादा महिलाएं बनीं लखपति दीदी

वित्त मंत्री ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में करीब 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं।

इनमें 3.7 करोड़ से ज्यादा महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने नागालैंड के किफिरे जिले की एस्थर का उदाहरण दिया, जो स्वयं सहायता समूह से जुड़कर मोटे अनाज से बने उत्पाद ऑनलाइन बेच रही थीं।

कुछ महिलाएं ड्रोन के जरिए किसानों को छिड़काव की सेवाएं भी दे रही हैं।

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य

सीतारमण ने कहा कि आगे की चुनौती उन लोगों को गरीबी से बाहर निकालने की है, जो अभी भी आर्थिक रूप से कमजोर हैं। इसके साथ यह भी जरूरी है कि गरीबी से बाहर निकल चुके परिवार दोबारा उसी स्थिति में न पहुंचें।

उन्होंने रोजगार, कौशल विकास, इंटर्नशिप, डिजिटल अर्थव्यवस्था और बाजार तक बेहतर पहुंच को जरूरी बताया।

वित्त मंत्री के मुताबिक, 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए सरकार के साथ नागरिकों की भागीदारी भी अहम होगी।

Read more!
Advertisement