दुबई में शॉपिंग करना हुआ सस्ता! UPI से पेमेंट करने पर भारतीय यात्रियों को मिलेगी 10% की छूट

दुबई जाने वाले भारतीय यात्रियों के लिए शॉपिंग का अनुभव अब और फायदेमंद होने वाला है। Dubai Duty Free ने UPI से भुगतान करने वालों के लिए खास ऑफर पेश किया है। इस पहल से न सिर्फ खरीदारी पर बचत होगी, बल्कि विदेश में डिजिटल पेमेंट करना भी आसान होगा।

Advertisement

In Short

  • दुबई ड्यूटी फ्री पर UPI से भुगतान करने वाले भारतीय यात्रियों को मिलेगा डिस्काउंट।
  • यह ऑफर दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लागू होगा।
  • ऑफर का फायदा उठाने के लिए UPI International या UPI Global सर्विस एक्टिवेट करना जरूरी है।

By Gungun Mishra:

दुबई घूमने जाने वाले भारतीय यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब दुबई में शॉपिंग करते समय UPI से पेमेंट करना आपकी खरीदारी को थोड़ा सस्ता बना सकता है। दुबई ड्यूटी फ्री में भारतीय यात्रियों को UPI के जरिए भुगतान करने पर 10% की छूट मिलेगी। यह ऑफर 5 नवंबर 2026 को NPCI International Payments Limited की ओर से घोषित किया गया है। हालांकि, इस छूट की एक अधिकतम सीमा भी तय की गई है। ऐसे में अगर आप दुबई की यात्रा करने वाले हैं, तो इस ऑफर के बारे में जानना आपके काम आ सकता है।

UPI से पेमेंट करने पर मिलेगी 10% की छूट

NIPL की ओर से घोषित इस ऑफर के तहत दुबई ड्यूटी फ्री पर UPI के जरिए भुगतान करने वाले भारतीय यात्रियों को खरीदारी पर 10% डिस्काउंट मिलेगा। हालांकि, यह छूट अधिकतम 100 AED तक सीमित रहेगी।

यह ऑफर दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मौजूद दुबई ड्यूटी फ्री के आउटलेट्स में की गई योग्य खरीदारी पर लागू होगा। यहां यात्री फैशन, ब्यूटी प्रोडक्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, मिठाइयां, पेय पदार्थ, घड़ियां और ज्वेलरी जैसी कई कैटेगरी में खरीदारी कर सकते हैं।

कैसे उठा सकते हैं इस ऑफर का फायदा?

इस छूट का लाभ लेने के लिए यात्रियों को सबसे पहले अपने UPI ऐप में UPI International या UPI Global सर्विस एक्टिवेट करनी होगी। इसके लिए उन्हें अपने योग्य बैंक अकाउंट को इस सर्विस से जोड़ना होगा।

सर्विस एक्टिवेट होने के बाद यात्री दुबई ड्यूटी फ्री के उन पेमेंट टर्मिनल पर सीधे अपने भारतीय बैंक अकाउंट से भुगतान कर सकेंगे, जहां UPI की सुविधा उपलब्ध है। इस तरह उन्हें अलग से किसी दूसरे पेमेंट तरीके पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी।

इस पार्टनरशिप में Network International अधिग्रहण भागीदार (Acquiring Partner) के तौर पर काम करेगा। कंपनी की जिम्मेदारी चुनिंदा पेमेंट टर्मिनल पर UPI भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने और ट्रांजैक्शन प्रोसेस करने की होगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

भारतीय यात्रियों के लिए पेमेंट होगा आसान

NIPL के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ रितेश शुक्ला ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य विदेशों में होने वाले पेमेंट को भी घरेलू ट्रांजैक्शन की तरह आसान बनाना है। उनके मुताबिक, दुबई ड्यूटी फ्री पर खास ऑफर के जरिए सुरक्षित और रियल टाइम UPI भुगतान के साथ ग्राहकों को अतिरिक्त फायदा देने की कोशिश की जा रही है।

Network International के ग्रुप सीईओ मुरात कैगरी सुजर ने भी इस साझेदारी को भारतीय यात्रियों के लिए पेमेंट व्यवस्था बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम बताया।

वहीं, दुबई ड्यूटी फ्री के मैनेजिंग डायरेक्टर रमेश सिदांबी ने कहा कि भारतीय यात्री उनके ग्राहकों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। UPI के जुड़ने से उन्हें खरीदारी के दौरान एक परिचित और सुरक्षित भुगतान विकल्प मिलेगा।

भारत और UAE के बीच डिजिटल पेमेंट को मिलेगा बढ़ावा

इस पहल का मकसद सिर्फ दुबई में भारतीय यात्रियों की खरीदारी को आसान बनाना नहीं है, बल्कि UAE में UPI की पहुंच को भी बढ़ाना है। NIPL के मुताबिक, यह सहयोग भारत और UAE के बीच डिजिटल पेमेंट कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में भी मदद करेगा।

इस प्रमोशन से जुड़ी विस्तृत शर्तें और नियम यात्री NIPL की वेबसाइट पर देख सकते हैं।

Read more!
Advertisement