दुबई में घर खरीदना हुआ और महंगा! 4 साल के हाई पर कीमतें, आगे क्या होगा?

दुबई में घर खरीदने की सोच रहे हैं तो ये खबर आपके लिए जरूरी है। यहां प्रॉपर्टी की कीमतें चार साल के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई हैं। दिलचस्प बात ये है कि घर महंगे होने के बावजूद कुछ इलाकों में खरीदारी तेजी से बढ़ रही है। जानिए कहां सबसे ज्यादा घर बिक रहे हैं और आगे कीमतों पर क्या असर पड़ सकता है।

Advertisement
AI-Generated Image

In Short

  • दुबई में घरों की औसत कीमत चार साल के उच्चतम स्तर पर, 2023 से 18% बढ़ी।
  • 2026 में 1.45 लाख से ज्यादा घर बिकने और 378.5 अरब दिरहम के कारोबार का अनुमान।
  • दुबई साउथ में सबसे ज्यादा बिक्री, 2027 से नए घरों की सप्लाई बनेगी बड़ी चुनौती।

By Sonam:

दुबई में घर खरीदने का सपना अब और महंगा होता जा रहा है। यहां रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी की औसत कीमत चार साल के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है। एनारॉक मिडिल ईस्ट की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी से अक्टूबर 2026 के दौरान घरों की औसत कीमत 1,967 दिरहम प्रति वर्ग फीट रही। यह 2023 के मुकाबले 18 फीसदी ज्यादा है। हालांकि, कीमतें बढ़ने के बावजूद पिछले साल के मुकाबले घरों की बिक्री धीमी हुई है।

2026 में कितने घर बिकने का अनुमान?

रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच दुबई में 1,22,583 घर बिके, जिनकी कुल कीमत 318.4 अरब दिरहम रही। अगर यही रफ्तार बनी रहती है, तो पूरे साल में करीब 1,45,700 घर बिक सकते हैं। इनकी कुल कीमत 378.5 अरब दिरहम रहने का अनुमान है।

हालांकि, यह आंकड़ा 2025 के रिकॉर्ड से कम है। पिछले साल दुबई में 1,99,497 घरों की बिक्री हुई थी, जिनकी कुल वैल्यू 535.5 अरब दिरहम थी।

विला और टाउनहाउस की कीमतों में उछाल

दुबई में बड़े घरों की कीमतों में ज्यादा तेजी देखने को मिली है। विला की औसत कीमत 9 फीसदी बढ़कर 2,362 दिरहम प्रति वर्ग फीट पहुंच गई है। एक विला की औसत कीमत अब 1.46 करोड़ दिरहम हो गई है, जो 2025 में 1.27 करोड़ दिरहम थी।

वहीं, टाउनहाउस की कीमतें 7 फीसदी बढ़कर 1,399 दिरहम प्रति वर्ग फीट पहुंच गई हैं। रीसेल मार्केट में भी घरों की औसत कीमत बढ़कर 30.7 लाख दिरहम हो गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

छोटे घरों की बढ़ रही डिमांड

दुबई में छोटे अपार्टमेंट की मांग तेजी से बढ़ रही है। 2026 में स्टूडियो और एक बेडरूम वाले घरों की हिस्सेदारी कुल बिक्री में करीब 61 फीसदी रही। साल 2023 में यह करीब 51 फीसदी थी।

कुल बिक्री में अपार्टमेंट की हिस्सेदारी भी बढ़कर 84.9 फीसदी हो गई है। इस दौरान अपार्टमेंट का औसत आकार 1,007 वर्ग फीट से घटकर 877 वर्ग फीट रह गया।

दुबई में 2 BHK फ्लैट की कीमत कितनी है?

दुबई में 2 BHK (दो बेडरूम, एक हॉल और किचन) फ्लैट की कीमत उसकी लोकेशन, बिल्डिंग की सुविधाओं और प्रॉपर्टी के साइज पर निर्भर करती है।

दुबई में 2 BHK खरीदने के लिए आमतौर पर करीब ₹2 करोड़ से ₹7 करोड़ तक का बजट रखना पड़ सकता है। हालांकि, प्रीमियम इलाकों में कीमत ₹10 करोड़ से भी ज्यादा हो सकती है।

दुबई साउथ बना प्रॉपर्टी का बड़ा बाजार

दुबई साउथ घरों की बिक्री के मामले में सबसे आगे रहा। जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच यहां 13,260 घर बिके। यह 2025 की पूरे साल की बिक्री से 77 फीसदी ज्यादा है।

दुबई मरीना में घरों की औसत बिक्री कीमत 29 फीसदी और बिजनेस बे में 20.7 फीसदी बढ़ी है।

क्या भारत में रहकर दुबई में घर खरीद सकते हैं?

हां, भारतीय नागरिक भारत में रहते हुए भी दुबई में घर या फ्लैट खरीद सकते हैं। इसके लिए दुबई की नागरिकता या UAE का रेजिडेंस वीजा होना जरूरी नहीं है।

हालांकि, दुबई में विदेशी नागरिक केवल निर्धारित Freehold Areas में ही पूरी मालिकाना हक वाली प्रॉपर्टी खरीद सकते हैं।

2027 में क्या होगी बड़ी चुनौती?

रिपोर्ट के मुताबिक, 2027 से 2029 के बीच अकेले दुबई साउथ में 38,116 नए घरों की डिलीवरी निर्धारित है। इतनी बड़ी सप्लाई को बाजार कैसे संभालेगा, यह अहम सवाल होगा। वहीं, घरों की कीमतें किराये से ज्यादा तेजी से बढ़ने पर निवेशकों की रेंटल यील्ड पर भी दबाव पड़ सकता है।

Read more!
Advertisement