भारत की कम ब्याज दरों और 7% GDP ग्रोथ पर फिदा हुए ट्रंप! अमेरिकी फेडरल रिजर्व को जमकर सुनाया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की 7 फीसदी GDP ग्रोथ और कम ब्याज दरों की जमकर तारीफ की है। उन्होंने दावा किया कि अगर अमेरिका भी ऐसी नीति अपनाए, तो उसकी आर्थिक रफ्तार 20 फीसदी तक पहुंच सकती है। इस दौरान ट्रंप ने फेडरल रिजर्व की नीतियों पर भी सवाल उठाए। पढ़ें पूरी खबर।

Advertisement

In Short

  • डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की 7 फीसदी GDP ग्रोथ और कम ब्याज दरों की जमकर तारीफ की।
  • ट्रंप का दावा, ब्याज दरें कम होने पर अमेरिका की GDP ग्रोथ 15 से 20 फीसदी तक पहुंच सकती है।
  • अमेरिकी राष्ट्रपति ने फेडरल रिजर्व पर राजनीतिक रवैया अपनाने का आरोप लगाया और उसकी ब्याज दर नीति पर सवाल उठाए।

By Sonam:

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की आर्थिक ग्रोथ और कम ब्याज दरों की जमकर तारीफ की है। ट्रंप का कहना है कि भारत में ब्याज दरें कम हैं और देश की जीडीपी करीब 7 फीसदी की रफ्तार से बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि अगर अमेरिका भी इसी तरह की नीति अपनाए, तो उसकी आर्थिक विकास दर 15 से 20 फीसदी तक पहुंच सकती है।

हाल ही में एशिया दौरे से लौटने के बाद अपनी पहली सार्वजनिक टिप्पणी में ट्रंप ने अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की नीतियों पर भी सवाल उठाए।

फेडरल रिजर्व पर क्यों भड़के ट्रंप?

ट्रंप ने फेडरल रिजर्व पर ब्याज दरों को लेकर राजनीतिक रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था के आंकड़े बेहतर होने के बावजूद फेड ब्याज दरें ऊंची रख रहा है। इससे कर्ज लेना महंगा हो रहा है।

ट्रंप ने कहा, 'ब्याज दरें बहुत ज्यादा हैं क्योंकि हमारे पास एक बेहद पॉलिटिकल फेड है। हालांकि, मैं इसके चेयरमैन को दोष नहीं दे रहा हूं। मेरी शिकायत इस बात से है कि हमारा फेड बहुत ज्यादा राजनीतिक हो गया है।'

उनका मानना है कि जब अर्थव्यवस्था अच्छा प्रदर्शन कर रही हो, तो ब्याज दरें बढ़ाने के बजाय कम करनी चाहिए।

एलन ग्रीनस्पैन की नीतियों की तारीफ

इस दौरान ट्रंप ने फेडरल रिजर्व के पूर्व चेयरमैन एलन ग्रीनस्पैन का भी जिक्र किया। उन्होंने ग्रीनस्पैन को बेहतरीन फेड चेयरमैन बताते हुए उनकी मौद्रिक नीति की तारीफ की।

ट्रंप ने कहा कि ग्रीनस्पैन के समय जब आर्थिक आंकड़े अच्छे आते थे, तो ब्याज दरें कम की जाती थीं। अच्छे आंकड़ों का फायदा बेहतर क्रेडिट के रूप में मिलता था।

Image Credit : Aaj Tak

उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में अमेरिका ठीक इसका उल्टा कर रहा है।

अमेरिका की GDP ग्रोथ 20% तक पहुंचने का दावा

ट्रंप ने दावा किया कि अगर फेडरल रिजर्व उनकी पसंद के मुताबिक ब्याज दरों को लेकर नीति अपनाए, तो अमेरिकी अर्थव्यवस्था कहीं ज्यादा तेजी से आगे बढ़ सकती है।

उन्होंने कहा, 'हमारी जीडीपी ग्रोथ 4 फीसदी नहीं, बल्कि 15 या 20 फीसदी होगी और मैं बहुत तेजी से कर्ज चुका दूंगा।'

ट्रंप का मानना है कि कम ब्याज दरों से अमेरिका की आर्थिक रफ्तार को बड़ा फायदा मिल सकता है।

भारत का उदाहरण देकर क्या बोले ट्रंप?

अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपनी बात समझाने के लिए भारत की अर्थव्यवस्था का उदाहरण दिया।

ट्रंप ने कहा, 'अगर आप भारत को देखें, तो वहां ब्याज दरें कम हैं और जीडीपी 7 फीसदी है। हमारी जीडीपी 14, 15 या शायद 20 फीसदी तक हो सकती है।'

ट्रंप के इस बयान से साफ है कि वह अमेरिका में कम ब्याज दरों के पक्ष में हैं। उनका मानना है कि ब्याज दरों में कमी से आर्थिक विकास तेज हो सकता है और देश को अपना कर्ज चुकाने में भी मदद मिल सकती है।

Read more!
Advertisement