भारत को ट्रंप की राहत! रूस से तेल खरीदने पर नहीं लगेगा टैरिफ, चीन समेत 5 देशों को मिली छूट

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल और गैस खरीदने वाले भारत समेत पांच देशों को बड़ी राहत दी है। ट्रंप ने इन देशों पर टैरिफ नहीं लगाने का ऐलान किया है। ग्राहम एक्ट के तहत राष्ट्रीय हित का हवाला देते हुए यह फैसला लिया गया है।

Advertisement

In Short

  • रूस से तेल खरीदने पर भारत समेत 5 देशों को राहत।
  • ट्रंप ने रूसी तेल पर टैरिफ से छूट का किया ऐलान।
  • ग्राहम एक्ट के तहत राष्ट्रीय हित में लिया फैसला।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल और गैस खरीदने वाले भारत समेत पांच देशों को बड़ी राहत दी है। ट्रंप ने ऐलान किया है कि इन देशों पर रूसी तेल और गैस खरीदने के लिए कोई अतिरिक्त टैरिफ नहीं लगाया जाएगा। अमेरिका ने राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। इसके लिए ट्रंप ने शुक्रवार शाम एक कार्यकारी आदेश जारी किया।

भारत समेत इन 5 देशों को मिली छूट

ट्रंप के इस फैसले से भारत, चीन, स्लोवाकिया, हंगरी और अजरबैजान को राहत मिली है। ये पांचों देश रूस से तेल और गैस खरीदते हैं। अमेरिका ने पहले इन देशों पर प्रतिबंध और टैरिफ लगाने का प्रावधान किया था, लेकिन अब इन्हें छूट देने का फैसला लिया गया है।

यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब ट्रंप रूस को लेकर नरम रुख अपना रहे हैं। वहीं, वह सार्वजनिक तौर पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की आलोचना भी कर रहे हैं।

क्या है ग्राहम एक्ट, जिसके तहत मिली राहत?

अमेरिका में 'लिंडसे ओ ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026' के तहत रूस से ज्यादा तेल खरीदने वाले देशों पर प्रतिबंध और टैरिफ लगाने का प्रावधान किया गया था।

हालांकि, इस कानून की धारा 115 अमेरिकी राष्ट्रपति को विशेष अधिकार देती है। इसके तहत राष्ट्रपति राष्ट्रीय हित में किसी विदेशी व्यक्ति या संस्था को प्रतिबंधों और टैरिफ से छूट दे सकते हैं।

Image Credit : Aaj Tak

इसके लिए राष्ट्रपति को अमेरिकी कांग्रेस के सामने लिखित प्रमाण पत्र देना होता है, जिसमें बताना पड़ता है कि छूट देना अमेरिका के राष्ट्रीय हित में क्यों जरूरी है।

ट्रंप ने अपने आदेश में कहा कि वह कांग्रेस को यह प्रमाण पत्र सौंप चुके हैं।

सितंबर में कानून पर किए थे हस्ताक्षर

ट्रंप ने 18 सितंबर 2026 को 'लिंडसे ओ ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026' पर हस्ताक्षर किए थे। इससे पहले अगस्त में अमेरिकी सीनेट ने इस बिल को 86 के मुकाबले 11 वोटों से पास किया था।

इस कानून में रूस से ज्यादा कच्चा तेल खरीदने वाले भारत, चीन, स्लोवाकिया, हंगरी और अजरबैजान को निशाना बनाया गया था।

अब ट्रंप ने कार्यकारी आदेश जारी कर साफ कर दिया है कि इन पांच देशों को रूस से तेल और गैस खरीदने पर इस कानून के तहत टैरिफ और प्रतिबंधों से छूट मिलेगी।

Read more!
Advertisement