'250% टैरिफ की धमकी दी और जंग रुक गई', ट्रंप ने फिर किया भारत-पाकिस्तान पर दावा, नोबेल नहीं मिलने का भी दर्द

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान के बीच 2025 में हुए सैन्य संघर्ष को लेकर एक बार फिर बड़ा दावा किया है। फ्लोरिडा की चुनावी रैली में उन्होंने बताया कि कैसे 250% टैरिफ की चेतावनी के बाद दोनों देशों ने गोलीबारी रोक दी थी। हालांकि, भारत पहले ही अमेरिकी मध्यस्थता के दावों को खारिज कर चुका है। जानिए ट्रंप ने अब क्या कहा।

Advertisement
ट्रंप कई बार भारत-पाकिस्तान संघर्ष रुकवाने का दावा कर चुके हैं। (फाइल फोटो: रॉयटर्स)
ट्रंप कई बार भारत-पाकिस्तान संघर्ष रुकवाने का दावा कर चुके हैं। (फाइल फोटो: रॉयटर्स)

In Short

  • ट्रंप का दावा, भारत-पाकिस्तान को 250% टैरिफ की धमकी देकर रुकवाया था सैन्य संघर्ष।
  • फ्लोरिडा की रैली में आठ युद्ध रुकवाने का दावा, नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलने पर जताई नाराजगी।
  • भारत ने अमेरिकी मध्यस्थता से इनकार किया, कहा-पाकिस्तान के DGMO के अनुरोध पर रुकी थी सैन्य कार्रवाई।

By Shakshi:

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच 2025 में हुए सैन्य संघर्ष को रुकवाने का दावा किया है। ट्रंप का कहना है कि उन्होंने दोनों देशों पर 250% तक टैरिफ लगाने की धमकी दी थी, जिसके बाद दोनों देश नाराज हुए और लड़ाई रोक दी। हालांकि, भारत पहले भी ट्रंप के ऐसे दावों को खारिज कर चुका है।

ट्रंप ने बताया कैसे रुकवाई भारत-पाकिस्तान की लड़ाई

अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले शुक्रवार को फ्लोरिडा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्होंने आठ युद्ध रुकवाए हैं।

भारत-पाकिस्तान संघर्ष का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा, 'दो परमाणु शक्ति संपन्न देश लड़ रहे थे। मैंने उनसे कहा कि अगर आप ऐसा करते रहे तो अमेरिका के साथ व्यापार नहीं कर पाएंगे और मोटी कमाई भी नहीं कर सकेंगे। मैं दोनों देशों पर 250% का भारी टैरिफ लगा दूंगा, जिससे आप कोई कारोबार नहीं कर पाएंगे।'

ट्रंप ने आगे दावा किया कि उनकी इस चेतावनी से दोनों देश काफी नाराज हो गए थे। लेकिन इसके बाद गोलीबारी बंद हो गई और संघर्ष समाप्त हो गया।

नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलने पर भी जताई नाराजगी

रैली के दौरान ट्रंप ने नोबेल शांति पुरस्कार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि कई अंतरराष्ट्रीय संघर्षों को खत्म कराने में उनकी अहम भूमिका रही है।

इसके बावजूद नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। ट्रंप ने सवाल उठाते हुए कहा, 'क्या मुझे नोबेल पुरस्कार मिला? नहीं।'

भारत ने ट्रंप के दावों को किया खारिज

ट्रंप पहले भी कई बार दावा कर चुके हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाया था। हालांकि, भारत सरकार लगातार स्पष्ट करती रही है कि इस मामले में किसी तीसरे देश की मध्यस्थता नहीं हुई थी।

भारत के मुताबिक, दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने का फैसला पाकिस्तान की ओर से संपर्क किए जाने के बाद हुआ था। पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) ने भारतीय DGMO से सैन्य कार्रवाई रोकने का अनुरोध किया था।

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान क्या हुआ था?

भारत ने पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद 7 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इसके तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था।

भारतीय हमलों में आतंकियों के कई प्रमुख लॉन्चपैड को निशाना बनाया गया। इसके बाद 10 मई को पाकिस्तान की ओर से सैन्य कार्रवाई रोकने का अनुरोध मिलने पर ऑपरेशन को रोक दिया गया।

भारत का रुख स्पष्ट रहा है कि संघर्ष रोकने का फैसला दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच बातचीत के बाद हुआ था, न कि अमेरिकी टैरिफ की किसी धमकी के कारण।

Read more!
Advertisement