मिडटर्म चुनाव से पहले ट्रंप को बड़ा झटका, अप्रूवल रेटिंग गिरकर पहुंची 33% पर तक
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग मिडटर्म चुनाव से पहले अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। ईरान युद्ध, बढ़ती महंगाई और जीवन यापन की लागत जैसे मुद्दों ने वोटरों की नाराजगी बढ़ाई है। गिरती लोकप्रियता रिपब्लिकन पार्टी के लिए चुनावी चिंता बन गई है।

In Short
- ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग गिरकर 33% पर पहुंची, जबकि डिसअप्रूवल रेटिंग 64% रही।
- ईरान युद्ध, पेट्रोल की बढ़ती कीमतें और महंगाई से अमेरिकी वोटरों में नाराजगी बढ़ी।
- मिडटर्म चुनाव से पहले डेमोक्रेट्स को रिपब्लिकन पर 5 अंकों की बढ़त मिली।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। नवंबर 2026 में होने वाले मिडटर्म चुनाव से पहले एक नए पोल में उनकी अप्रूवल रेटिंग अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। वोटरों की बढ़ती नाराजगी से रिपब्लिकन पार्टी के लिए चुनावी मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह ईरान युद्ध, महंगाई और बढ़ता खर्च बताया जा रहा है।
ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग 33% पर पहुंची
रॉयटर्स इप्सोस पोल के मुताबिक, ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग गिरकर 33% रह गई है, जबकि 64% लोगों ने उनके कामकाज को नापसंद किया है। इससे पहले उनकी रेटिंग 35% थी। मिडटर्म चुनाव से ठीक पहले यह गिरावट रिपब्लिकन पार्टी के लिए चिंता का कारण बन रही है।
ईरान युद्ध बना नाराजगी की बड़ी वजह
अमेरिकी वोटरों में ट्रंप को लेकर नाराजगी की सबसे बड़ी वजह ईरान युद्ध को माना जा रहा है। इस संघर्ष के कारण ग्लोबल एनर्जी मार्केट पर असर पड़ा है और अमेरिका में पेट्रोल की कीमतें बढ़ी हैं। ट्रंप ने शुरुआत में कहा था कि यह युद्ध कुछ हफ्तों में खत्म हो जाएगा, लेकिन कई महीनों बाद भी यह जारी है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।
80% अमेरिकी मानते हैं लंबे समय तक चलेगा संघर्ष
पोल के अनुसार, करीब 80% अमेरिकियों का मानना है कि ईरान में अमेरिका की भागीदारी लंबे समय तक जारी रह सकती है। वहीं सिर्फ 20% लोगों ने कहा कि यह युद्ध अपने खर्च के हिसाब से सही फैसला है। रिपब्लिकन समर्थकों में भी केवल आधे लोग ही इस कार्रवाई को सही मानते हैं।
इमिग्रेशन मुद्दे पर रिपब्लिकन की बढ़त हुई कम
इमिग्रेशन के मुद्दे पर रिपब्लिकन पार्टी अभी भी डेमोक्रेट्स से आगे है, लेकिन यह बढ़त काफी कम हो गई है। जनवरी 2025 में रिपब्लिकन को इस मुद्दे पर 26 प्रतिशत अंकों की बढ़त थी, जो अब घटकर सिर्फ 2 अंक रह गई है। पोल में रिपब्लिकन को 40% और डेमोक्रेट्स को 38% समर्थन मिला।
महंगाई और खर्च बढ़ने से परेशान अमेरिकी
फाइनेंशियल टाइम्स फोकलडाटा पोल के मुताबिक, ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग 35% रही, जबकि 55% रजिस्टर्ड वोटरों ने उनके कामकाज को नापसंद किया। आधे से ज्यादा वोटरों का कहना है कि ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के बाद उनकी आर्थिक स्थिति खराब हुई है।
करीब 64% लोगों ने महंगाई और रोजमर्रा के खर्च को संभालने के ट्रंप के तरीके को गलत बताया। ईरान युद्ध के कारण ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी ने इस परेशानी को और बढ़ाया है।
अर्थव्यवस्था को लेकर डेमोक्रेट्स को बढ़त
अर्थव्यवस्था संभालने के मामले में पहली बार करीब एक दशक बाद डेमोक्रेट्स ने रिपब्लिकन पर बढ़त बनाई है। पोल में 38% वोटरों ने कहा कि डेमोक्रेट्स अर्थव्यवस्था संभालने में बेहतर हैं। इससे पहले इस मुद्दे पर रिपब्लिकन पार्टी की पकड़ मजबूत मानी जाती थी।
मिडटर्म चुनाव से पहले रिपब्लिकन के लिए बढ़ी चुनौती
फाइनेंशियल टाइम्स फोकलडाटा पोल में मिडटर्म चुनाव से पहले डेमोक्रेट्स को रिपब्लिकन पर 5 अंकों की बढ़त मिली है। ट्रंप की गिरती अप्रूवल रेटिंग, महंगाई और जीवन यापन की बढ़ती लागत जैसे मुद्दे नवंबर चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं।