दिल्ली में एंट्री के लिए अब टोल पर नहीं लगानी होगी लाइन! MCD ला रहा नया सिस्टम, जानें कैसे कटेंगे पैसे

दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहन चालकों को जल्द ही टोल प्लाजा पर लंबी लाइनों से राहत मिल सकती है। दिल्ली नगर निगम टोल वसूली के लिए नई तकनीक लागू करने की तैयारी कर रहा है। जानिए कैसे काम करेगा यह सिस्टम और किन वाहन चालकों पर पड़ेगा इसका असर।

Advertisement

In Short

  • दिल्ली के सभी 154 टोल पॉइंट्स पर बैरियर फ्री टोल सिस्टम लागू करने की तैयारी
  • पहले चरण में 20 प्रमुख टोल पॉइंट्स पर शुरू होगी नई व्यवस्था
  • FASTag और नंबर प्लेट स्कैन करके होगी टोल की इलेक्ट्रॉनिक वसूली

By Urvashi Raghav:

दिल्ली में आने वाले वाहनों को जल्द ही टोल प्लाजा पर लंबी लाइनों से छुटकारा मिल सकता है। दिल्ली नगर निगम राजधानी के सभी एंट्री पॉइंट्स पर मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोल सिस्टम लागू करने की तैयारी कर रहा है। इस सिस्टम के तहत वाहनों को टोल का भुगतान करने के लिए रुकने की जरूरत नहीं होगी। चलती गाड़ी से ही इलेक्ट्रॉनिक तरीके से टोल की रकम कट जाएगी।

पहले चरण में 20 जगहों पर लागू होगा सिस्टम

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले चरण में दिल्ली के 20 प्रमुख टोल पॉइंट्स पर यह सिस्टम लागू किया जाएगा। इन रास्तों से दिल्ली में प्रवेश करने वाले करीब 85 फीसदी वाहन गुजरते हैं। इनमें गाजीपुर, रजोकरी, बदरपुर, द्वारका, आया नगर और दिल्ली-गुरुग्राम कॉरिडोर शामिल हैं।

दिल्ली नगर निगम कुल 154 टोल पॉइंट्स का संचालन करता है। बाकी जगहों पर अगले चरणों में यह व्यवस्था लागू होने की उम्मीद है। प्रमुख टोल पॉइंट्स पर इसे शुरू करने का लक्ष्य 31 अक्टूबर 2026 था, लेकिन नवंबर में भी उपकरण लगाने और ट्रायल का काम जारी था।

क्या है मल्टी लेन फ्री फ्लो टोल सिस्टम?

MLFF एक बैरियर फ्री इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन सिस्टम है। इसमें मौजूदा FASTag व्यवस्था को हटाने के बजाय उसे और आधुनिक बनाया जाएगा। सड़क के ऊपर कैमरे, सेंसर और अन्य उपकरणों से लैस एक ढांचा लगाया जाएगा। गाजीपुर टोल प्लाजा पर यह ढांचा लगाया जा चुका है।

इससे ट्रैफिक जाम कम करने, समय और ईंधन बचाने के साथ प्रदूषण घटाने में भी मदद मिलेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

कैसे कटेगा चलती गाड़ी से टोल?

सड़क के ऊपर लगे RFID रीडर गाड़ी के FASTag को स्कैन करेंगे। वहीं, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर पढ़ेंगे। इसके बाद वाहन की कैटेगरी और लागू नियमों के मुताबिक इलेक्ट्रॉनिक तरीके से टोल का भुगतान हो जाएगा।

क्या निजी कार वालों को भी देना होगा टोल?

नया सिस्टम लागू होने का मतलब यह नहीं है कि दिल्ली में प्रवेश करने वाले हर वाहन से टोल वसूला जाएगा। फिलहाल MCD कमर्शियल वाहनों से एंट्री टोल वसूलता है। निजी कारों पर यह कमर्शियल एंट्री टोल लागू नहीं होता है। नए सिस्टम से लागू पर्यावरण क्षतिपूर्ति शुल्क (ECC) का भी डिजिटल कलेक्शन किया जा सकेगा।

FASTag में बैलेंस नहीं हुआ तो क्या होगा?

NHAI के मौजूदा MLFF नियमों के मुताबिक, FASTag में पर्याप्त बैलेंस नहीं होने या उसके काम नहीं करने पर इलेक्ट्रॉनिक नोटिस भेजा जा सकता है। नोटिस मिलने के 72 घंटे के भीतर सामान्य टोल का भुगतान करना होगा। ऐसा नहीं करने पर दोगुना टोल चुकाना पड़ेगा।

Read more!
Advertisement