अंतिम संस्कार की भी होगी एडवांस बुकिंग! दिल्ली की इस कंपनी ने शुरू की अनोखी सर्विस
अब लोग अपने जीते जी अंतिम संस्कार की बुकिंग भी करा सकते हैं। दिल्ली-एनसीआर की एक कंपनी ने इसके लिए अनोखी सर्विस शुरू की है। कंपनी अलग-अलग पैकेज के तहत कई सुविधाएं दे रही है। आखिर कैसे काम करती है यह सर्विस और इसके लिए कितना पैसा खर्च करना होगा?

In Short
- मोक्ष वॉयेज दे रही है अंतिम संस्कार की एडवांस बुकिंग की सुविधा।
- मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एडवांस बुकिंग के पैकेज 29,999 रुपये से शुरू हैं।
- अंतिम संस्कार से लेकर अस्थि विसर्जन और तेरहवीं तक की व्यवस्था करेगी कंपनी।
परिवार में किसी अपने का निधन होने पर दुख के बीच अंतिम संस्कार से जुड़ी तमाम तैयारियां करना भी एक बड़ी चुनौती होती है। ऐसे समय में परिवार के लोगों को कई तरह की व्यवस्थाएं करनी पड़ती हैं। अब दिल्ली-एनसीआर की एक कंपनी ने इस परेशानी को कम करने के लिए एक अनोखी पहल की है। आइए जानते हैं कि यह सर्विस कैसे काम करती है और इसके लिए कितना खर्च करना होगा।
जीते जी कर सकते हैं अंतिम संस्कार की बुकिंग
दिल्ली-एनसीआर की कंपनी मोक्ष वॉयेज (Moksha Voyage) लोगों को अपने अंतिम संस्कार की एडवांस बुकिंग की सुविधा दे रही है। यह कंपनी नमो गंगे वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड की एक पहल है। इसके तहत लोग अपने जीते जी तय कर सकते हैं कि उनका अंतिम संस्कार किस तरह और किन धार्मिक परंपराओं के अनुसार किया जाए।
कितनी है पैकेज की कीमत?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी की अलग-अलग सेवाओं की कीमत करीब 6,000 रुपये से 1.5 लाख रुपये तक है। वहीं, अंतिम संस्कार की एडवांस बुकिंग के पैकेज की कीमत 29,999 रुपये से शुरू होकर 1.5 लाख रुपये तक बताई गई है। हालांकि, कंपनी की वेबसाइट पर पैकेज की तय कीमत नहीं दी गई है। अंतिम खर्च चुनी गई सेवाओं पर निर्भर करता है।
कंपनी दे रही है तीन तरह के पैकेज
सम्मान सेवा: इसमें अंतिम संस्कार के दिन पंडित, पूजा सामग्री, शव वाहन और जरूरी कागजी कार्रवाई में मदद मिलती है।
श्रद्धा सेवा: इसमें सम्मान सेवा के अलावा अस्थि संचयन और अस्थि विसर्जन की व्यवस्था भी शामिल है।
मोक्ष संकल्प सेवा: इसमें अंतिम संस्कार से लेकर दसवीं और तेरहवीं तक के धार्मिक अनुष्ठान, ब्राह्मण भोज और यात्रा की व्यवस्था शामिल है।
कैसे होगी एडवांस बुकिंग?
ग्राहकों को सबसे पहले कंपनी के प्रतिनिधि 'मोक्ष साथी' से अपनी जरूरतों, इच्छाओं और पारिवारिक परंपराओं के बारे में बात करनी होती है। इसके बाद कंपनी खर्च और पेमेंट की शर्तों की जानकारी देती है, जिसके आधार पर बुकिंग कन्फर्म होती है।
कौन-कौन सी सुविधाएं मिलती हैं?
कंपनी तत्काल जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस, शव वाहन, फ्रीजर बॉक्स, मॉर्चरी, श्मशान घाट की व्यवस्था, पिंडदान, तर्पण, श्राद्ध, बरसी, कैटरिंग और ठहरने की सुविधा भी देती है। धार्मिक अनुष्ठानों की लाइव स्ट्रीमिंग का विकल्प भी उपलब्ध है।
विदेश में रहने वाले परिवारों को भी सुविधा
कंपनी ब्रिटेन से पार्थिव शरीर और अस्थियां भारत लाने में भी मदद करती है। इसमें एयरलाइन, कार्गो, डेथ सर्टिफिकेट, एनओसी, कस्टम और एयरपोर्ट से जुड़ी औपचारिकताएं शामिल हैं। कंपनी का ब्रिटेन के लूटन में भी ऑफिस है।
एडवांस बुकिंग से क्या होगा फायदा?
कंपनी के मुताबिक, पहले से प्लानिंग करने पर परिवार को खर्च का अंदाजा रहता है और मुश्किल समय में अलग-अलग लोगों से संपर्क करने की परेशानी कम होती है। साथ ही, व्यक्ति की धार्मिक परंपराओं और निजी इच्छाओं का भी ध्यान रखा जा सकता है।