प्रॉपर्टी बाजार में बढ़ी बिल्डर्स की टेंशन! दिल्ली-NCR समेत इन शहरों में धीमी पड़ी बिक्री

देश के बड़े शहरों में हाउसिंग मार्केट की तस्वीर बदलने लगी है। कहीं नए मकानों की बिक्री धीमी पड़ रही है तो कहीं खरीदारों की मांग बेहतर बनी हुई है। नाइट फ्रैंक इंडिया की रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। जानें किस शहर में कैसी है स्थिति।

Advertisement

In Short

  • दिल्ली-NCR और अहमदाबाद में बिना बिके मकानों की बिक्री में लग सकते हैं करीब दो साल।
  • बेंगलुरु में बिना बिके मकानों की संख्या सालाना आधार पर 21% बढ़ी।
  • मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में मकानों की बिक्री की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर।

By Shraddha Shukla:

देश के बड़े शहरों में नए हाउसिंग प्रोजेक्ट्स लगातार लॉन्च हो रहे हैं, लेकिन कई शहरों में इनकी बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं हो रही है। इसके चलते बिल्डर्स के पास बिना बिके मकानों की संख्या बढ़ रही है। हालांकि, कुछ शहरों में प्रॉपर्टी की मांग अब भी अच्छी बनी हुई है। नाइट फ्रैंक इंडिया की रिपोर्ट से समझते हैं कि किस शहर में घरों की बिक्री की क्या स्थिति है और कहां बिल्डर्स की मुश्किलें बढ़ रही हैं।

घरों की बिक्री में लग रहा ज्यादा समय

बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, देश के आठ प्रमुख हाउसिंग मार्केट में बिना बिके मकानों की बिक्री में लगने वाला औसत समय 2026 की तीसरी तिमाही में बढ़कर 6.1 तिमाही यानी 1.52 साल हो गया है। पिछले साल इसी अवधि में यह 5.8 तिमाही यानी 1.45 साल था। 2025 की तीसरी तिमाही में यह आंकड़ा आठ साल के सबसे निचले स्तर पर था।

अहमदाबाद में सबसे खराब स्थिति

अहमदाबाद में बिना बिके मकानों को बेचने में 8.2 तिमाही यानी 2.05 साल लग सकते हैं। पिछले साल यह आंकड़ा 7.8 तिमाही था। शहर में बिना बिके मकानों की संख्या 9% बढ़ी है, जबकि औसत बिक्री में सिर्फ 3% की बढ़ोतरी हुई है।

दिल्ली-NCR में लग सकते हैं दो साल

दिल्ली-NCR में मकानों की बिक्री में लगने वाला समय 7.3 तिमाही से बढ़कर आठ तिमाही यानी दो साल हो गया है। यहां बिना बिके मकानों की संख्या स्थिर रही है, लेकिन औसत बिक्री में 8% की गिरावट आई है। इसकी मुख्य वजह 5 से 10 करोड़ रुपये के लग्जरी घरों की मांग में कमी है।

बेंगलुरु में 21% बढ़े बिना बिके मकान

बेंगलुरु में बिना बिके मकानों की संख्या सालाना आधार पर सबसे ज्यादा 21% बढ़ी है। बिक्री में लगने वाला समय 4.6 तिमाही से बढ़कर 5.5 तिमाही यानी 1.37 साल हो गया है। हालांकि, औसत बिक्री स्थिर रही है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

पुणे में भी बढ़ी बिल्डर्स की परेशानी

पुणे में बिना बिके मकानों की संख्या 16% बढ़ी है, जबकि औसत बिक्री 1% घटी है। मकानों की बिक्री में लगने वाला समय चार तिमाही से बढ़कर 4.7 तिमाही यानी 1.17 साल हो गया है।

हैदराबाद में सप्लाई के मुकाबले कम बिक्री

हैदराबाद में बिना बिके मकानों की संख्या 7% बढ़ी है, जबकि औसत बिक्री सिर्फ 3% बढ़ी है। बिक्री में लगने वाला समय 5.8 से बढ़कर 6.1 तिमाही हो गया है।

मुंबई में सुधरी स्थिति

मुंबई में बिक्री का समय 6.6 से घटकर 6.4 तिमाही यानी 1.6 साल रह गया है। बिना बिके मकानों की संख्या 2% घटी है, जबकि औसत बिक्री 2% बढ़ी है।

चेन्नई में तेजी से बिक रहे मकान

चेन्नई में मकानों की बिक्री में लगने वाला समय 4.5 तिमाही से घटकर 4.4 तिमाही रह गया है।

कोलकाता में सबसे कम इंतजार

कोलकाता में बिना बिके मकानों की बिक्री में सबसे कम 4.3 तिमाही यानी करीब 1.07 साल लगने का अनुमान है।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

नाइट फ्रैंक इंडिया के सीनियर एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर गुलाम जिया के मुताबिक, दिल्ली-NCR और अहमदाबाद को छोड़कर बाकी छह शहरों में बिक्री का समय 4.3 से 6.4 तिमाही के बीच है। इससे पता चलता है कि भारतीय हाउसिंग मार्केट की बुनियाद अब भी मजबूत है। ये आंकड़े मौजूदा औसत बिक्री की रफ्तार पर आधारित हैं, न कि किसी एक मकान की बिक्री में लगने वाले निश्चित समय पर।

Read more!
Advertisement