दिल्ली के इस बाजार में दुकान का किराया ₹18.75 लाख महीना! दुनिया के सबसे महंगे बाजारों में मिली जगह

दिल्ली का खान मार्केट एक बार फिर दुनिया के सबसे महंगे शॉपिंग बाजारों की लिस्ट में शामिल हो गया है। यहां दुकानों का किराया एक साल में 14% बढ़ चुका है। एक हजार वर्ग फुट की दुकान का अनुमानित मासिक किराया करीब ₹18.75 लाख बैठता है। जानिए दुनिया में खान मार्केट की रैंकिंग क्या है और सबसे महंगा बाजार कौन सा है।

Advertisement
दिल्ली का खान मार्केट दुनिया के सबसे महंगे बाजारों में शामिल, एक साल में दुकानों का किराया 14% बढ़ा। (फोटो: AI Generated Image)
दिल्ली का खान मार्केट दुनिया के सबसे महंगे बाजारों में शामिल, एक साल में दुकानों का किराया 14% बढ़ा। (फोटो: AI Generated Image)

In Short

  • दुनिया के सबसे महंगे रिटेल बाजारों में दिल्ली का खान मार्केट 24वें स्थान पर बरकरार
  • खान मार्केट में दुकानों का किराया 14% बढ़कर ₹1,875 प्रति वर्ग फुट प्रति महीना हुआ
  • न्यूयॉर्क की अपर फिफ्थ एवेन्यू दुनिया का सबसे महंगा रिटेल बाजार बना

By Shakshi:

दिल्ली का मशहूर खान मार्केट एक बार फिर दुनिया के सबसे महंगे शॉपिंग बाजारों की सूची में शामिल हुआ है। रियल एस्टेट कंसल्टेंसी फर्म Cushman & Wakefield की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, खान मार्केट दुनिया की सबसे महंगी रिटेल लोकेशन की रैंकिंग में 24वें स्थान पर बना हुआ है। यहां दुकानों का किराया पिछले एक साल में 14% बढ़ गया है।

खान मार्केट में कितना है दुकानों का किराया?

Cushman & Wakefield की Main Streets Across the World 2026 रिपोर्ट के मुताबिक, खान मार्केट में दुकानों का किराया बढ़कर करीब 1,875 रुपये प्रति वर्ग फुट प्रति महीने पहुंच गया है।

डॉलर में यह किराया सालाना 238 डॉलर प्रति वर्ग फुट है।

इस हिसाब से खान मार्केट में 1,000 वर्ग फुट की दुकान का किराया करीब 18.75 लाख रुपये प्रति महीने बैठता है। हालांकि, यह औसत दर के आधार पर अनुमान है। वास्तविक किराया दुकान की लोकेशन और अन्य शर्तों के मुताबिक अलग हो सकता है।

दुनिया में भारत का इकलौता बाजार

खास बात यह है कि खान मार्केट इस ग्लोबल रैंकिंग में शामिल भारत का इकलौता बाजार है। यह भारत की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली रिटेल स्ट्रीट भी है।

वहीं, एशिया-पैसिफिक क्षेत्र के शीर्ष 30 महंगे रिटेल बाजारों में खान मार्केट के अलावा गुरुग्राम का गैलेरिया मार्केट और दिल्ली का कनॉट प्लेस भी शामिल हैं।

दुनिया में सबसे महंगा बाजार कौन सा?

रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूयॉर्क की अपर फिफ्थ एवेन्यू दुनिया की सबसे महंगी रिटेल स्ट्रीट बन गई है। यहां दुकानों का सालाना किराया 35% बढ़कर 2,700 डॉलर प्रति वर्ग फुट पहुंच गया है। यह बाजार 2025 में तीसरे स्थान पर था।

दूसरे स्थान पर लंदन की न्यू बॉन्ड स्ट्रीट है, जहां सालाना किराया 2,230 डॉलर प्रति वर्ग फुट है। तीसरे नंबर पर इटली के मिलान की वाया मोंटेनापोलियोने है, जहां किराया 2,160 डॉलर प्रति वर्ग फुट सालाना है।

दुनियाभर में कितना बढ़ा किराया?

रिपोर्ट में दुनिया की 147 प्रमुख रिटेल लोकेशन का अध्ययन किया गया है। इन बाजारों में किराया औसतन 3% बढ़ा है, जबकि 2025 में यह बढ़ोतरी 4.3% थी।

रिपोर्ट के अनुसार, आर्थिक अनिश्चितता के बावजूद बड़े ब्रांड्स की प्रमुख शॉपिंग लोकेशन में दुकानें लेने की मांग मजबूत बनी हुई है।

Read more!
Advertisement