सस्ते फोन और टीवी की बिक्री में गिरावट, प्रीमियम सेगमेंट ने पकड़ी रफ्तार
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सस्ते स्मार्टफोन और छोटे टीवी की मांग में बड़ी गिरावट आई है। 12,000 रुपये से कम वाले फोन की बिक्री 54% घटी, जबकि मिड-रेंज और प्रीमियम फोन की बिक्री बढ़ी है। पढ़ें पूरी खबर।

In Short
- मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी से मई के दौरान 12,000 रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन की बिक्री में 54% की भारी गिरावट दर्ज की गई।
- 12,000 से 30,000 रुपये की कीमत वाले मिड-रेंज स्मार्टफोन की बिक्री में 17% की बढ़ोतरी हुई है।
देश के इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में ग्राहकों की पसंद तेजी से बदलती दिख रही है। 10 साल से ज्यादा समय में पहली बार बजट सेगमेंट के स्मार्टफोन और टीवी की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है। इसके विपरीत, मिड-रेंज और प्रीमियम डिवाइस की मांग पिछले साल के मुकाबले बढ़ रही है।
12 हजार रुपये से कम वाले फोन की बिक्री 54% घटी
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल जनवरी से मई के बीच 12,000 रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन की बिक्री में 54% की भारी गिरावट आई है। इस गिरावट के बाद कुल स्मार्टफोन बाजार में बजट फोन की हिस्सेदारी घटकर केवल 14% रह गई है। यह पिछले स्तर के मुकाबले लगभग आधी है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: Zepto जल्द ला सकता है प्रीमियम ग्रॉसरी सर्विस ‘Select’, Blinkit Gourmet और FirstClub को देगा टक्कर
दूसरी ओर, 12,000 रुपये से 30,000 रुपये के बीच आने वाले मिड-रेंज स्मार्टफोन की बिक्री में 17% की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, 30,000 रुपये से ज्यादा कीमत वाले प्रीमियम स्मार्टफोन की बिक्री 6% बढ़ी है।
महंगे फोन की कीमतों पर कम असर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, महंगे स्मार्टफोन बनाने की कुल लागत में मेमोरी चिप की हिस्सेदारी कम होती है। इसी वजह से मेमोरी चिप की कीमतों में बदलाव का असर प्रीमियम फोन की कीमतों पर बहुत ज्यादा नहीं पड़ा। इससे ग्राहक मिड-रेंज और प्रीमियम फोन की तरफ ज्यादा रुख कर रहे हैं।
32 इंच वाले टीवी की मांग भी कमजोर
सिर्फ स्मार्टफोन ही नहीं, छोटे आकार वाले टीवी की बिक्री में भी गिरावट आई है। जनवरी से जून के दौरान 32 इंच वाले टीवी की बिक्री 35% से ज्यादा कम हुई है।
कुल टीवी बाजार में 32 इंच मॉडल की हिस्सेदारी पिछले साल 45% थी, जो अब घटकर 38% रह गई है। वहीं, 43 इंच और उससे बड़े टीवी की मांग में 8% से 15% तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
3,500 रुपये तक महंगे हुए छोटे टीवी
32 इंच वाले टीवी की औसत कीमत में भी बढ़ोतरी हुई है। ये टीवी अब करीब 3,000 से 3,500 रुपये तक महंगे हो गए हैं। बिक्री के आंकड़े बता रहे हैं कि ग्राहक छोटे और सस्ते मॉडल के बजाय बड़े स्क्रीन वाले टीवी और ज्यादा फीचर्स वाले स्मार्टफोन खरीदना पसंद कर रहे हैं।