बिटकॉइन में मचा हाहाकार! एक महीने में 23% टूटी कीमत, निवेशकों का क्यों हुआ मोहभंग?
बिटकॉइन की कीमत नवंबर में करीब 23 फीसदी गिर चुकी है। इस बीच अमेरिका में लिस्टेड बिटकॉइन ETF से निवेशक रिकॉर्ड पैसा निकाल रहे हैं। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी पर बिकवाली का दबाव लगातार बढ़ रहा है।

बिटकॉइन (Bitcoin) की कीमतों में लगातार गिरावट के बीच अब निवेशक भी तेजी से अपना पैसा निकाल रहे हैं। अमेरिका में लिस्टेड बिटकॉइन एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (ETF) से नवंबर में रिकॉर्ड निकासी देखने को मिल रही है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, 24 नवंबर तक इन फंड्स से निवेशक 4.94 अरब डॉलर निकाल चुके हैं। जनवरी 2024 में इन फंड्स की शुरुआत के बाद से यह निकासी के लिहाज से सबसे खराब महीना साबित हो सकता है। दुनिया के सबसे बड़े बिटकॉइन फंड ब्लैकरॉक के iShares Bitcoin Trust से ही इस महीने 4 अरब डॉलर से ज्यादा की निकासी हुई है।
एक महीने में 23 फीसदी टूटा बिटकॉइन
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन की कीमत 60,000 डॉलर से नीचे आ गई है। नवंबर में इसकी कीमत करीब 23 फीसदी गिर चुकी है। लंदन में बुधवार सुबह बिटकॉइन करीब 1.4 फीसदी की गिरावट के साथ 59,000 डॉलर के आसपास कारोबार कर रहा था। जून 2022 के बाद बिटकॉइन के लिए यह सबसे खराब महीना साबित हो सकता है।
जनवरी 2024 में अमेरिका में बिटकॉइन ETF की शुरुआत के बाद संस्थागत और रिटेल निवेशकों के लिए इसमें निवेश करना आसान हो गया था। इन फंड्स ने बिटकॉइन की कीमतों में तेजी लाने में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, अब इन्हीं फंड्स से रिकॉर्ड निकासी गिरावट को और बढ़ा रही है।
बिटकॉइन में क्यों बढ़ रहा बिकवाली का दबाव?
क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े बड़े हैकिंग मामलों, ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका और अमेरिका में सख्त रेगुलेटरी निगरानी के चलते बिटकॉइन पर दबाव बढ़ रहा है।
डेटा एनालिटिक्स फर्म ग्लासनोड के मुताबिक, अच्छी खबरों के बावजूद बाजार में तेजी नहीं टिकना इस बात का संकेत है कि निवेशक हर उछाल का इस्तेमाल बिकवाली के लिए कर रहे हैं। बिटकॉइन में चौबीसों घंटे कारोबार होता है। ऐसे में जोखिम कम करने के लिए निवेशक सबसे पहले इसकी बिकवाली करते हैं।
ग्लासनोड के मुताबिक, बिटकॉइन ETF में दोबारा निवेश आने और कॉइनबेस पर खरीदारी बढ़ने से हालात में सुधार के शुरुआती संकेत मिल सकते हैं।
शेयर बाजार की ओर बढ़ रहा निवेशकों का रुझान
मोनार्क एसेट मैनेजमेंट की चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर आयशा कियानी ने ब्लूमबर्ग टेलीविजन से कहा कि बिटकॉइन को अब निवेशकों का पैसा आकर्षित करने के लिए शेयर बाजार से भी मुकाबला करना पड़ रहा है।
उनके मुताबिक, क्रिप्टो इंडस्ट्री को निवेशकों की दिलचस्पी वापस लाने के लिए किसी नए ट्रिगर की जरूरत है। फिलहाल बाजार में नियमित कमाई देने वाले बेहतर निवेश विकल्प मौजूद हैं।