बेंगलुरु एयरपोर्ट को DGCA से मिली मंजूरी, फ्लाइट की देरी और लंबे इंतजार से मिल सकती है राहत

बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमानों के संचालन को लेकर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। डीजीसीए की मंजूरी के बाद एयरपोर्ट पर नई व्यवस्था लागू होगी। इससे एयरलाइंस के साथ लाखों हवाई यात्रियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। जानिए क्या है नई व्यवस्था और इसकी खासियत।

Advertisement

In Short

  • बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 27 नवंबर से शुरू होगी नई रनवे व्यवस्था।
  • एयरपोर्ट की विमान संचालन क्षमता में करीब 42 फीसदी की बढ़ोतरी की उम्मीद।
  • व्यस्त समय में फ्लाइट की देरी और यात्रियों का इंतजार हो सकता है कम।

By Urvashi Raghav:

बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। एयरपोर्ट पर 27 नवंबर से दोनों रनवे का एक साथ इस्तेमाल करने की नई व्यवस्था शुरू होने जा रही है। इससे एयरपोर्ट की विमान संचालन क्षमता बढ़ने के साथ व्यस्त समय में फ्लाइट की देरी कम होने की उम्मीद है। डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के बाद बेंगलुरु देश का दूसरा एयरपोर्ट होगा, जहां इस तरह की व्यवस्था लागू होगी।

42 फीसदी बढ़ जाएगी एयरपोर्ट की क्षमता

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने 3 नवंबर को इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। नई व्यवस्था के तहत एयरपोर्ट के दोनों समानांतर रनवे का जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे एक ही समय में दोनों रनवे से विमान उड़ान भर सकेंगे। फिलहाल एयरपोर्ट पर हर घंटे करीब 60 विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ की क्षमता है, जो नई व्यवस्था के बाद बढ़कर करीब 85 हो सकती है। यानी एयरपोर्ट की विमान संचालन क्षमता में लगभग 42 फीसदी का इजाफा होगा।

कैसे काम करेगी नई व्यवस्था?

अब तक बेंगलुरु एयरपोर्ट पर मुख्य रूप से एक रनवे का इस्तेमाल विमानों की लैंडिंग और दूसरे का टेकऑफ के लिए किया जाता था। इसके चलते ज्यादा हवाई ट्रैफिक होने पर एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स के पास सीमित विकल्प होते थे।

नई व्यवस्था में मौसम, एयर ट्रैफिक कंट्रोल की मंजूरी और सुरक्षा मानकों के आधार पर दोनों रनवे का इस्तेमाल किया जा सकेगा। शुरुआती चरण में दोनों रनवे से एक साथ विमानों को उड़ान भरने की सुविधा पर जोर रहेगा। एयरपोर्ट ने 20 नवंबर को उत्तरी और दक्षिणी रनवे से एक साथ विमानों को उड़ाकर इसका ट्रायल भी किया था।

प्रतीकात्मक तस्वीर

यात्रियों को कैसे होगा फायदा?

एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ने से एयरलाइंस को फ्लाइट शेड्यूल बेहतर तरीके से मैनेज करने में मदद मिल सकती है। टेकऑफ के लिए इंतजार कर रहे विमानों की कतार छोटी हो सकती है। खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में यात्रियों को कम इंतजार करना पड़ सकता है।

इसके अलावा विमानों को जमीन पर इंतजार करने या लैंडिंग से पहले हवा में चक्कर लगाने में कम समय लग सकता है। इससे ईंधन की खपत और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आने की उम्मीद है। हालांकि, खराब मौसम और हवाई क्षेत्र में भीड़ के चलते होने वाली देरी पूरी तरह खत्म नहीं होगी।

एयरपोर्ट पर बढ़ाई जा रही हैं सुविधाएं

बेंगलुरु एयरपोर्ट पर अतिरिक्त टैक्सीवे, विमानों के लिए पार्किंग की जगह और टर्मिनल-2 के विस्तार की भी योजना है। बेहतर टैक्सीवे कनेक्टिविटी से विमानों को रनवे और पार्किंग के बीच आवाजाही में आसानी होगी। बिजनेस ट्रैवल और टेक्नोलॉजी सेक्टर के चलते घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्राओं के केंद्र के रूप में बेंगलुरु की बढ़ती अहमियत को देखते हुए ये बदलाव महत्वपूर्ण हैं।

Read more!
Advertisement