AirAsia पर आर्थिक संकट! पाँच महीने देरी से मिलेगी कर्मचारियों को सैलरी

दक्षिण-पूर्व एशिया की सबसे बड़ी बजट एयरलाइन एयरएशिया की आर्थिक मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। बढ़ते खर्च और भारी नुकसान के बीच कंपनी ने कर्मचारियों की सैलरी को लेकर बड़ा फैसला किया है। वहीं, फिलीपींस में छंटनी भी शुरू हो गई है। जानें आखिर कंपनी के सामने क्या चुनौतियां हैं।

Advertisement

In Short

  • एयरएशिया नवंबर से मार्च तक महीने के आखिर में देगी सैलरी।
  • लगातार तीसरी तिमाही में घाटा, इस साल 70 फीसदी से ज्यादा टूटे शेयर।
  • फिलीपींस में 90 पायलटों की छंटनी के बाद यूनियन ने दिया हड़ताल का नोटिस।

By Urvashi Raghav:

दक्षिण-पूर्व एशिया की सबसे बड़ी बजट एयरलाइन एयरएशिया की आर्थिक मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। महंगे एविएशन फ्यूल और विदेशी मुद्रा से जुड़े नुकसान के चलते कंपनी पर खर्च का दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में कंपनी ने नकदी बचाने के लिए कर्मचारियों की सैलरी देने की तारीख में बदलाव करने का फैसला किया है। वहीं, फिलीपींस में कंपनी कर्मचारियों की छंटनी भी कर रही है।

पांच महीने तक देरी से मिलेगी सैलरी

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एयरएशिया नवंबर से मार्च तक कर्मचारियों की सैलरी महीने के आखिर में देगी। मलेशिया में कंपनी के कर्मचारियों को पहले महीने के दूसरे पखवाड़े में सैलरी मिल जाती थी, लेकिन अब अगले पांच महीनों तक हर महीने की 30 तारीख को सैलरी दी जाएगी। वहीं, फरवरी में महीने के आखिरी दिन सैलरी का भुगतान होगा।

कंपनी के चीफ पीपल ऑफिसर मोहम्मद खुर्रम जिया ने पिछले सप्ताह कर्मचारियों को ईमेल भेजकर इस बदलाव की जानकारी दी थी।

कर्मचारियों से धैर्य रखने की अपील

जिया ने ईमेल में कहा कि मुश्किल कारोबारी माहौल और जेट फ्यूल की बढ़ती कीमतों के चलते यह अस्थायी बदलाव किया जा रहा है। उन्होंने कर्मचारियों से धैर्य रखने और कंपनी का सहयोग करने की अपील भी की है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

क्या सैलरी में भी होगी कटौती?

एयरएशिया ग्रुप के सीईओ बो लिंगम ने इस रिपोर्ट की पुष्टि करते हुए साफ किया है कि सैलरी देने की तारीख में बदलाव से कर्मचारियों की कुल सैलरी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। सभी कर्मचारियों को उनकी पूरी सैलरी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि कंपनी इस बदलाव के दौरान कर्मचारियों को सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। अगर आगे कोई और बदलाव होता है तो इसकी जानकारी सीधे कर्मचारियों को दी जाएगी।

इस साल 70 फीसदी से ज्यादा टूटे शेयर

एयरएशिया में एशिया भर में करीब 26,000 कर्मचारी काम करते हैं। बढ़ती ईंधन लागत और विदेशी मुद्रा से जुड़े नुकसान ने कंपनी की आर्थिक स्थिति पर असर डाला है। 23 नवंबर को कंपनी ने लगातार तीसरी तिमाही में घाटा दर्ज किया था। वहीं, इस साल अब तक कंपनी के शेयरों में 70 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है।

फिलीपींस में 90 पायलटों की छंटनी

बढ़ते खर्च के दबाव के बीच एयरएशिया की फिलीपींस यूनिट भी अपने कर्मचारियों की संख्या कम कर रही है। कंपनी ने 26 नवंबर को 90 पायलटों की छंटनी की थी। इसके विरोध में एयरएशिया फिलीपींस पायलट्स यूनियन ने हड़ताल का नोटिस दाखिल किया है।

Read more!
Advertisement